पैरों पर घी लगाना, कमरे में ढाबे जैसे स्मैल... कपिल शर्मा के शो पर Saif Ali Khan और Kareena Kapoor ने क्या-क्या बताया?
नेटफ्लिक्स के शो ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ में इस बार सैफ अली खान और करीना कपूर अपनी मजेदार केमिस्ट्री से दर्शकों को हंसाते नजर आएंगे. प्रोमो में करीना ने बताया कि सैफ ने उन्हें तीन अलग-अलग जगहों पर प्रपोज किया था. वहीं, घी, खर्राटों और बच्चों को लेकर हुई बातचीत में दोनों ने कई मजेदार खुलासे किए.
नेटफ्लिक्स पर आने वाले द ग्रेट इंडियन कपिल शो में इस बार बॉलीवुड के नवाब सैफ अली खान अपनी बेगम करीना कपूर के साथ नजर आएंगे. शो के प्रोमो में दोनों की शानदार केमिस्ट्री देखने को मिल रही है. इस दौरान करीना ने बताया कि सैफ ने उन्हें मुंबई, ग्रीस और पेरिस में प्रपोज किया था. वहीं, सैफ ने मजाकिया अंदाज में कहा कि अगर करीना मुंबई में ही हां कर देतीं, तो उनके काफी पैसे बच जाते. इस बात पर सेट पर मौजूद सभी लोग हंसने लगते हैं.
प्रोमो में कपिल शर्मा करीना की तारीफ करते हुए कहते हैं कि वह बिना मेकअप के भी उतनी ही प्यारी लगती हैं. इस पर करीना तुरंत सैफ से कहती हैं कि कपिल ने उनकी तारीफ की, लेकिन सैफ ने कभी ऐसा नहीं कहा. करीना का यह अंदाज दर्शकों को खूब पसंद आ सकता है.
इसके बाद कपिल सैफ से उनकी पढ़ाई के बारे में पूछते हैं. सैफ मजाक में जवाब देते हैं कि अगर वह पढ़ाई में अच्छे होते, तो फिल्म इंडस्ट्री में क्यों आते. जब करीना की पढ़ाई का जिक्र होता है, तो वह चुप हो जाती हैं. शो में सैफ के खर्राटों का मुद्दा भी उठता है. कपिल पूछते हैं कि क्या सैफ खर्राटे लेते हैं, तो करीना हां में जवाब देती हैं. इस दौरान सैफ कहते हैं कि उन्हें यकीन नहीं होता कि यह वही करीना कपूर हैं. इसके बाद दोनों रोमांटिक डांस करते नजर आते हैं.
शो में खाने-पीने और अच्छी नींद को लेकर भी मजेदार बातचीत होती है. करीना बताती हैं कि उनके घर में घी का इस्तेमाल खूब होता है. वह कहती हैं कि घी खाने के साथ-साथ पैरों में लगाकर सोने से भी अच्छी नींद आती है.
कपिल शर्मा इस दौरान सैफ और करीना की शादी के 14 साल पूरे होने का जिक्र करते हुए कहते हैं कि आम आदमी की हालत इतने सालों में उम्रकैद जैसी हो जाती है, लेकिन ये दोनों अब भी फ्रेश नजर आते हैं. वह सैफ से पूछते हैं कि आखिर वे खाते क्या हैं. इस पर सैफ बताते हैं कि आजकल उनके घर में काफी घी आ रहा है. करीना मजाक में कहती हैं कि दो साल का घी मुफ्त में मिला है.
इसके बाद सैफ बताते हैं कि करीना अपने पैरों में घी लगाती हैं और कमरे से ढाबे जैसी गंध आने लगती है. उनकी इस बात पर भी खूब हंसी-मजाक होता है. प्रोमो में कपिल सैफ के बच्चों को लेकर भी चुटकी लेते हैं. वह कहते हैं कि हर दशक में उनके बच्चे हुए हैं. इस पर करीना मजाकिया अंदाज में कहती हैं कि सैफू के हर दशक में बच्चे हुए हैं.
तभी अर्चना पूरन सिंह कहती हैं कि जल्द ही एक और दशक खत्म होने वाला है. इस पर करीना तुरंत जवाब देती हैं, 'मेरे साथ नहीं.' करीना के इस जवाब के साथ ही प्रोमो खत्म हो जाता है. शो की झलक से साफ है कि सैफ और करीना अपनी निजी जिंदगी से जुड़े किस्सों, मजाक और रोमांटिक अंदाज से दर्शकों का मनोरंजन करने वाले हैं.




