Begin typing your search...

मासूम चेहरा और इंसाफ की जिद, राम कपूर- जीशान अय्यूब की एक झलक दमदार, Aneet Padda की Hunkkaar का टीजर रिलीज

हुंकार के टीजर में अनीत पड्डा 17 साल की मीनू रावत के किरदार में पुलिस स्टेशन पहुंचकर ‘बापजी’ पर गंभीर आरोप लगाती नजर आती हैं. वहीं फातिमा जांच अधिकारी और राम कपूर- जीशान अय्यूब वकील के रोल में कहानी को और दमदार बनाते दिखते हैं.

aneet padda
X
( Image Source:  youtube-JioHotstar )
हेमा पंत
Edited By:हेमा पंत3 Mins Read

Updated on: 1 Sept 2026 4:13 PM IST

अनीत पड्डा एक बार फिर नए अंदाज में दर्शकों के सामने आने वाली हैं. ‘हुंकार- द रोर’ के टीजर में वह 17 साल की स्कूल गर्ल मीनू रावत के किरदार में नजर आईं, जो एक गंभीर आरोप लेकर पुलिस स्टेशन पहुंचती है. मासूम चेहरे वाली मीनू का इंसाफ के लिए आवाज उठाने का फैसला कहानी को दिलचस्प मोड़ देता है.

टीजर में राम कपूर और मोहम्मद जीशान अय्यूब की भी दमदार झलक देखने को मिलती है, जो वकील के किरदार में नजर आ रहे हैं. वहीं फातिमा सना शेख पुलिस अधिकारी की भूमिका में मामले की जांच करती दिखती हैं. अपराध, न्याय और एक अनसुलझे राज के इर्द-गिर्द घूमती यह सीरीज 25 सितंबर 2026 को जियो हॉटस्टार पर स्ट्रीम होगी.

हुंकार के टीजर में क्या आया नजर?

टीजर की शुरुआत अनीत पड्डा के किरदार से होती है. वह खुद को 17 साल की मीनू रावत बताती हैं और पुलिस स्टेशन पहुंचकर एक गंभीर शिकायत दर्ज कराती हैं. वह ‘बापजी’ नाम के शख्स पर उनके साथ बदसलूकी करने का आरोप लगाती हैं. टीजर में मीनू को एक स्कूल की छात्रा के रूप में दिखाया गया है, जो डरकर चुप बैठने के बजाय पुलिस के पास जाने का फैसला करती है. यही कदम आगे चलकर पूरी कहानी का अहम हिस्सा बनता नजर आता है.

फातिमा सना शेख बनीं पुलिस अफसर

सीरीज में फातिमा सना शेख एक पुलिस इंस्पेक्टर के रोल में नजर आईं. उन्हें मीनू के मामले की जांच की जिम्मेदारी मिलती है. टीजर में उनका किरदार मामले की सच्चाई तक पहुंचने की कोशिश करता नजर आता है. वहीं राम कपूर और मोहम्मद जीशान अय्यूब वकील के किरदार में दिखाई देते हैं. दोनों की झलक कहानी में कोर्टरूम ड्रामा और कानूनी लड़ाई का मजबूत एंगल जोड़ती है.

किस मुद्दे पर है ‘हुंकार’?

टीजर से साफ है कि सीरीज में अपराध, यौन हिंसा, न्याय और अपनी आवाज उठाने जैसे गंभीर मुद्दों को दिखाया गया है. मीनू का एक शिकायत करने का फैसला आगे किस तरह की मुश्किलें खड़ी करता है और ‘बापजी’ के पीछे छिपी असल कहानी क्या है, यही सीरीज का बड़ा रहस्य है.

कब रिलीज होगी सीरीज?

‘हुंकार- द रोर’ को नित्या मेहरा और करण कपाड़िया ने डायरेक्ट किया है. यह सीरीज पहले से तैयार थी, लेकिन लंबे समय तक रिलीज नहीं हो पाई. अब अनीत की बढ़ती पॉपुलैरिटी के बीच इसे दर्शकों के सामने लाया जा रहा है. ‘हुंकार – द रोर’ का प्रीमियर 25 सितंबर 2026 को JioHotstar पर होगा.

अगला लेख