औरतों का अंडरवर्ल्ड! कीर्ति सुरेश-राधिका आप्टे की जंग में दांव पर लगेगा पूरा साम्राज्य, ऐसा है Akka का ट्रेलर, कब और कहां देख पाएंगे
नेटफ्लिक्स की नई सीरीज ‘अक्का’ में कीर्ति सुरेश और राधिका आप्टे के बीच सत्ता की ऐसी जंग देखने को मिलेगी, जहां रिश्तों से ज्यादा ताकत और विरासत की अहमियत है. महिलाओं के दबदबे वाले काल्पनिक साम्राज्य में पुरानी दुश्मनी, बदले की आग और वर्चस्व की लड़ाई कहानी को रोमांचक बनाती है. तन्वी आजमी भी अहम भूमिका में नजर आएंगी.
नेटफ्लिक्स ने अपनी नई सीरीज ‘अक्का’ का टीजर रिलीज कर दिया है. इसमें अभिनेत्री कीर्ति सुरेश और राधिका आप्टे दमदार किरदारों में नजर आ रही हैं. सीरीज की कहानी एक ऐसी काल्पनिक दुनिया पर आधारित है, जहां महिलाओं का राज चलता है. यहां सत्ता, परिवार, बदला और विरासत को लेकर दो ताकतवर महिलाओं के बीच टकराव देखने को मिलेगा.
ट्रेलर की शुरुआत कीर्ति सुरेश से होती है, जो हाथ जोड़कर खड़ी नजर आती हैं. इसके बाद तन्वी आजमी की आवाज सुनाई देती है. वह कहती हैं कि इस घर के कुछ नियम हैं. यहां महिलाओं की पहचान और उनके फैसलों को सबसे ज्यादा अहमियत दी जाती है. शादी की परंपराओं को भी मान्यता नहीं दी जाती.
इसके बाद कीर्ति सुरेश का किरदार भवानी कहता है कि उनके यहां महिलाओं को प्यार करने का हक तो है, लेकिन उसे निभाने की आजादी नहीं. वह यह भी बताती हैं कि उनके साम्राज्य में महिलाएं सिर्फ घर ही नहीं संभालतीं, बल्कि कारोबार भी चलाती हैं. उनके खिलाफ जाने वालों को इसकी कीमत चुकानी पड़ती है.
राधिका आप्टे की एंट्री कहानी को नया मोड़ देती है. वह रुद्रा के किरदार में नजर आएंगी. उनका अंदाज और डायलॉग बताते हैं कि वह अपने दम पर अपनी पहचान बनाने में यकीन रखती हैं. वह कहती हैं कि उनकी पहचान उनके नाम से नहीं, बल्कि उनके काम से है.
कहानी में एक पुरुष किरदार भी नजर आता है, जो कहता है कि यह मुंबई नहीं है, जहां गोली चलाकर हर समस्या सुलझाई जा सके. इसके जवाब में महिला किरदार उसे चुनौती देती है और उसके कारोबार से लेकर उसके पूरे साम्राज्य को खत्म करने की बात कहती है. टीजर के इन दृश्यों से साफ है कि सीरीज में दुश्मनी और बदले की कहानी अहम भूमिका निभाएगी.
महिलाओं के साम्राज्य की कहानी है ‘अक्का’
‘अक्का’ की कहानी पेरुनुरु नाम की काल्पनिक जगह पर आधारित है. यहां महिलाओं ने पीढ़ियों से सत्ता और कारोबार पर अपना नियंत्रण बनाए रखा है. भवानी और रुद्रा इस व्यवस्था की दो प्रमुख ताकतें हैं. हालांकि, सत्ता को लेकर दोनों की सोच अलग-अलग है. जब एक बाहरी व्यक्ति इस व्यवस्था को चुनौती देता है, तो पुरानी दुश्मनी फिर से सामने आने लगती है.
सीरीज में कीर्ति सुरेश भवानी और राधिका आप्टे रुद्रा की भूमिका निभा रही हैं. तन्वी आजमी भी एक अहम किरदार में नजर आएंगी. कहानी में दोनों महिलाओं के बीच की लड़ाई सिर्फ सत्ता तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें परिवार, वफादारी और विरासत बचाने का संघर्ष भी शामिल है.
धर्मराज शेट्टी ने किया है डायरेक्शन
‘अक्का’ का निर्देशन धर्मराज शेट्टी ने किया है, जबकि आदित्य चोपड़ा इसके निर्माता हैं. यह यश राज फिल्म्स का प्रोजेक्ट है. कीर्ति सुरेश पहली बार इस तरह की सीरीज के जरिए स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म पर नजर आएंगी, वहीं राधिका आप्टे ओटीटी की दुनिया में पहले से अपनी पहचान बना चुकी हैं.




