सीजफायर उल्लंघन के चलते होर्मुज बंद, ईरान के दावे से मची हलचल, 8 Point में समझिए आगे क्या होने वाला है?
ईरान के होर्मुज जलडमरूमध्य बंद करने के दावे ने दुनिया की चिंता बढ़ा दी है. जानिए इसका तेल बाजार, वैश्विक व्यापार और अमेरिका-ईरान संबंधों पर क्या असर पड़ सकता है.
मध्य पूर्व में एक बार फिर तनाव बढ़ता दिखाई दे रहा है. ईरान की शीर्ष सैन्य कमान ने दावा किया है कि उसने दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री मार्गों में से एक होर्मुज को जहाजों की आवाजाही के लिए बंद करने का फैसला लिया है.
ईरान का आरोप है कि अमेरिका और इजरायल ने सीजफायर समझौते की शर्तों का उल्लंघन किया है. जिसके बाद ईरानी मीडिया के हवाले से खबर बताई जा रही है कि ईरान ने होर्मुज बंद कर दिया है. अमेरिका ने ऐसे किसी कदम की पुष्टि नहीं की है. इस घटनाक्रम ने वैश्विक तेल बाजार, समुद्री व्यापार और क्षेत्रीय शांति वार्ताओं को लेकर नई चिंताएं पैदा कर दी हैं.
1. ईरान ने क्यों उठाया यह कदम?
ईरान की संयुक्त सैन्य कमान खातम अल-अनबिया मुख्यालय ने कहा कि अमेरिका और इजरायल ने युद्धविराम समझौते का उल्लंघन किया है. इसी के जवाब में होर्मुज को बंद करने का फैसला लिया गया है.
2. अमेरिका ने क्या कहा?
अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने कहा कि वॉशिंगटन को अभी तक ऐसा कोई सबूत नहीं मिला है जिससे यह साबित हो कि होर्मुज जलडमरूमध्य वास्तव में बंद किया गया है. उन्होंने युद्धविराम समझौते के जारी रहने पर भरोसा जताया.
3. होर्मुज इतना महत्वपूर्ण क्यों है?
होर्मुज दुनिया के सबसे अहम समुद्री व्यापारिक मार्गों में शामिल है. खाड़ी देशों से निकलने वाले तेल और गैस का बड़ा हिस्सा इसी रास्ते से दुनिया के विभिन्न देशों तक पहुंचता है. यहां किसी भी तरह की बाधा का असर वैश्विक ऊर्जा बाजार पर पड़ सकता है.
4. ईरान की चेतावनी क्या है?
ईरान ने कहा है होर्मुज को बंद करना उसकी प्रतिक्रिया का पहला कदम है. यदि कथित आक्रामक गतिविधियां जारी रहीं तो आगे और कड़े कदम भी उठाए जा सकते हैं.
5. इस बीच स्विट्जरलैंड में क्या होने वाला है?
अमेरिका और ईरान के बीच संभावित परमाणु समझौते को लेकर स्विट्जरलैंड में बातचीत की तैयारी चल रही है. अमेरिकी राष्ट्रपति के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ वहां पहुंच सकते हैं, जबकि ईरानी प्रतिनिधिमंडल भी वार्ता के लिए रवाना हो चुका है.
6. लेबनान युद्धविराम का इससे क्या संबंध है?
हाल ही में इजरायल और हिज्बुल्लाह के बीच संघर्ष तेज होने के बाद युद्धविराम पर सहमति बनी थी. माना जा रहा है कि यह समझौता क्षेत्र में बड़े स्तर पर शांति बहाली और ईरान से जुड़ी कूटनीतिक बातचीत को आगे बढ़ाने के लिए महत्वपूर्ण है.
7. ईरान ने समझौते पर क्या कहा?
ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बकाई ने कहा कि किसी भी समझौते की असली परीक्षा उसके लागू होने के दौरान होती है. उनके मुताबिक दस्तावेज पर हस्ताक्षर करना आसान है, लेकिन उसे जमीन पर लागू करना सबसे बड़ी चुनौती होती है.
8. दुनिया की नजरें अब किस पर हैं?
विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में स्विट्जरलैंड वार्ता, होर्मुज की स्थिति और अमेरिका-ईरान संबंधों पर दुनिया की नजरें टिकी रहेंगी. इन घटनाओं का असर केवल मध्य पूर्व ही नहीं बल्कि वैश्विक अर्थव्यवस्था और ऊर्जा सुरक्षा पर भी पड़ सकता है.