इस्लामाबाद बना ‘डिप्लोमैटिक किला’! US-Iran वार्ता पर दुनिया की नजर, ट्रंप के बयान से बढ़ा तनाव
इस्लामाबाद में अमेरिका-ईरान शांति वार्ता के चलते अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है, जहां पूरी राजधानी को हाई-सिक्योरिटी जोन में बदल दिया गया है. ट्रंप के सख्त “No Cards” बयान और सैन्य चेतावनियों ने वार्ता पर दबाव बढ़ा दिया है, जिससे यह बातचीत ‘Make or Break’ मोड़ पर पहुंच गई है.
मीडिल ईस्ट में जारी भीषण तनाव के बीच अब पूरी दुनिया की नजर पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद पर टिकी हुई है, जहां अमेरिका और ईरान के बीच होने वाली हाई-स्टेक शांति वार्ता ने हालात को असाधारण बना दिया है. हाल यह है कि इस्लामाबाद को पूरी तरह एक 'हाई-सिक्योरिटी डिप्लोमैटिक फोर्ट्रेस' में बदल दिया गया है. गुरुवार से लागू 'रेड ज़ोन' लॉकडाउन के बीच अब 11 अप्रैल तक स्थानीय अवकाश बढ़ा दिया गया है, ताकि इस संवेदनशील वार्ता के दौरान सुरक्षा में कोई चूक न हो.
दो हफ्ते के नाजुक युद्धविराम को स्थायी बनाने की कोशिश में जुटे पाकिस्तान के लिए यह एक बड़ी कूटनीतिक परीक्षा है. सेरेना होटल में चल रही इस वार्ता को प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ पहले ही 'Make or Break' बता चुके हैं. हालांकि, एक तरफ जहां डिप्लोमैट्स बातचीत में लगे हैं, वहीं दूसरी ओर व्हाइट हाउस की कड़ी चेतावनियां और अमेरिकी सेना की सतर्कता यह संकेत दे रही है कि हालात किसी भी वक्त विस्फोटक हो सकते हैं.
क्या इस्लामाबाद में सुरक्षा के नाम पर पूरी राजधानी थम गई है?
इस्लामाबाद प्रशासन ने 11 अप्रैल को सार्वजनिक अवकाश घोषित कर दिया है, जो इस वार्ता के बढ़ते दायरे को दर्शाता है. पहले यह बैठक सिर्फ दो दिन की थी, लेकिन अब 'Islamabad Talks 2026' को लेकर शहर के प्रशासनिक हिस्से को पूरी तरह सील कर दिया गया है. सेरेना होटल को पूरी तरह खाली करा दिया गया है और आसपास के मार्गल्ला हिल्स इलाके में कड़ी निगरानी रखी जा रही है. इतना ही नहीं, पड़ोसी शहर रावलपिंडी में भी बाजार बंद कर दिए गए हैं ताकि सुरक्षा और लॉजिस्टिक्स में कोई बाधा न आए. इस कदम का मकसद अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और ईरान के वरिष्ठ नेताओं सहित सभी विदेशी प्रतिनिधियों को 'foolproof security' देना है.
क्या ट्रंप का ‘No Cards’ बयान वार्ता पर भारी पड़ रहा है?
वार्ता के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बेहद सख्त बयान देकर माहौल और गर्मा दिया है. उन्होंने Truth Social पर लिखा कि 'ईरानियों को शायद यह समझ नहीं आ रहा है कि उनके पास कोई खास विकल्प नहीं है, सिवाय इसके कि वे अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों का इस्तेमाल करके दुनिया पर अल्पकालिक दबाव (ब्लैकमेल) बनाने की कोशिश करें.' ट्रंप ने साफ कर दिया कि अमेरिका इन वार्ताओं को बराबरी की बातचीत नहीं, बल्कि ईरान के लिए आखिरी मौका मानता है. उन्होंने आगे कहा कि 'वे आज सिर्फ इसलिए ज़िंदा हैं ताकि बातचीत (नेगोशिएशन) कर सकें!' इस बयान के बाद ईरान ने इसे “उकसाने वाला और अपमानजनक” करार दिया है, जिससे इस्लामाबाद में चल रही बातचीत पर दबाव और बढ़ गया है.
क्या अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों का नियंत्रण ही असली मुद्दा है?
ट्रंप द्वारा कही गई 'Short-Term एक्सटॉरशन' की बात दरअसल स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर ईरान के नियंत्रण को लेकर है. अमेरिका के 15-सूत्रीय शांति प्रस्ताव में इस अहम जलमार्ग को खोलना सबसे बड़ी शर्त है, क्योंकि इससे वैश्विक तेल सप्लाई प्रभावित होती है. वहीं, ईरान इसे अपनी सबसे बड़ी ताकत मानता है और इसके बदले आर्थिक प्रतिबंध हटाने व अपनी जमी हुई संपत्तियों की रिहाई की मांग कर रहा है. जहां अमेरिका तुरंत और बिना शर्त इस जलमार्ग को खोलने की बात कर रहा है, वहीं ईरान चरणबद्ध समझौते की बात कर रहा है. लेकिन ट्रंप के हालिया बयान से साफ है कि वॉशिंगटन किसी 'Trade-Off' के मूड में नहीं है.
क्या इतनी तीखी बयानबाजी के बीच कोई समझौता संभव है?
इस्लामाबाद वार्ता की सबसे बड़ी विडंबना यही है कि बातचीत के साथ-साथ दोनों पक्ष अपनी ताकत का प्रदर्शन भी कर रहे हैं. ईरान की तरफ से संसद अध्यक्ष मोहम्मद बाकर गालिबाफ जैसे बड़े नेता शामिल हैं, जो एक “comprehensive solution” की मांग कर रहे हैं. इसमें लेबनान में इज़राइल की सैन्य कार्रवाई रोकने की शर्त भी शामिल है. इज़राइल द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन “Eternal Darkness” ने इस वार्ता को और जटिल बना दिया है, क्योंकि ईरान का दावा है कि लेबनान भी युद्धविराम का हिस्सा था. पाकिस्तान की ओर से प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और फील्ड मार्शल आसिम मुनीर इस पूरी प्रक्रिया को संभाल रहे हैं. दोनों पक्षों को अलग-अलग कमरों में रखकर “शटल डिप्लोमेसी” के जरिए बातचीत कराई जा रही है.
क्या ‘face-saving exit’ की तलाश में हैं दोनों देश?
लगातार पांच हफ्तों से चल रहे युद्ध ने दोनों देशों को थका दिया है. हालांकि बाहर से दोनों ही पक्ष आक्रामक रुख दिखा रहे हैं, लेकिन अंदरखाने एक सम्मानजनक समझौते की तलाश जारी है. 11 अप्रैल की बैठक का मकसद ट्रंप के 'Real Agreement' को एक ठोस रोडमैप में बदलना है, जिसमें परमाणु कार्यक्रम और समुद्री सुरक्षा जैसे मुद्दों का समाधान शामिल हो. अब देखना यह है कि क्या इस्लामाबाद की यह वार्ता इतिहास में शांति की शुरुआत के तौर पर दर्ज होगी या फिर यह एक और असफल कोशिश बनकर रह जाएगी.