दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट में जो कुछ हुआ, वह यात्रियों के लिए किसी भयावह सपने से कम नहीं था. उड़ान के दौरान कॉकपिट में अचानक दोनों पायलटों के बीच संघर्ष शुरू हो गया. रिपोर्टों के मुताबिक, ओमानी सह-पायलट ने भारतीय मूल के कैप्टन स्मित मच्छर पर हमला किया और कथित तौर पर विमान का नियंत्रण अपने हाथ में लेने की कोशिश की. इसी दौरान विमान तेजी से नीचे जाने लगा और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई. इसी के साथ इजरायल के प्रधानमंत्री ने भारतीय पायलट को सैल्यूट किया है और हीरो बताया है.

कुछ यात्रियों ने कॉकपिट में घुसकर हमलावर को काबू करने की कोशिश की, जबकि घायल पायलट को विमान में मौजूद एक डॉक्टर ने संभाला. एक यात्री ने तो कथित तौर पर कॉकपिट में जाकर कंट्रोल संभालने की कोशिश की. विमान आखिरकार सऊदी अरब के तबुक में सुरक्षित उतरा. इजरायली अधिकारी अब इस घटना की संभावित आतंकी साजिश के एंगल से जांच कर रहे हैं. शुरुआती जानकारी में किसी संगठित संगठन या ईरान से कनेक्शन का संकेत नहीं मिला है. इसी को लेकर अब सभी यात्री सुरक्षित हैं और इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से बातचीत की है और साथ ही बचाने वाले लोगों की तारीफ की है इसी के साथ आइए जानते हैं कि आपबीती में लोगों ने उस खौफनाक मंजर को कैसे याद किया है...

खौफनाक घटनाक्रम- किसने क्या बताया?

1. भारतीय कैप्टन स्मित मच्छर पर हमला

रिपोर्टों के मुताबिक, ओमानी सह-पायलट ने कॉकपिट में भारतीय मूल के कैप्टन स्मित मच्छर पर चाकू से हमला किया. वह गंभीर रूप से घायल हुए, लेकिन विमान को सुरक्षित उतारने में उनकी भूमिका अहम रही. वे भारत के गुजरात के रहने वाले हैं वहीं अब उनका एक पूराना वीडियो भी काफी तेजी से वायरल हो रहा है.

2. नेतन्याहू ने यूं किया स्मित को साल्यूट

इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने ट्वीट करते हुए लिखा कि भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छर की असाधारण बहादुरी को मेरा सलाम. चाकू से हमला होने और गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी. उन्होंने हमलावर का मुकाबला किया, उसका विरोध किया और कॉकपिट का दरवाजा खोलने में मदद की, जिससे यात्रियों और क्रू ने मिलकर हमलावर को काबू कर लिया और हवा में होने वाली एक बड़ी त्रासदी को टाल दिया. कैप्टन मच्छर ने इजरायली नागरिकों समेत 174 लोगों की जान बचाई. मैं उनके जल्द और पूरी तरह स्वस्थ होने की कामना करता हूं. वह सच्चे मायने में एक हीरो हैं.

3. यात्री यानिव ने कॉकपिट में क्या देखा?

यानिव के मुताबिक, जब वह कॉकपिट में पहुंचे तो कथित हमलावर कंट्रोल के बीच मौजूद था और दोनों पायलट अपनी सीट पर नहीं थे. उन्होंने हमलावर को कंट्रोल से हटाया और बाहर खींचने में मदद की. यानिव ने बताया कि विमान के तेजी से नीचे जाने के दौरान उन्होंने कॉकपिट के कंट्रोल को पीछे खींचने की कोशिश की. उनका कहना था कि उन्होंने विमान को संभालने की कोशिश की क्योंकि उन्हें एयर-क्रैश पर आधारित टीवी कार्यक्रम Mayday देखने से कुछ जानकारी थी.

4. तीन यात्रियों ने मिलकर हमलावर को काबू किया

यात्री त्ज़्विका मानेस के मुताबिक, वह और दो अन्य यात्री हमलावर को काबू करने में जुट गए. कथित तौर पर करीब 20-25 मिनट तक संघर्ष चला और बाद में कॉर्ड वाले हेडफोन की मदद से उसे बांधा गया.

5. पायलट को विमान में मौजूद डॉक्टर ने संभाला

घायल कैप्टन की मदद के लिए विमान में मौजूद एक इजरायली यात्री, जो पेशे से डेंटिस्ट बताया गया है, आगे आया. रिपोर्टों के अनुसार डॉक्टर डॉ. शोता मुसायेव ने घायल पायलट को प्राथमिक चिकित्सा दी.

