दिल्ली पुलिस पे सवार मैंने खून देखा...कौन है गरम कलाकार जिसने रैप सॉन्ग से बताया जंतर-मंतर का हाल, सरकार को दी चुनौती
20 जुलाई को दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए छात्र प्रदर्शन के दौरान सामने आए कथित पुलिस कार्रवाई और मारपीट के वीडियो के बीच एक रैप सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. 'गरम कलाकार' नाम से पहचान रखने वाले स्वतंत्र रैपर ने "जंतर-मंतर पर क्या देखा?" शीर्षक से यह गाना रिलीज किया है.
दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए छात्र प्रदर्शन और 'चलो संसद' मार्च को लेकर सोशल मीडिया पर एक रैप वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. 'जंतर-मंतर पर क्या देखा?' शीर्षक से जारी इस रैप को इंस्टाग्राम पर करोड़ों बार देखा जा चुका है और इसे लाखों लोगों ने पसंद किया है. वीडियो में रैपर ने 20 जुलाई को हुए प्रदर्शन के दौरान सामने आए घटनाक्रम, पुलिस कार्रवाई और सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीरों व वीडियो का जिक्र किया है.
वीडियो के साथ रैपर ने लिखा कि यह गाना उन लोगों के लिए बनाया गया है, जो घटनास्थल पर मौजूद नहीं थे और जानना चाहते हैं कि जंतर-मंतर पर क्या हुआ? रैप रिलीज होने के बाद यह सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया और इसे लेकर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं.
रैप में किन मुद्दों का जिक्र किया गया?
रैप में प्रदर्शन के दौरान हुई घटनाओं को कलाकार के नजरिए से पेश किया गया है. इसमें छात्रों के उत्साह, पुलिस कार्रवाई, कथित बल प्रयोग, आंसू गैस के इस्तेमाल, सादे कपड़ों में मौजूद लोगों और मीडिया की भूमिका जैसे मुद्दों का उल्लेख किया गया है. साथ ही सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए गए हैं और अंत में आगामी चुनावों का भी संदर्भ दिया गया है. ध्यान देने वाली बात यह है कि रैप में व्यक्त विचार पूरी तरह कलाकार के अपने हैं. इनमें किए गए दावे स्वतंत्र रूप से सत्यापित नहीं हैं और संबंधित घटनाओं पर अलग-अलग पक्षों के अलग-अलग दावे सामने आए हैं.
दिल्ली के जंतर-मंतर पर क्या देखा- गाने की लिरिक्स
गाने की पूरी लिरिक्स कुछ इस प्रकार है- छात्रों में भरा था जुनून देखा, दिल्ली पुलिस पे सवार मैंने खून देखा, Civil dress में गुंडों की धुन देखा और वर्दी वालों की नेम प्लेट गुम देखा, छोटे बच्चे पर उठा हुआ हाथ देखा, बड़े बूढ़ों पर मरा लात देखा, मेरी बहनों के बुरे थे हालात देखा, और इस देश में युवा की औकात देखा.
छोटे बच्चों पर तुमने आशु गैस देखा, हमें मारने का पूरा अभ्यास देखा, सबकी चीख पूरा भूख प्यास देखा. आवाज सच की प्यास का रूप देखा, अपनी मीडिया का चाटू वाला रूप देखा, सादे कपड़े में मीडिया का रूप देखा. डेमोक्रेसी की वहां हुई ऐसी की तैसी. सरकार को फिर भी मैंने चुप देखा. छात्रों से तुमने करी चालाकी है थोड़ा सब्र करो चुनाव आना बाकी है, मिलते हैं 2029 में.
सोशल मीडिया पर क्यों हो रहा है वायरल?
यह वीडियो इंस्टाग्राम पर पोस्ट होने के बाद तेजी से वायरल हुआ. बड़ी संख्या में यूजर्स ने इसे शेयर किया और इस पर अपनी प्रतिक्रिया दी. कुछ लोगों ने इसे छात्र आंदोलन की आवाज बताया, जबकि कुछ ने इसके संदेश और प्रस्तुति पर सवाल भी उठाए. इसी वजह से यह रैप सोशल मीडिया पर चर्चा का केंद्र बना हुआ है.
कौन हैं 'गरम कलाकार'?
'गरम कलाकार' एक स्वतंत्र हिप-हॉप रैपर, गीतकार और डिजिटल कंटेंट क्रिएटर हैं, जो सामाजिक और समसामयिक मुद्दों पर आधारित रैप गानों के लिए जाने जाते हैं. वह अपने यूट्यूब, इंस्टाग्राम और फेसबुक प्लेटफॉर्म पर नियमित रूप से नए गाने और वीडियो साझा करते हैं. सोशल मीडिया पर उनकी अच्छी-खासी फैन फॉलोइंग है. फेसबुक पर उनके करीब 4.2 लाख फॉलोअर्स हैं, जबकि इंस्टाग्राम पर 1.73 लाख से अधिक लोग उन्हें फॉलो करते हैं. उनके कई रैप गाने सामाजिक और राजनीतिक विषयों पर आधारित रहे हैं, जिनकी वजह से वह अक्सर चर्चा में रहते हैं.
गरम कलाकार एक स्वतंत्र हिप-हॉप म्यूजिक जोड़ी (Rap Duo) है, जिसमें एक सदस्य रैपर और गीतकार (Lyricist) हैं, जबकि उनके साथी AB संगीत निर्माता (Beat Producer) और गायक (Vocalist) की भूमिका निभाते हैं. दोनों ने वर्ष 2015 में अपने संगीत सफर की शुरुआत की थी और तब से लगातार साथ मिलकर काम कर रहे हैं. गरम कलाकार अपने बेबाक, सामाजिक और समसामयिक मुद्दों पर आधारित रैप गानों के लिए जाने जाते हैं. इनके कई गाने टेलीविजन पर भी प्रसारित हो चुके हैं. करियर की शुरुआत में उन्हें Galway Network Marketing Company की ओर से मंच पर सर्वश्रेष्ठ रैप गीत के लिए 1 लाख रुपये का नकद पुरस्कार भी मिला था.
गरम कलाकर के फेमस गाने
सोशल मीडिया पर भी गरम कलाकार की मजबूत पहचान है. उनके 'क्या बोलते नागपुरी', 'क्या बोलते मामा' और '2025 में क्या देखा' जैसे गाने इंस्टाग्राम और अन्य प्लेटफॉर्म पर काफी लोकप्रिय हुए. खास तौर पर '2025 में क्या देखा' उनके सबसे बड़े वायरल ट्रैक में से एक माना जाता है. इसके बाद उन्होंने लगातार कई चर्चित और हिट रैप गाने रिलीज किए, जिससे इंडिपेंडेंट हिप-हॉप इंडस्ट्री में उनकी अलग पहचान बनी.




