मैं करोड़पति नहीं हूं बोझ ढो रहा हूं... Abdu Rozik के मैनेजर्स ने छीनी सारी कमाई, बोले- न मेरे पास घर है न कार
'बिग बॉस 16' से लोकप्रिय हुए अब्दू रोजिक ने दावा किया है कि उन्हें शो से कोई भुगतान नहीं मिला और उनकी कमाई पूर्व मैनेजरों ने हड़प ली. पॉडकास्ट में उन्होंने गरीबी, बुलिंग, मानसिक तनाव और सलमान खान के साथ अपने खास रिश्ते पर भी खुलकर बात की.
रियलिटी शो 'बिग बॉस 16' (Bigg Boss 16) के सबसे चहेते रहे अब्दू रोजिक (Abdu Rozik) आज किसी पहचान के मोहताज नहीं हैं. अपनी मासूम मुस्कान, 'वैरी चालाक ब्रो' जैसे डायलॉग्स और सुरीली आवाज से दुनिया का दिल जीतने वाले ताजिकिस्तानी सिंगर अब्दु को लेकर एक ऐसी खबर सामने आई है, जिसने पूरी एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री को हैरान कर रख दिया है. करोड़ों दिलों पर राज करने वाले अब्दु रोजिक ने हाल ही में एक पॉडकास्ट में जो खुलासे किए हैं, वे बेहद चौंकाने वाले हैं. उन्होंने दावा किया है कि जिस शो ने उन्हें भारत के घर-घर में लोकप्रिय बनाया, उस 'बिग बॉस' के लिए उन्हें एक भी रुपया नहीं मिला. उनकी मेहनत की सारी कमाई उनके अपने ही मैनेजरों ने हड़प ली.
पॉडकास्ट में छलका दर्द
सेलिब्रिटीज की जिंदगी को लेकर अक्सर आम लोगों के मन में यह धारणा होती है कि वे करोड़ों में खेलते हैं. अब्दु रोजिक के साथ भी ऐसा ही है. लोग उन्हें देखते हैं तो लगता है कि वे एक आलीशान जिंदगी जी रहे हैं. लेकिन 'हाउस ऑफ ज़ेन' पॉडकास्ट पर बातचीत के दौरान जब अब्दु ने अपनी असल जिंदगी का पन्ना खोला, तो हर कोई दंग रह गया. अब्दु ने बेहद इमोशनल होते हुए कहा, 'इस दुनिया में लोगों को आपकी परवाह नहीं होती. मैंने जिन मैनेजरों के साथ तीन-चार साल काम किया, उन्होंने मुझे आगे बढ़ने में तो मदद की, लेकिन बदले में मेरी सारी मेहनत की कमाई खुद रख ली. आप यकीन नहीं करेंगे, लेकिन मुझे 'बिग बॉस' में आने के लिए एक भी डॉलर नहीं मिला. उन्होंने मुझे बहुत बुरी तरह धोखा दिया और मेरा सब कुछ छीन लिया.'
गुजर रहे हैं मानसिक तनाव से
अब्दू ने आगे बताया कि कैमरे के सामने मुस्कुराना उनकी मजबूरी है. जब वे बाहर निकलते हैं, तो लोग उनके साथ तस्वीरें खिंचवाते हैं, उन्हें अमीर समझते हैं. लेकिन रियलिटी यह है कि आज भी उनके पास न तो खुद का कोई घर है और न ही कोई गाड़ी. वे आज भी अपनी जिंदगी की बुनियादी जरूरतों के लिए संघर्ष कर रहे हैं और भारी मानसिक तनाव से गुजर रहे हैं.