6. बच्चों की चीखों ने बढ़ाया खौफ

मानेस ने बताया कि जब विमान नीचे जा रहा था, उनकी बेटियां डरकर कह रही थीं कि वे मरना नहीं चाहतीं. उन्होंने इस पूरे घटनाक्रम को बेहद भयावह अनुभव बताया.मानेस के मुताबिक, उनकी पत्नी अपनी छोटी बेटी के साथ विमान के आगे वाले हिस्से में थीं. तभी उन्हें कॉकपिट की तरफ से चीखने और संघर्ष की आवाजें सुनाई दीं. उन्होंने फ्लाइट अटेंडेंट को इसकी जानकारी दी. मानेस के दावे के मुताबिक, इसी दौरान घायल पायलट कॉकपिट से बाहर की तरफ गिर पड़ा और सह-पायलट के साथ संघर्ष की स्थिति दिखाई दी.

7. विमान में सवार लोगों के बीच मची अफरा-तफरी

विमान के अचानक नीचे जाने से यात्री अपनी सीटों से उछलने लगे. कुछ लोगों ने कॉकपिट की ओर जाकर स्थिति संभालने में मदद की. घटना के बाद फ्लाइट को सऊदी अरब के तबुक में उतारा गया. विमान में करीब 174-180 यात्री होने की अलग-अलग रिपोर्टें सामने आई हैं. सभी यात्रियों के सुरक्षित होने की सूचना दी गई.

8. कुछ यात्रियों ने दूसरी फ्लाइट में बैठने से किया इनकार

सऊदी अरब में कई घंटे रुकने के बाद यात्रियों को दूसरी फ्लाईदुबई फ्लाइट से इजरायल भेजा गया. रिपोर्टों के मुताबिक, घटना के बाद कुछ यात्री दोबारा उसी एयरलाइन की फ्लाइट में बैठने को लेकर आशंकित थे.

09. इजरायल में यात्रियों का जोरदार स्वागत

तेल अवीव पहुंचने के बाद यात्रियों ने विमान से उतरते समय राहत जताई. सामने आए वीडियो में यात्रियों को खुशी मनाते और गाते हुए भी देखा गया.

10. क्या इसे आतंकी हमला माना जा रहा है?

इजरायली अधिकारियों ने घटना की संभावित आतंकी एंगल से जांच शुरू की है. हालांकि, अभी तक उपलब्ध रिपोर्टों के मुताबिक ऐसा कोई संकेत नहीं मिला है कि कथित हमलावर को ईरान या किसी संगठित संगठन ने निर्देश दिया था. कुछ इजरायली मीडिया रिपोर्टों में इसे ‘लोन वुल्फ’ घटना की संभावना से जोड़ा गया है.

11. नेतन्याहू ने UAE राष्ट्रपति से की बात

घटना के बाद इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने UAE के राष्ट्रपति मोहम्मद बिन जायद से बातचीत की. रिपोर्टों के मुताबिक, उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से भी इस मामले पर बातचीत की तैयारी की थी.

12. एक यात्री को अस्पताल ले जाया गया

इजरायली आपातकालीन सेवा के मुताबिक, यात्रियों की जांच की गई. एक 51 वर्षीय यात्री को शरीर के ऊपरी हिस्से में चोट के बाद अस्पताल ले जाया गया, हालांकि उसकी हालत अच्छी बताई गई.

13. नेतन्याहू ने किसे बताया दोषी और किसकी सराहना की

इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने बताया कि दुबई से इजरायल आ रही फ्लाइट में एक गंभीर सुरक्षा घटना हुई, जिसमें लगभग सभी यात्री इजरायली थे. उनके मुताबिक, उड़ान के दौरान एक पायलट ने दूसरे पायलट पर चाकू से हमला किया और कथित तौर पर विमान को क्रैश करने की कोशिश की. विमान तेजी से घूमते हुए नीचे जाने लगा, जिसके बाद एक इजरायली यात्री और क्रू मेंबर कॉकपिट में पहुंचे और कथित हमलावर को काबू किया, जबकि दूसरे क्रू मेंबर ने विमान को स्थिर करने में मदद की. नेतन्याहू ने यात्रियों की बहादुरी की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने बड़ी तबाही टालते हुए कई लोगों की जान बचाई. विमान को सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा गया और सभी यात्री खतरे से बाहर हैं. कथित हमलावर पायलट को सऊदी अधिकारियों ने गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है.