Sai Pallavi को नहीं चाहिए परफेक्ट पार्टनर, बस हो ये 5 खूबियां, खाने से जुड़ी इस बात ने खींचा सबका ध्यान
‘रामायण’ की एक्ट्रेस साई पल्लवी को अपना जीवनसाथी ऐसा चाहिए, जो अच्छा इंसान हो, सिर्फ खुद के बारे में न सोचे और अपनी गलतियों को स्वीकार कर उन्हें सुधारे. इसके अलावा, पार्टनर को खाना बनाना भी आता हो, तो उनके लिए यह सोने पर सुहागा होगा.
एक अच्छा रिश्ता सिर्फ प्यार और खूबसूरत पलों से नहीं बनता, बल्कि इसमें एक-दूसरे को समझना, अपनी गलतियां मानना और जरूरत पड़ने पर जिम्मेदारियां बांटना भी जरूरी होता है. हाल ही में साई पल्लवी अमिताभ बच्चन के शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ में अपनी आने वाली फिल्म ‘रामायण पार्ट 1’ के प्रमोशन के लिए पहुंचीं.
बातचीत के दौरान जब अमिताभ बच्चन ने उनसे पूछा कि वह अपने पार्टनर में कैसी खूबियां चाहती हैं, तो साई ने दिल की बात बता दी. एक्ट्रेस के मुताबिक, उनका होने वाला जीवनसाथी सबसे पहले अच्छा इंसान होना चाहिए. साथ ही, अगर उसे खाना बनाना भी आता हो, तो यह उनके लिए और अच्छी बात होगी.
1. सबसे पहले अच्छा इंसान होना जरूरी
साई पल्लवी के लिए जीवनसाथी चुनते समय उसकी शक्ल-सूरत या दिखावे से ज्यादा उसका नेचर मायने रखता है. वह चाहती हैं कि उनका पार्टनर दिल का साफ हो और दूसरों के साथ अच्छे तरीके से पेश आए. ऐसा न हो कि उसे हर वक्त सिर्फ अपनी खुशियों और जरूरतों की चिंता रहे. रिश्ते में दोनों की बात सुनी जाए, एक-दूसरे की परेशानियों को समझा जाए और भावनाओं की कद्र की जाए.
2. हर समय सिर्फ खुद के बारे में न सोचे
साई पल्लवी चाहती हैं कि उनका होने वाला जीवनसाथी हर फैसले में सिर्फ अपनी मर्जी न चलाए. उनके लिए ऐसा रिश्ता मायने रखता है, जहां दोनों की बातों को बराबर अहमियत मिले. अगर पार्टनर अपनी इच्छाओं को ही जरूरी समझे और दूसरे की भावनाओं को नजरअंदाज करे, तो आपसी समझ कमजोर पड़ सकती है. इसलिए एक्ट्रेस ऐसे इंसान के साथ जिंदगी बिताना चाहती हैं, जो अपनी खुशी के साथ-साथ अपने साथी की जरूरतों और पसंद का भी ख्याल रखे.
3. अपनी गलतियों को पहचानने की समझ हो
एक्ट्रेस के हिसाब से उनका साथी ऐसा होना चाहिए, जो अपने कामों और फैसलों पर गौर कर सके. अगर उससे कोई चूक हो जाए, तो वह उसे नजरअंदाज करने के बजाय समझने की कोशिश करे. एक्ट्रेस मानती हैं कि इंसान का हर बार सही होना जरूरी नहीं, लेकिन अपनी भूल से सबक लेना जरूरी है. वह ऐसे शख्स को पसंद करती हैं, जो अपनी कमियों को छिपाने के बजाय उन्हें दूर करने की कोशिश करे और अपने बर्ताव में बदलाव लाने की हिम्मत रखता हो.
4.गलती होने पर दूसरों को दोष न दे
रामायण एक्ट्रेस के लिए ऐसा जीवनसाथी जरूरी है, जो अपनी गलती का ठीकरा दूसरों के सिर न फोड़े. अगर किसी बात से रिश्ते में परेशानी आती है, तो वह बहाने ढूंढने के बजाय अपनी रोल को समझे. एक्ट्रेस चाहती हैं कि उनका पार्टनर अपनी चूक मानने से पीछे न हटे और हालात सुधारने की कोशिश करे. उनके मुताबिक, रिश्ते को मजबूत बनाए रखने के लिए सिर्फ गलती पहचानना ही नहीं, बल्कि उसे सुधारने की पहल करना भी जरूरी है.
5. खाना बनाना भी आए तो बेहतर
साई पल्लवी ने अपने होने वाले जीवनसाथी की पसंद बताते हुए एक मजेदार बात भी कही. उन्होंने कहा कि अगर उनके पार्टनर को खाना पकाना आता हो, तो उन्हें खुशी होगी. एक्ट्रेस ने यह भी साफ किया कि उन्हें साथी चुनने के लिए बहुत सारी खूबियों की जरूरत नहीं है. उनकी नजर में छोटी-छोटी चीजें भी साथ को खास बना देती हैं. मसलन, दोनों मिलकर घर के काम करें और जरूरत पड़ने पर एक-दूसरे का हाथ बंटाएं, तो जिंदगी के रोजमर्रा के काम भी आसान हो जाते हैं.




