Rise and Fall Season 2 पर आपस में भिड़े Shehzad Poonawalla और Swara Bhasker, क्या थी वजह, एक दूसरे को क्या-क्या कहा?
रियलिटी शो 'राइज एंड फॉल सीजन 2' की शुरुआत ही तीखी बहस से हुई. पहले एपिसोड में स्वरा भास्कर और शहजाद पूनावाला आमने-सामने नजर आए. दोनों के बीच सोशल मीडिया पोस्ट से शुरू हुई बात राजनीतिक करियर और निजी जिंदगी तक पहुंच गई. स्वरा ने शहजाद पर तंज कसा, तो उन्होंने भी पलटवार करते हुए कई तीखे जवाब दिए.
रियलिटी शो 'राइज एंड फॉल सीजन 2' के पहले एपिसोड में ही अभिनेत्री स्वरा भास्कर और बीजेपी के पूर्व राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली.
दोनों के बीच बहस की शुरुआत शहजाद के सोशल मीडिया पोस्ट और स्वरा को लेकर उनके रुख से हुई. बातचीत आगे बढ़ी तो दोनों ने एक-दूसरे के राजनीतिक करियर और निजी जिंदगी से जुड़े मुद्दों पर भी तीखे बयान दिए.
स्वरा ने कहा- 'इग्नोर' का मतलब पता है?
शो के वीडियो में स्वरा भास्कर शहजाद से कहती नजर आती हैं, ''सर, पता है क्या है इग्नोर का मतलब? भाव न देना, जो मैं कर रही हूं.'' इसके बाद वह शहजाद पर निशाना साधते हुए कहती हैं कि शो के अनाउंस होने के बाद से वह लगातार उनके बारे में पोस्ट कर रहे हैं.
स्वरा कहती हैं कि शहजाद ने करीब 36 ट्वीट, 3-4 वीडियो और हजारों मैसेज किए हैं. वह आगे कहती हैं कि वह अपने लिए वोट नहीं मांग रही हैं, बल्कि शहजाद की टीम उनसे कहां पहुंचाने के लिए वोट मांग रही है, यानी उन्हें बेसमेंट में भेजने के लिए.
शहजाद ने स्वरा को जवाब में क्या कहा?
स्वरा की बात का जवाब देते हुए शहजाद पूनावाला कहते हैं कि जो भी देश के खिलाफ बोलेगा, वह उसके खिलाफ हमेशा बोलेंगे, चाहे वह उनके खिलाफ हो या न हो.
इस पर स्वरा पलटवार करती हैं और कहती हैं, ''चुनाव नहीं है ये, गेम है.'' वह आगे कहती हैं कि उनका डूबता हुआ राजनीतिक करियर यहां से उज्ज्वल नहीं होगा.
शहजाद इसके जवाब में कहते हैं, ''मेरे करियर की चिंता मत कीजिए, आप अपने हसबैंड को जिता दीजिए.''
पति की राजनीति पर स्वरा ने कैसे दिया जवाब?
इसके बाद स्वरा अपने पति फहद अहमद का जिक्र करते हुए शहजाद पर पलटवार करती हैं. वह कहती हैं, ''मेरे पति को 32 साल की उम्र में टिकट तो मिल गई थी, तुम तो दर-दर भटकते रहते हो ना लोगों से टिकट की उम्मीद करते हुए.''
स्वरा आगे कहती हैं कि शहजाद अब इस शो में भी अपनी ''उधर की चीजें चमकाने'' की कोशिश कर रहे हैं. इस पर शहजाद जवाब देते हैं कि उनकी चिंता करने की जरूरत नहीं है. वह कहते हैं कि अगर उन्हें चुनाव जीतना और लड़ना होता तो वह पार्टी में रहते. उनके मुताबिक, पार्टी छोड़कर अपने बलबूते पर खड़े होने का दम उनमें है.
'मैं इनके बारे में बहुत कुछ जानती हूं'
बहस यहीं खत्म नहीं होती. स्वरा कहती हैं कि वह शहजाद के बारे में बहुत कुछ जानती हैं, लेकिन यहां उन बातों का जिक्र करने से बातचीत का स्तर गिर जाएगा और वह ऐसा नहीं करना चाहतीं. वह कहती हैं, ''जो स्तर के ये आदी हैं, मैं नहीं गिराना चाहती हूं. प्लीज.'' इस पर शहजाद जवाब देते हैं, ''फुल परमिशन बोलिए.''
इस तरह 'राइज एंड फॉल S2' के पहले ही एपिसोड में स्वरा भास्कर और शहजाद पूनावाला की अनबन शो के सबसे चर्चित हिस्सों में नजर आई. दोनों के बीच हुई यह तीखी बहस राजनीति से लेकर निजी जिंदगी तक पहुंच गई, जिससे शो की शुरुआत में ही दोनों के बीच टकराव साफ दिखाई दिया.




