Begin typing your search...

जितनी नहीं महाराष्ट्र और यूपी की GDP, उससे ज्यादा है एलन मस्क की संपत्ति, बने हैं दुनिया के पहले ट्रिलिनियर

दुनिया के पहले ट्रिलिनियर बने एलन मस्क की संपत्ति 104.62 लाख करोड़ रुपये पहुंच गई है. यह महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश की कुल जीडीपी से भी अधिक है.

Elon Musk Net Worth Trillionaire Wealth 2026 SpaceX IPO
X

सोचिए, अगर किसी एक व्यक्ति की दौलत इतनी हो जाए कि वह भारत के सबसे बड़े राज्य महाराष्ट्र और सबसे ज्यादा आबादी वाले राज्य उत्तर प्रदेश की पूरी अर्थव्यवस्था से भी आगे निकल जाए, तो क्या होगा? सुनने में यह किसी फिल्म की कहानी लग सकती है, लेकिन 2026 में यह हकीकत बन चुकी है. दुनिया के सबसे चर्चित ट्रिलिनियर एलन मस्क ने कथित तौर पर 1.1 ट्रिलियन डॉलर यानी एक लाख करोड़ डॉलर से ज्यादे की संपत्ति का आंकड़ा पार कर लिया है.

भारतीय रुपये में यह रकम करीब 104.62 लाख करोड़ रुपये बैठती है. यह आंकड़ा इतना बड़ा है कि आम आदमी के लिए इसकी कल्पना करना भी मुश्किल है. सवाल यह है कि आखिर एलन मस्क की दौलत इतनी तेजी से कैसे बढ़ी और यह महाराष्ट्र तथा उत्तर प्रदेश जैसे विशाल राज्यों की अर्थव्यवस्था से भी कई गुना बड़ी कैसे हो गई? आइए इसे आसान भाषा में समझते हैं.

कितना बड़ा है एलन मस्क का खजाना?

IBEF यानी इंडिया ब्रांड इक्विटी फाउंडेशन के अनुसार 13 जून, 2026 में डॉलर का औसत विनिमय दर 95.11 रुपये प्रति डॉलर के हिसाब से एलन मस्क की अनुमानित 1.1 ट्रिलियन डॉलर की संपत्ति भारतीय मुद्रा में करीब 104.62 लाख करोड़ रुपये बैठती है. यह रकम किसी देश के बजट या बड़े राज्य की अर्थव्यवस्था के बराबर मानी जा सकती है. हालांकि, यह पैसा उनके बैंक खाते में नकद नहीं रखा है, बल्कि उनकी कंपनियों के शेयरों और निवेश का कुल मूल्य के रूप में है.

अब जानें, महाराष्ट्र-यूपी की अर्थव्यवस्था कितनी बड़ी?

भारत की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाला राज्य महाराष्ट्र की सकल राज्य घरेलू उत्पाद (GSDP) लगभग 49.39 लाख करोड़ रुपये आंकी गई है. वहीं, उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था करीब 30.80 लाख करोड़ रुपये के स्तर पर है. महाराष्ट्र से दो गुना ज्यादा और यूपी से 3.5 गुना ज्यादा संपत्ति मस्क के पास है.

अगर दोनों राज्यों की अर्थव्यवस्थाओं को जोड़ दिया जाए तो कुल आंकड़ा 80.19 लाख करोड़ रुपये होता है. इसके मुकाबले एलन मस्क की संपत्ति 104.62 लाख करोड़ रुपये है. यानी मस्क की दौलत दोनों राज्यों की संयुक्त अर्थव्यवस्था से भी लगभग 24 लाख करोड़ रुपये ज्यादा है.

आखिर इतनी तेजी से कैसे बढ़ी दौलत?

एलन मस्क की संपत्ति बढ़ने के पीछे सबसे बड़ी वजह उनकी कंपनियों का तेजी से बढ़ता मूल्य है. विशेष रूप से स्पेसएक्स ने इसमें बड़ी भूमिका निभाई है. हाल ही में स्पेसएक्स के आईपीओ और कंपनी की बढ़ती वैल्यू ने मस्क की नेटवर्थ को नई ऊंचाई पर पहुंचा दिया.

इसके अलावा, इलेक्ट्रिक कार कंपनी टेस्ला, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस कंपनी xAI और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) में उनकी हिस्सेदारी भी लगातार मूल्यवान होती जा रही है. निवेशकों का भरोसा और भविष्य की तकनीकों में उनकी मौजूदगी ने उनकी संपत्ति को रिकॉर्ड स्तर तक पहुंचाया है.

क्या यह तुलना पूरी तरह सही है?

यहां एक बात समझना जरूरी है. किसी व्यक्ति की संपत्ति और किसी राज्य की जीडीपी एक जैसी चीज नहीं होती. एलन मस्क की नेटवर्थ उनकी कुल संपत्ति का अनुमानित बाजार मूल्य है. दूसरी तरफ जीडीपी या जीएसडीपी किसी राज्य में एक साल के दौरान पैदा होने वाले कुल सामान और सेवाओं की कीमत होती है.

फिर भी ऐसी तुलना इसलिए की जाती है ताकि आम लोग यह समझ सकें कि किसी व्यक्ति की आर्थिक ताकत कितनी बड़ी हो चुकी है. जब कहा जाता है कि मस्क की संपत्ति महाराष्ट्र और यूपी की अर्थव्यवस्था से बड़ी है, तो इसका मतलब उनकी वित्तीय हैसियत के पैमाने को समझाना होता है.

IBEF क्या है और इसके आंकड़े क्यों महत्वपूर्ण?

IBEF यानी इंडिया ब्रांड इक्विटी फाउंडेशन भारत सरकार के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के तहत स्थापित एक ट्रस्ट है. इसकी स्थापना 1996 में की गई थी. यह संस्था भारतीय अर्थव्यवस्था, राज्यों, उद्योगों और निवेश से जुड़े आधिकारिक आंकड़े और रिपोर्ट जारी करती है. दुनिया भर के निवेशक और आर्थिक विशेषज्ञ इसके डेटा का उपयोग करते हैं. इसलिए महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश की जीडीपी से जुड़े आंकड़ों को विश्वसनीय माना जाता है.

एलन मस्क का दुनिया का पहला ट्रिलेनियर बनना केवल एक कारोबारी उपलब्धि नहीं है, बल्कि यह आधुनिक तकनीक, अंतरिक्ष उद्योग और कृत्रिम बुद्धिमत्ता की बढ़ती ताकत का भी संकेत है. करीब 104.62 लाख करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ मस्क आज ऐसी स्थिति में पहुंच चुके हैं, जहां उनकी अनुमानित दौलत भारत के दो सबसे बड़े राज्यों महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश की संयुक्त अर्थव्यवस्था से भी अधिक दिखाई देती है. यह कहानी सिर्फ एक अरबपति की नहीं, बल्कि उस बदलती दुनिया की है, जहां तकनीक और नवाचार नए आर्थिक साम्राज्य बना रहे हैं.

अगला लेख