स्पेन में बुधवार 28 अक्टूबर 2026 को दो हाई-स्पीड ट्रेनों की टक्कर से बड़ा रेल हादसा हो गया. यह दुर्घटना राजधानी मैड्रिड को देश के दक्षिणी अंदालूसिया क्षेत्र से जोड़ने वाले महत्वपूर्ण रेल मार्ग पर हुई. स्पेन के स्थानीय मीडिया की रिपोर्टों के मुताबिक, हादसे में कम से कम 46 लोगों की मौत हो गई है. रेल नेटवर्क संचालक एडिफ ने दुर्घटना की पुष्टि की है. शुरुआती जानकारी के अनुसार, टक्कर के बाद कई डिब्बे पटरी से उतर गए और बड़ी संख्या में यात्री प्रभावित हुए.

रिपोर्टों के मुताबिक, हादसे के समय एक इर्यो ट्रेन में 146 यात्री सवार थे, जबकि दूसरी रेन्फेट्रेन में 397 यात्री मौजूद थे. दुर्घटना के बाद मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई गई. हालांकि, स्पेन में रेल हादसों का इतिहास काफी पुराना है. इससे पहले भी कई दुर्घटनाओं में बड़ी संख्या में लोगों की जान जा चुकी है.

कब-कब स्पेन में हुए रेल हादसे?

कैसे हुआ था तोरे डेल बिएर्ज़ो रेल हादसा?

स्पेन के इतिहास में 3 जनवरी 1944 को हुआ तोरे डेल बिएर्ज़ो रेल हादसा सबसे भीषण दुर्घटनाओं में गिना जाता है. यह हादसा तोरे डेल बिएर्ज़ो इलाके में एक सुरंग के भीतर हुआ था, जहां तीन ट्रेनें आपस में टकरा गई थीं. टक्कर के बाद ट्रेनों में आग लग गई, जिससे हालात बेहद भयावह हो गए. इस दुर्घटना में मरने वालों की आधिकारिक संख्या 78 बताई गई थी. हालांकि, कुछ स्वतंत्र अनुमानों और बाद के आकलनों में मृतकों की संख्या 500 से अधिक होने की बात कही गई.

कैसे हुआ था सेविले के एल कुएर्वो के पास ट्रेन हादसा?

स्पेन में साल 1972 में भी एक बड़ा रेल हादसा हुआ था. सेविले के एल कुएर्वो इलाके के पास दो ट्रेनों की आमने-सामने टक्कर हो गई थी. इस दुर्घटना में 79 से अधिक लोगों की मौत होने की जानकारी सामने आई थी. इस हादसे को स्पेन के सबसे घातक रेल हादसों में गिना जाता है.

कैसे हुआ था सैंटियागो डी कॉम्पोस्टेला रेल हादसा?

24 जुलाई 2013 को उत्तर-पश्चिमी स्पेन में सैंटियागो डी कॉम्पोस्टेला के पास एक हाई-स्पीड ट्रेन पटरी से उतर गई थी. ट्रेन एक मोड़ पर निर्धारित सीमा से अधिक रफ्तार से गुजर रही थी. दुर्घटना के दौरान ट्रेन के सभी 13 डिब्बे पटरी से उतर गए थे. इस हादसे में 80 लोगों की मौत हुई थी, जबकि 178 लोग घायल हो गए थे. दुर्घटना की तस्वीरें और वीडियो सामने आने के बाद यह मामला दुनियाभर में चर्चा का विषय बन गया था.

अब साल 2026 में कैसे हुआ हादसा?

28 अक्टूबर 2026 को स्पेन में दो हाई-स्पीड ट्रेनों की टक्कर की खबर सामने आई. उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, दुर्घटना स्पेन के मध्य भाग में टोलेडो प्रांत के उर्दा के पास हुई. हादसे में रेन्फे और इर्यो की ट्रेनें शामिल थीं. शुरुआती रिपोर्टों में बताया गया कि एक ट्रेन दूसरी ट्रेन से टकरा गई, जिसके बाद कई डिब्बे पटरी से उतर गए. स्थानीय मीडिया के मुताबिक, इस दुर्घटना में कम से कम 39 से 46 लोगों की मौत होने की खबर सामने आई, जबकि कई अन्य यात्री घायल हुए.