पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी अपनी सादगी भरी जीवनशैली के लिए देशभर में जानी जाती हैं. सफेद सूती साड़ी, साधारण बॉर्डर और हवाई चप्पल उनके राजनीतिक व्यक्तित्व की पहचान बन चुकी है. यह पहनावा सिर्फ निजी पसंद नहीं, बल्कि बंगाल की आम महिलाओं और स्थानीय संस्कृति का प्रतीक भी माना जाता है. बचपन में आर्थिक तंगी और पिता की कम उम्र में मृत्यु ने ममता बनर्जी को सादगी का रास्ता चुनने के लिए प्रेरित किया. आज भी उनके पास सीमित कपड़े हैं और वे किसी लग्जरी लाइफस्टाइल में विश्वास नहीं रखतीं. चुनावी हलफनामों के अनुसार उनके पास न घर है, न कार, और उनकी कुल संपत्ति भी बेहद सीमित रही है. उनकी सादगी, आम घड़ी और न्यूनतम गहने उन्हें भारतीय राजनीति में एक अलग पहचान दिलाते हैं.