Begin typing your search...

कौन हैं Urmila Matondkar के एक्स पति Mohsin Akhtar Mir? निधा भट्ट से रचाई दूसरी शादी; देखें तस्वीरें

उर्मिला मातोंडकर से अलगाव की खबरों के बीच मोहसिन अख्तर मीर ने निधा भट्ट संग नई जिंदगी की शुरुआत की, सोशल मीडिया पर साझा की शादी की तस्वीरें.

कौन हैं Urmila Matondkar के एक्स पति Mohsin Akhtar Mir? निधा भट्ट से रचाई दूसरी शादी; देखें तस्वीरें
X
( Image Source:  Instagram: mohsinakh )
रूपाली राय
Edited By: रूपाली राय5 Mins Read

Updated on: 15 Jun 2026 10:20 AM IST

बॉलीवुड की 'रंगीला गर्ल' उर्मिला मातोंडकर (Urmila Matondkar) और उनके पति मोहसिन अख्तर मीर ((Mohsin Akhtar Mir)) का रिश्ता कभी बी-टाउन के सबसे खूबसूरत और चर्चा में रहने वाले कपल्स में से एक था. लेकिन वक्त के साथ रिश्तों के समीकरण बदले और अब इस कहानी में एक नया मोड़ आ गया है. उर्मिला मातोंडकर से अलग होने के बाद, कश्मीरी बिजनेसमैन और मॉडल मोहसिन अख्तर ने अपनी जिंदगी की एक नई शुरुआत कर ली है. मोहसिन ने सोशल मीडिया पर अपनी शादी की तस्वीरों को शेयर कर हर किसी को हैरान कर दिया है. उन्होंने निधा भट्ट नाम की महिला से निकाह कर लिया है और अपनी इस नई पारी के लिए ईश्वर का शुक्रिया अदा किया है.

'सब्र और शुक्र से भरा दिल'

रविवार को मोहसिन अख्तर ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर अपनी शादी की तस्वीरें पोस्ट की. इन तस्वीरों में मोहसिन और उनकी नई दुल्हन निधा भट्ट पारंपरिक लिबास में बेहद खूबसूरत नजर आ रहे थे. अपनी इस शादी की घोषणा करते हुए मोहसिन ने एक बेहद इमोशनल नोट भी लिखा, जिसने हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया. मोहसिन ने अपनी पोस्ट में लिखा, 'पक्के इरादे, सच्चा प्यार और सब्र और शुक्र से भरा दिल. अपनी आत्मा को पवित्र रखें, जीवन में आगे बढ़ते रहें और विश्वास रखें कि अल्लाह का नियम हमेशा बेहतर होता है. अपने सही समय पर, मेरी प्यारी पत्नी निधा, उन्होंने मुझे तुम्हारी सच्चाई से नवाजा और आशीर्वाद दिया. तुमने मेरे जीवन में रोशनी लाई इसलिए धन्यवाद, मेरी जान.'

पोस्ट में दिवंगत मां को किया याद

अपनी इस नई शुरुआत के मौके पर मोहसिन अपनी मां को याद करना नहीं भूले. उन्होंने आगे लिखा, 'और धन्यवाद, मौजी, दुनिया के दूसरे छोर से मेरा ख्याल रखने के लिए. मुझे पता है कि यह आपका आशीर्वाद और मेरे लिए आपका प्यार ही है जो इस तरह मुझ तक पहुंचा. आज मुझे पता है कि आपको और भी शांति मिलेगी. मैं आपकी बहुत याद करता हूं, और आपसे बहुत प्यार करता हूं. हमें अपनी प्रार्थनाओं में याद रखना.' मोहसिन के इस कैप्शन से साफ है कि वे अपनी जिंदगी के पिछले उतार-चढ़ाव से उबरकर अब एक शांत और खुशहाल भविष्य की ओर कदम बढ़ा चुके हैं.

उर्मिला मातोंडकर और मोहसिन के रिश्ते में कब आई दरार?

मोहसिन अख्तर की दूसरी शादी की खबर सामने आते ही फैंस के जेहन में उर्मिला मातोंडकर के साथ उनके रिश्ते को लेकर सवाल उठने लाजिमी हैं. आपको बता दें कि उर्मिला और मोहसिन के वैवाहिक जीवन में अनबन की खबरें साल 2024 की शुरुआत में आनी शुरू हुई थी. हालांकि, दोनों ने लंबे समय तक इस पर चुप्पी साधे रखी. मामला तब पूरी तरह साफ हुआ जब सितंबर 2024 में उर्मिला के करीबी एक सूत्र ने मीडिया को बताया कि एक्ट्रेस ने मुंबई की एक फैमिली कोर्ट में तलाक के लिए अर्जी दे दी है. हालांकि, दोनों की तरफ से अलग होने की आधिकारिक वजह कभी सामने नहीं आई, लेकिन यह साफ हो गया था कि लगभग एक दशक पुराना यह रिश्ता अब खत्म होने की कगार पर पहुंच चुका है.

दोनों में 10 साल का अंतर

उर्मिला मातोंडकर और मोहसिन अख्तर की शादी बॉलीवुड की सबसे चर्चित शादियों में से एक थी. दोनों ने 4 फरवरी, 2016 को एक बेहद निजी और सीक्रेट सेरेमनी में शादी की थी. उस समय इस शादी ने दो मुख्य वजहों से मीडिया में खूब सुर्खियां बटोरी थी. उर्मिला मातोंडकर अपने पति मोहसिन से उम्र में करीब 10 साल बड़ी थी. उर्मिला हिंदू थीं और मोहसिन कश्मीरी मुस्लिम परिवार से ताल्लुक रखते थे. दोनों ने आपसी सहमति से अमृतसर के प्रसिद्ध स्वर्ण मंदिर में माथा टेका और उसके बाद मुस्लिम रीति-रिवाज से निकाह किया था.

कौन हैं मोहसिन अख्तर मीर?

मोहसिन अख्तर मीर एक कश्मीरी बिजनेसमैन, मॉडल और एक्टर हैं. मोहसिन मूल रूप से कश्मीर ताल्लुक रखते हैं. उन्होंने ग्लैमर इंडस्ट्री में कदम रखने के लिए मुंबई का रुख किया था. उन्होंने मॉडलिंग में हाथ आजमाया और 'लैक्मे फैशन वीक' सहित कई बड़े फैशन शो में रैंप वॉक किया. एक एक्टर के तौर पर उन्होंने बॉलीवुड में भी किस्मत आजमाई. वे फरहान अख्तर की फिल्म 'लक बाय चांस' (2009) में एक छोटी भूमिका में नजर आए थे. इसके अलावा उन्होंने 'इट्स अ मैन्स वर्ल्ड' और 'मुंबई कटिंग' जैसी फिल्मों में भी काम किया है. बाद में वे पूरी तरह से अपने बिजनेस पर फोकस करने लगे.

bollywood
अगला लेख