मोदी को भगवान मानती है 15 महीने की नातिन, Suniel Shetty के इस बयान पर भड़का इंटरनेट; यूजर्स बोले- 'चापलूसी की हद है'
एक पॉडकास्ट में सुनील शेट्टी ने अपनी 15 महीने की पोती से जुड़ा एक किस्सा साझा किया, जिसमें उसने पीएम नरेंद्र मोदी की तस्वीर पर प्रसाद चढ़ाने की बात कही. वीडियो वायरल होते ही सोशल मीडिया पर लोगों ने इसे लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दी.
बॉलीवुड के 'अन्ना' यानी सुनील शेट्टी (Suniel Shetty) हमेशा अपनी सादगी, फिटनेस और साफ-सुथरी छवि के लिए जाने जाते हैं. लेकिन हाल ही में एक पॉडकास्ट इंटरव्यू के दौरान उन्होंने कुछ ऐसा शेयर किया, जिसने सोशल मीडिया पर एक नई बहस को जन्म दे दिया है. बात सिर्फ एक मासूम बच्ची की आदत की थी, लेकिन इंटरनेट की दुनिया में इसे राजनीतिक और बॉलीवुड के 'गिरते स्तर' से जोड़कर देखा जाने लगा है. जिसके बाद सुनील जमकर ट्रोल हो रहे हैं. कई यूजर्स ने इस बयान को 'चापलूसी' करार दे दिया. सोशल मीडिया पर लोग लिखने लगे कि 'यह बयान दिखाता है कि बॉलीवुड का स्तर कितना गिर चुका है. अब फिल्मों से ज्यादा ध्यान इस बात पर दिया जाता है कि सत्ता में बैठे लोगों को कैसे खुश रखा जाए.'
पॉडकास्ट में सुनील शेट्टी ने क्या कहा?
हाल ही में सुनील शेट्टी एक मशहूर डिजिटल टॉक शो के पॉडकास्ट में मेहमान बनकर पहुंचे थे. अपनी निजी जिंदगी, करियर और परिवार के बारे में बात करते हुए एक्टर काफी इमोशनल और खुश नजर आ रहे थे. इसी बातचीत के दौरान उन्होंने अपनी 15 महीने की नातिन का जिक्र किया. सुनील शेट्टी ने बड़े ही स्वाभाविक अंदाज में बताया, 'मेरी 15 महीने की नातिन के पास एक ऐसी किताब है, जिसमें साईं बाबा की तस्वीर के ठीक बगल में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर छपी है. वह मासूम इतनी छोटी है कि वह नरेंद्र मोदी को भी एक भगवान का रूप मानती है. वह जब भी गणेश जी के मंदिर से लाए गए लड्डू देखती है, तो उन्हें बड़े चाव से मोदी जी की तस्वीर पर चढ़ा देती है और उनकी पूजा करने लगती है.' एक्टर का मकसद शायद यह दिखाना था कि बच्चे कितने मासूम होते हैं और वे तस्वीरों को देखकर कैसे अपनी एक अलग दुनिया बना लेते हैं. लेकिन जैसे ही यह क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हुई, लोगों ने इसका एक अलग ही अर्थ निकाल लिया.
भड़के यूजर्स किया जमकर ट्रोल
सुनील की यह बयान सोशल मीडिया यूजर्स को ज़रा भी हजम नहीं हुआ. उनका मानना है एक 15 महीने की बच्ची के दिमाग में यह फीड किया जा रहा है कि मोदी उसके लिए भगवान है. एक यूजर ने कहा, 'पता नहीं क्यों, यह सब बहुत बनावटी लगता है. बहुत ज़्यादा हाथ-पैर हिलाना और नाटक करना. वह हमेशा से ही एक खराब एक्टर रहा है. लेकिन ED/IT के दरवाज़े पर दस्तक देने से बचने के लिए आजकल चापलूसी का यही स्तर ज़रूरी हो गया है.' एक ने कहा, 'सुनील शेट्टी ने कहा- मेरी 15 महीने की नातिन मोदी जी को बहुत पसंद करती है, उनमें कुछ खास बात है.' कई लोगों ने सुनील शेट्टी को चापलूस कहा. एक यूजर ने तो यह तक किया दिया क्या आगे जाकर आप अपनी नाती की शादी मोदी जी जैसे आदमी से कराएंगे?.' अन्य यूजर्स का कहना है कि सुनील की बेरोजगारी चरम पर है.
अथिया-राहुल की बेटी
बॉलीवुड एक्ट्रेस अथिया शेट्टी और क्रिकेटर केएल राहुल ने जनवरी 2023 में शादी की थी. इसके बाद, साल 2024 के आखिरी महीनों में उनके घर इस नन्हीं परी का जन्म हुआ. सुनील शेट्टी और उनका पूरा परिवार इस बच्ची के आने से बेहद खुश है. क्रिकेटर केएल राहुल और अथिया शेट्टी अपनी पर्सनल लाइफ को काफी प्राइवेट रखना पसंद करते हैं. उन्होंने अभी तक अपनी बेटी का चेहरा सोशल मीडिया या मीडिया के सामने पूरी तरह से रिवील नहीं किया है, ताकि वह लाइमलाइट और कैमरों की चकाचौंध से दूर एक सामान्य बचपन जी सके.




