दिल्ली-एनसीआर में लंबे इंतजार के बाद हुई तेज बारिश ने जहां लोगों को गर्मी से राहत दी, वहीं दूसरी तरफ प्रशासन की तैयारियों की पोल भी खोल दी. नोएडा में बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव, ट्रैफिक जाम और अव्यवस्था की तस्वीरें सामने आईं. सड़कों पर पानी भरने से वाहन रेंगते नजर आए और लोगों को घंटों जाम का सामना करना पड़ा. इसी बीच नोएडा के सेक्टर-16 में एक बड़ा हादसा टल गया. मेट्रो स्टेशन के नीचे बने डिवाइडर की दीवार अचानक भरभराकर सड़क पर गिर गई. गनीमत रही कि उस समय वहां ज्यादा लोग मौजूद नहीं थे, जिससे बड़ा हादसा होने से बच गया. हालांकि, एक व्यक्ति को हल्की चोट लगने की सूचना है.