वियतनाम के जिस फु क्वोक द्वीप में हुई 15 लोगों की मौत, वह कैसे बना भारतीयों की पहली पसंद? Explainer
फु क्वोक द्वीप क्यों है भारतीयों का पसंदीदा पर्यटन स्थल? जानिए इसकी खासियत, 30 दिन वीजा-फ्री नियम, प्रमुख आकर्षण और हर साल कितने भारतीय यहां घूमने जाते हैं.
वियतनाम के मशहूर पर्यटन स्थल फु क्वोक द्वीप के पास शनिवार को भारतीय पर्यटकों से जुड़ी एक दर्दनाक समुद्री दुर्घटना ने सभी को झकझोर दिया. 36 लोगों को लेकर जा रही एक टूरिस्ट बोट अचानक पलट गई, जिसमें 32 भारतीय पर्यटक सवार थे. हादसे में अब तक 15 भारतीयों की मौत हो चुकी है, जबकि 21 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया.
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, ऊंची समुद्री लहरें और यात्रियों द्वारा लाइफ जैकेट न पहनना हादसे की बड़ी वजह मानी जा रही है. यह बोट पर्यटकों को फु क्वोक के पास स्थित खूबसूरत होन मे रुट (Hon May Rut) से न्गोआई द्वीप (Ngoi Island) की सैर कराने जा रही थी, लेकिन तट से महज 400 मीटर पहले ही हादसे का शिकार हो गई. इसी के साथ आइए वियतनाम के फु क्वोक दीप के बारे में जानते हैं...
वियतनाम के दक्षिण-पश्चिमी हिस्से में थाईलैंड की खाड़ी (Gulf of Thailand) में स्थित फु क्वोक (Phu Quoc) देश का सबसे बड़ा द्वीप है. करीब 574 वर्ग किलोमीटर क्षेत्रफल वाले इस द्वीप के आसपास 22 छोटे-बड़े द्वीपों का समूह है. अपनी प्राकृतिक सुंदरता, सफेद रेत वाले समुद्र तट, साफ नीले समुद्र और लग्जरी रिसॉर्ट्स की वजह से इसे 'पर्ल आइलैंड' कहा जाता है. यह द्वीप कंबोडिया से केवल लगभग 4 किलोमीटर की दूरी पर है, लेकिन प्रशासनिक रूप से पूरी तरह वियतनाम का हिस्सा है.
फु क्वोक क्यों है इतना खास?
1. 150 किलोमीटर लंबी खूबसूरत समुद्री तटरेखा- फु क्वोक में 150 किलोमीटर से अधिक लंबी समुद्री तटरेखा है. सबसे प्रसिद्ध बीच Long Beach, Sao Beach, Khem Beach, Ong Lang Beach यहां का समुद्र इतना साफ है कि कई जगह नीचे तक दिखाई देता है.
2. UNESCO Biosphere रिज़र्व-फु क्वोक केवल पर्यटन स्थल ही नहीं बल्कि पर्यावरण की दृष्टि से भी बेहद महत्वपूर्ण है. यहां के जंगल, मैंग्रोव, कोरल रीफ और समुद्री जीवों की जैव विविधता को देखते हुए यूनेस्को ने इसे Biosphere Reserve घोषित किया है. द्वीप का लगभग आधा हिस्सा राष्ट्रीय उद्यान से घिरा हुआ है.
3. दुनिया की सबसे लंबी Sea-Crossing Cable Car-होन थोम केबल कार वियतनाम के फु क्वोक की सबसे बड़ी पहचान. इसकी लंबाई लगभग 7.9 किलोमीटर. समुद्र के ऊपर बनी दुनिया की सबसे लंबी केबल कारों में शामिल. लगभग 15 मिनट की यात्रा में समुद्र और छोटे द्वीपों का शानदार नजारा दिखाई देता है.
4. VinWonders Theme Park- यह वियतनाम का सबसे बड़ा थीम पार्क माना जाता है. यहां मौजूद हैं- Water Park, Roller Coaster, Aquarium, Adventure Zone, Family Entertainment
5. Vinpearl Safari- यह वियतनाम का पहला और सबसे बड़ा Safari Park है. यहां शेर, बाघ, जिराफ, हाथी, जेब्रा, गैंडा सहित हजारों जानवर देखे जा सकते हैं.
हर साल कितने भारतीय जाते हैं फु क्वोक?
वियतनाम के फु क्वोक द्वीप पर भारतीय पर्यटकों की संख्या में हाल के वर्षों में जबरदस्त बढ़ोतरी दर्ज की गई है. पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए वियतनाम ने साल 2025 में करीब 3 लाख (3,00,000) भारतीय पर्यटकों को आकर्षित करने का लक्ष्य रखा था. भारतीय यात्रियों के बीच यह द्वीप अपनी आसान यात्रा, खूबसूरत समुद्र तटों और किफायती लग्जरी अनुभव की वजह से तेजी से लोकप्रिय हो रहा है.
भारतीयों के बीच फु क्वोक की लोकप्रियता की प्रमुख वजहें-
- 30 दिन तक वीज़ा-मुक्त प्रवेश- फु क्वोक वियतनाम का एकमात्र ऐसा क्षेत्र है, जहां भारतीय नागरिक निर्धारित शर्तों के तहत सीधे पहुंचकर 30 दिनों तक बिना वीज़ा के रह सकते हैं.
- बेहतर हवाई कनेक्टिविटी- दिल्ली, मुंबई, हैदराबाद, बेंगलुरु और अहमदाबाद जैसे शहरों से सीधी या सुविधाजनक कनेक्टिंग उड़ानों के कारण यहां पहुंचना पहले की तुलना में काफी आसान हो गया है.
- विश्वस्तरीय पर्यटन आकर्षण- सफेद रेत वाले समुद्र तट, लग्जरी रिसॉर्ट्स, जीवंत नाइटलाइफ, 'Kiss of the Sea' शो और 'VUI-Fest Bazaar' जैसे आकर्षण भारतीय पर्यटकों को खास तौर पर पसंद आते हैं.
- किफायती विदेशी छुट्टी- थाईलैंड और बाली जैसे लोकप्रिय डेस्टिनेशन के मुकाबले फु क्वोक कम बजट में शानदार लग्जरी अनुभव उपलब्ध कराता है, जिससे यह भारतीय परिवारों, हनीमून कपल्स और युवा यात्रियों की पहली पसंद बनता जा रहा है.