कैमरे में कैद हुआ पाकिस्तान में धमाका करने वाला सुसाइड बॉम्बर! 19 लोगों की मौत, आखिर किसने कराया ये हमला? जानिए अब तक का पूरा अपडेट
पाकिस्तान के स्वात में शांति रैली के दौरान आत्मघाती हमला हुआ, जिसमें 19 लोगों की मौत और 24 से अधिक लोग घायल हो गए. इस दौरान का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें भीड़ के बीच ब्लास्ट होता दिख रहा है.
पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिमी क्षेत्र स्वात घाटी (Swat Valley) में आतंकवाद के खिलाफ निकाली जा रही एक रैली पर आत्मघाती हमला हुआ. इस हमले में कम से कम 19 लोगों की मौत हो गई, जबकि दो दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए. इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें धमाके के बाद मची अफरा-तफरी साफ दिखाई दे रही है. यह हमला पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा (Khyber Pakhtunkhwa) प्रांत के कबल (Kabal) इलाके में हुआ.
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि बड़ी संख्या में लोग एक पुलिस स्टेशन के पास इकट्ठा होकर आतंकवाद के खिलाफ नारे लगा रहे थे. प्रदर्शनकारी इलाके में शांति बनाए रखने और आतंकवाद के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे थे.
इसी दौरान अचानक एक जोरदार विस्फोट हुआ, जिसने पूरी सभा को दहला दिया. धमाके के बाद लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे और पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
चश्मदीदों ने क्या कहा?
चश्मदीदों के मुताबिक, धमाके से ठीक पहले मंच से वक्ताओं ने कहा था कि लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और आतंकवाद का खात्मा करना सरकार की जिम्मेदारी है. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि प्रशासन आतंकियों के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई करने में विफल रहा है. प्रदर्शनकारियों का कहना था कि सालों तक हिंसा झेलने के बाद अब स्वात घाटी के लोग बिना डर के जीवन जीना चाहते हैं.
सुसाइड बॉम्बर ने किन लोगों को बनाया निशाना?
प्रांतीय आपातकालीन सेवा के प्रवक्ता बिलाल फैजी ने बताया कि आत्मघाती हमलावर ने उन प्रदर्शनकारियों को निशाना बनाया था, जो आतंकवाद के विरोध में एकत्र हुए थे. अधिकारियों के अनुसार, इस धमाके में मारे गए लोगों में आम नागरिकों के साथ-साथ रैली की सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी भी शामिल हैं. वहीं, दो दर्जन से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिनका इलाज जारी है.
पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली ज़रदारी ने क्या कहा?
घटना के बाद पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी और प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने अलग-अलग बयान जारी कर हमले की कड़ी निंदा की. दोनों नेताओं ने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की, घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की और अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी घायलों को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए.
राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने यह भी दोहराया कि पाकिस्तान में आतंकवाद के खिलाफ अभियान तब तक जारी रहेगा, जब तक आतंकवाद का पूरी तरह सफाया नहीं हो जाता.
पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने भी इस आत्मघाती हमले की निंदा की. उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की.
किस संगठन ने ली जिम्मेदारी?
इस आत्मघाती हमले की जिम्मेदारी टीटीपी यानी तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान ने ली है. संगठन लंबे वक्स से पाकिस्तान में एक्टिव है और कई आतंकी गतिविधियों को अंजाम देता आया है. इस संगठन का मौजूदा कमांडर नूर वली महसूद है.