Manoj Tiwari की बेटी रीति को कितना जानते हैं आप? Bigg Boss 20 में छलका दर्द, बोलीं- जान से मारने और रेप की मिलती हैं धमकियां
मनोज तिवारी की बेटी रीति तिवारी इन दिनों बिग बॉस 20 में अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में हैं. शो में उन्होंने पिता की पहचान से जुड़े दबाव और धमकियों का दर्द साझा किया. रीति ने बताया कि उन्हें जान से मारने और रेप की धमकियां तक मिली हैं. इसके अलावा उन्होंने अपने टूटे रिश्ते और माता-पिता के अलगाव पर भी खुलकर बात की.
भोजपुरी इंडस्ट्री के मशहूर एक्टर और पॉलीटिशन मनोज तिवारी की बेटी रीति तिवारी इन दिनों बिग बॉस 20 में नजर आ रही हैं. शो में उन्होंने अपनी जिंदगी से जुड़ी कई ऐसी बातें शेयर की हैं, जिनके बारे में पहले कम ही चर्चा हुई थी. रीति ने बताया कि पिता की पहचान के साथ उन्हें कई बार ऐसे दबाव और परेशानियों का सामना करना पड़ा, जिनका असर उनकी निजी जिंदगी पर भी पड़ा है.
मैरी कॉम से बातचीत के दौरान रीति ने कहा कि उन पर हमेशा डबल प्रशेर रहता है. उनका कहना है कि वह कुछ भी बोलती हैं तो लोग उसे मनोज तिवारी की बेटी के बयान के तौर पर देखते हैं.रीति ने दावा किया कि उन्हें अपने पिता की वजह से जान से मारने और रेप की धमकियां तक मिल चुकी हैं. उन्होंने कहा कि लोग उनके विचारों को भी उनके पिता की सोच से जोड़कर देखते हैं.
माता-पिता के अलगाव ने बदली रिश्तों को लेकर सोच
बिग बॉस के घर में रीति ने अपनी निजी जिंदगी को लेकर भी खुलकर बात की. कनिका मान के साथ बातचीत में उन्होंने बताया कि माता-पिता के अलग होने का उनकी सोच पर गहरा असर पड़ा. उन्होंने अपनी मां को सिंगल पैरेंट के तौर पर जिंदगी संभालते हुए देखा है.
रीति ने यह भी बताया कि अपने जीवन में उन्होंने कुछ ऐसे पुरुषों का सामना किया, जो रिश्ते में उन पर हावी होने की कोशिश करते थे. वह साफ तौर पर कहती हैं कि वह ऐसा रिश्ता नहीं चाहतीं, जिसमें दूसरा व्यक्ति उनकी जिंदगी को पूरी तरह कंट्रोल करे. उनके लिए अपनी आजादी और खुद की पहचान काफी मायने रखती है.
20 साल की दोस्ती और प्यार का रिश्ता टूटा
रीति ने बातचीत में अपने टूटे हुए रिश्ते का दर्द भी शेयर किया. उन्होंने बताया कि वह अपने सबसे अच्छे दोस्त से प्यार करती थीं. दोनों की दोस्ती करीब 20 साल पुरानी थी, लेकिन हाल ही में उनका रिश्ता खत्म हो गया.
रीति ने कहा कि वह काम करना चाहती हैं, खुद कमाना चाहती हैं और अपनी अलग पहचान बनाना चाहती हैं. उनकी बातों से साफ है कि वह अपने पिता की पहचान से अलग खुद के दम पर अपनी जगह बनाना चाहती हैं.
सिंगर और म्यूजिक प्रोड्यूसर भी हैं ऋति
रीति तिवारी सिर्फ मनोज तिवारी की बेटी के तौर पर ही नहीं, बल्कि एक कलाकार के रूप में भी अपनी पहचान बनाने की कोशिश कर रही हैं. वह सिंगर, कंपोजर, म्यूजिशियन और प्रोड्यूसर हैं. उन्होंने यूट्यूब और स्पॉटिफाई पर 'बारिश', 'मानसिक संतुलन', 'झूठी बेबी' और 'घूम चुके' जैसे कई सिंगल रिलीज किए हैं.
सोशल मीडिया पर भी उनकी अच्छी मौजूदगी है और हजारों लोग उन्हें फॉलो करते हैं. सलमान खान के होस्ट किए जा रहे बिग बॉस 20 में ऋति के अलावा काजी तौकीर, आसिफ खान, कनिका मान, माही विज, आम्रपाली दुबे, अरिश्फा खान, अमन गांधी, रैपर यंग डीएसए, स्काउटओपी और गुल्लू समेत कई प्रतियोगी नजर आ रहे हैं. सभी प्रतियोगी शो की ट्रॉफी जीतने के लिए मुकाबला कर रहे हैं. शो को जियोहॉटस्टार और कलर्स टीवी पर देखा जा सकता है.




