कार से लेकर होटल के कमरे तक... कानपुर में क्या-क्या हुआ, क्यों स्टेज पर भड़की थीं, Anjali Arora ने 3 वीडियो में बताई पूरी कहानी
कानपुर में एक इवेंट के दौरान दिए बयान को लेकर एक्ट्रेस अंजली अरोड़ा चर्चा में हैं. 15 अक्टूबर को हुए इस कार्यक्रम के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए, जिनमें अंजली मैनेजमेंट को लेकर नाराजगी जताती नजर आईं. विवाद बढ़ने के बाद अंजली ने इंस्टाग्राम पर तीन वीडियो शेयर कर बताया कि आखिर इवेंट में क्या हुआ था.
हाल ही में कानपुर में हुए एक इवेंट को लेकर एक्ट्रेस अंजली अरोड़ा चर्चा में हैं, दरअसल यह इवेंट गुरुवार, 15 अक्टूबर को हुआ था. इसके बाद सोशल मीडिया पर इस इवेंट के कई वीडियो सामने आए , इनमें से एक क्लिप ने लोगों का खास ध्यान खींचा है. इस वीडियो में देखा जा सकता है कि अंजली ऑडियंस से कहती हैं , 'अगर कानपुर के लोग ऐसे करेंगे तो सेलिब्रिटी आना छोड़ देंगे, क्योंकि मैनेजमेंट अगर ऐसा होगा, तो कई नहीं आएगा यहां पर, हम लोग आपके लिए आते हैं क्योंकि आप हमें प्यार करते हो, करते होना, आप लोगों के लिए हम यहां आते हैं.'
इसके बाद से लगातार अंजली सुर्खियों में बनी हुई हैं. इसी के मद्देनजर अंजली ने इंस्टाग्राम पर 3 वीडियो शेयर कर जस्टिफिकेशन दिया है कि आखिर हुआ क्या था.
अंजलि ने पहले वीडियो में कहा, 'आज मैं आप सभी के सामने ऐसी बात रखने आई हूं, जिस पर पिछले कुछ दिनों से लगातार चर्चा हो रही है, कानपुर में एक कार्यक्रम को लेकर तरह तरह की खबरें आ रही हैं, कुछ लोग मुझे गलत बता रहे हैं कुछ लोग मुझ पर आरोप लगा रहे हैं, कुछ लोग बिना पूरी सच्चाई जाने मुझे जज कर रहे हैं, मैं पिछले कई दिनों से इस मुद्दे पर अपनी बात रखना चाह रही हूं, बाकी सारे इवेंट्स बहुत अच्छेो हुए हर जगह लोगों ने मुझे प्यार दिया, उनसे मिलने आए लोगों का प्यार उनके लिए किसी भी शो, कॉन्ट्रैक्ट या पैसे से कहीं बढ़कर है.'
हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि वह भी एक इंसान हैं, उनकी भी अपनी गरिमा और आत्म-सम्मान है, और उनकी सुरक्षा सबसे ज़्यादा महत्वपूर्ण है. उन्होंने कहा, "मैं कानपुर इवेंट में अपने प्रशंसकों से मिलने और उनका मनोरंजन करने गई थी, न कि किसी विवाद का हिस्सा बनने."
अंजलि ने बताया कि जब वह कानपुर पहुंचीं, तो उन्हें लेने आई कार में पहले से ही तीन आदमी बैठे हुए थे. जब वह होटल पहुंचीं, तो लॉबी में काफी लोग मौजूद थे, और लगभग 25 लोग उन्हें उनके कमरे तक छोड़ने आए. उन्होंने आगे बताया कि जब उन्होंने खाना ऑर्डर किया, तो वेटर के साथ तीन और आदमी उनके कमरे में आ गए, और हर 10 मिनट में कोई न कोई उनके कमरे की घंटी बजा रहा था. मैं स्पष्ट करना चाहती हूं कि मैंने ऐसा कानपुर के लोगों के लिए नहीं, बल्कि उन लोगों के लिए कहा था जो मेरे साथ बुरा बर्ताव कर रहे थे. लेकिन, जिस तरह से मेरे बयान को पेश किया गया, उससे ऐसा लगा जैसे मैंने पूरे शहर का अपमान किया हो.'
एक और वीडियो में, अंजलि ने कहा कि उन्होंने कानपुर का अपमान नहीं किया, बल्कि उन्हें उस अपमान पर आपत्ति थी जिसका सामना उन्हें करना पड़ रहा था. मैं कुछ लोगों के बर्ताव से परेशान थी, न कि पूरे कानपुर से. उनका भी अपना आत्म-सम्मान और गरिमा है, और वह किसी को भी अपने साथ बुरा बर्ताव नहीं करने दे सकतीं. अंजलि ने आगे बताया कि किसी भी कार्यक्रम के दौरान सेलिब्रिटी और दर्शकों, दोनों की सुरक्षा बहुत महत्वपूर्ण होती है, उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान एक लड़की के बाल और कपड़े जल गए थे. अभिनेत्री ने अपने वीडियो में उस लड़की का वीडियो भी शामिल किया है.
अंजलि ने जो तीसरा वीडियो शेयर किया, उसमें उन्होंने इवेंट आयोजकों से कहा कि वे सबूत के साथ अपनी बात रखें; साथ ही, उन्होंने खुद भी सबूत दिखाने की बात कही. उन्होंने इवेंट में उन्हें देखने आए दर्शकों से माफी मांगी. वीडियो के आखिर में अभिनेत्री ने बताया कि उनकी लीगल टीम इस मामले पर काम कर रही है.
अंजली 'कच्चा बादाम' गाने पर अपने डांस वीडियो से मशहूर हुईं थी, इस गाने के बजाए जाने को लेकर उनके मन में कोई दिक्कत होने के दावों पर प्रतिक्रिया देते हुए अंजलि ने कहा, "कच्चा बादाम एक ऐसा गाना है जो मेरी पहचान से जुड़ा है. इस गाने की वजह से करोड़ों लोगों ने मुझे प्यार दिया है, तो फिर मैं उस प्यार का अपमान क्यों करूंगी?"
आयोजकों ने क्या कहा था?
इस इवेंट के बाद आयोजकों की तरफ से जो बयान आया गया था उसमें कहा गया था कि, ये एक पब्लिसिटी स्टंट था जो अंजली द्वारा किया गया था. हर कलाकार को पता होता है कि स्टेज की गरिमा होती है, अगर स्टेज पर कोई बात होती है, तो हम बाद में मैनेजमेंट टीम के साथ बैठ कर उसे क्लियर कर लेते हैं.
इतना ही नहीं उन्होंने अंजली के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की धमकी भी दी और कहा कि उन्होंने इस कार्यक्रम में लाखों रुपये का इंवेस्ट किया था, खासकर अंजली को परफॉर्मेंस के लिए बुलाने में. हालांकि, उनका दावा था कि अंजली मुश्किल से ही मंच पर आईं और हंगामा करने के बाद मात्र 15 मिनट में ही मंच छोड़कर चली गईं.