'कम हाइट के कारण लोग मुझे बेवकूफ समझते हैं'
अब्दु रोजिक की लंबाई महज 3 फीट से थोड़ी ज्यादा है, जो एक मेडिकल कंडीशन (ग्रोथ हार्मोन की कमी) की वजह से है. अब्दु का मानना है कि उनकी इसी शारीरिक बनावट का फायदा उठाकर लोग उन्हें व्यापार और काम के मामलों में कम आंकते हैं. उन्होंने अपना दर्द शेयर करते हुए कहा कि जब भी वे किसी प्रोफेशनल मीटिंग या काम के सिलसिले में बाहर जाते हैं, तो लोग उनसे सीधे बात करना पसंद नहीं करते. वे मान लेते हैं कि कम लंबाई के कारण अब्दु को बिजनेस या पैसों की समझ नहीं होगी. लोग उनकी टीम या मैनेजरों से बात करते हैं, जिसका नतीजा यह हुआ कि उनके करीबियों ने ही उनके भरोसे का फायदा उठाया और उन्हें आर्थिक रूप से कंगाल बना दिया. हालांकि, अब्दू का कहना है कि वे भले ही चुप रहते हैं, लेकिन वे सामने वाले की हर चाल और चालाकी को अच्छी तरह समझते हैं.
दवा के लिए तरसता था परिवार
अब्दू रोजिक का जन्म ताजिकिस्तान के एक बेहद गरीब परिवार में हुआ था. पहाड़ों के बीच रहने वाले इस परिवार में अब्दू के अलावा बाकी सभी सदस्यों की लंबाई सामान्य है. अब्दू जब करीब तीन या चार साल के थे, तब वे अचानक एक गंभीर बीमारी की चपेट में आ गए, जिसने उनकी हड्डियों के विकास को रोक दिया. अब्दू बताते हैं कि उस दौर में $300 या इंजेक्शन के लिए $15,000 जुटाना उनके परिवार के लिए एक नामुमकिन सपने जैसा था. पैसे की कमी के कारण उनका सही समय पर इलाज नहीं हो सका, जिसके कारण उनकी लंबाई हमेशा के लिए कम रह गई. लेकिन अब्दू को अपनी इस स्थिति पर कोई मलाल नहीं है. वे गर्व से कहते हैं कि तमाम मुश्किलों के बाद भी आज वे अपने परिवार के सात सदस्यों का पेट भर रहे हैं.
क्लासमेट मिलकर करते थे परेशान
अब्दू का संघर्ष सिर्फ उनकी बीमारी या गरीबी तक सीमित नहीं था. बचपन में उन्हें समाज और अपने ही स्कूल में भयंकर बुलइंग का सामना करना पड़ा. उन्होंने बताया कि स्कूल के दिनों में बच्चे तो उनके साथ मारपीट करते ही थे, लेकिन हद तो तब हो गई जब टीचर्स ने भी उनके साथ क्रूर व्यवहार किया. टीचर्स यह कहकर उन्हें किताबें नहीं देते थे कि किताबें उनके कद से बड़ी हैं और वे उन्हें उठा नहीं पाएंगे. टीचर्स ने उनसे कहा था कि वे जीवन में एक गरीब किसान से ज्यादा कुछ नहीं बन सकते. यहां तक कि उन्हें स्कूल न आने की सलाह भी दी जाती थी. आम बच्चों के लिए जो रास्ता 40 मिनट का था, उसे तय करने में अब्दु को अपनी कम लंबाई के कारण दो घंटे लगते थे. कड़कती ठंड में वे स्कूल के बाहर घंटों खड़े होकर टीचर्स के आने का इंतजार करते थे.
सलमान खान के साथ रिश्ता
भले ही अब्दू रोजिक को 'बिग बॉस' से आर्थिक रूप से बड़ा धोखा मिला हो, लेकिन वे इस शो का एक पॉजिटिव पहलू भी देखते हैं. वह पहलू है बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान के साथ उनका अनोखा और गहरा रिश्ता. अब्दू का कहना है कि शो के दौरान और उसके बाद सलमान खान ने उन्हें जो प्यार और सम्मान दिया, उसे उनसे कोई नहीं छीन सकता. अब्दु सलमान खान को अपने बड़े भाई, गुरु और परिवार के सदस्य की तरह मानते हैं. उन्होंने कहा कि सलमान खान से उन्होंने जिंदगी के कई बड़े सबक सीखे हैं, जो उनके लिए किसी भी धनराशि से कहीं अधिक वैल्यूएबल हैं.




