Begin typing your search...

शाहरुख-आर्यन खान, अहान-अनन्या की जोड़ी से लेकर बॉलीवुड के कई कपल्स तक, 'कॉफी विद करण' में कौन-कौन आ सकता है नजर

करण जौहर के चर्चित शो ‘कॉफी विद करण 9’ की वापसी से पहले ही चर्चाएं तेज हो गई हैं.सोशल मीडिया पर वायरल कथित गेस्ट लिस्ट में शाहरुख खान और उनके बेटे आर्यन खान का नाम सबसे ज्यादा ध्यान खींच रहा है.अगर दोनों शो के काउच पर साथ नजर आते हैं, तो यह एपिसोड फैंस के लिए बेहद खास हो सकता है.

शाहरुख-आर्यन खान, अहान-अनन्या की जोड़ी से लेकर बॉलीवुड के कई कपल्स तक, कॉफी विद करण में कौन-कौन आ सकता है नजर
X
( Image Source:  Instagram: Sundar & Co )

करण जौहर का लोकप्रिय चैट शो ‘कॉफी विद करण’ एक बार फिर चर्चा में है. शो का नया सीजन अभी ऑनएयर भी नहीं हुआ है, लेकिन इसे लेकर सोशल मीडिया पर हलचल तेज हो गई है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘कॉफी विद करण’ का सीजन 9 दिवाली के आसपास शुरू हो सकता है. इसी बीच सोशल मीडिया पर शो की कथित गेस्ट लिस्ट वायरल हो गई है, जिसमें बॉलीवुड के कई बड़े सितारों के नाम शामिल बताए जा रहे हैं. Sundar & Co.के पोस्ट के अनुसार ये सेलेब्स गेस्ट लिस्ट में शामिल हो सकते हैं.

शाहरुख खान और आर्यन खान की जोड़ी पर टिकी नजरें

वायरल पोस्ट में सबसे ज्यादा ध्यान शाहरुख खान और उनके बेटे आर्यन खान के नाम ने खींचा है. अगर दोनों शो के काउच पर साथ नजर आते हैं तो यह एपिसोड फैंस के लिए खास हो सकता है. आर्यन खान लंबे समय से फिल्म इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बनाने की दिशा में काम कर रहे हैं. ऐसे में करण जौहर के सवालों के बीच पिता-पुत्र की बातचीत देखने में दर्शकों की खास दिलचस्पी हो सकती है.

स्टार कपल्स भी बन सकते हैं शो का हिस्सा

कथित गेस्ट लिस्ट में रणबीर कपूर और आलिया भट्ट का नाम भी बताया गया है. दोनों की जोड़ी पहले भी करण जौहर के शो पर चर्चा में रह चुकी है.

इसके अलावा विक्की कौशल और कैटरीना कैफ का नाम भी सामने आया है. अगर यह जोड़ी शो में आती है तो दर्शकों को उनकी पर्सनल और प्रोफेशनल लाइफ से जुड़े कई सवालों के जवाब सुनने को मिल सकते हैं.

लिस्ट में सैफ अली खान और उनके बेटे इब्राहिम अली खान की जोड़ी भी शामिल बताई गई है.

वहीं अनन्या पांडे और अहान पांडे, सुहाना खान और शनाया कपूर जैसे युवा सितारों के नाम भी चर्चा में हैं.

साउथ स्टार्स का भी दिख सकता है जलवा

इस बार शो में बॉलीवुड के साथ साउथ इंडस्ट्री के सितारों की मौजूदगी भी देखने को मिल सकती है. वायरल लिस्ट में विजय देवरकोंडा और अल्लू अर्जुन का नाम बताया गया है.

इसके अलावा कृति सेनन और रश्मिका मंदाना की जोड़ी का नाम भी सामने आया है.

अगर ये नाम सही साबित होते हैं तो ‘कॉफी विद करण 9’ का दायरा पहले से ज्यादा बड़ा नजर आ सकता है.

अभी आधिकारिक घोषणा बाकी

‘कॉफी विद करण’ अपने बेबाक सवालों, सेलिब्रिटी गॉसिप और मजेदार बातचीत के लिए जाना जाता है. यही वजह है कि हर सीजन के गेस्ट को लेकर रिलीज से पहले ही काफी चर्चा शुरू हो जाती है. हालांकि, सोशल मीडिया पर वायरल हुई यह गेस्ट लिस्ट अभी आधिकारिक नहीं है.

करण जौहर या शो के मेकर्स की तरफ से इन सितारों की मौजूदगी को लेकर कोई अंतिम पुष्टि नहीं की गई है. इसलिए फैंस को आधिकारिक घोषणा का इंतजार करना होगा.

अगला लेख