हरिद्वार में दिल्ली नंबर की एक वैगन-आर कार में सवार चार युवकों पर महिलाओं से बदसलूकी और शराब के नशे में गाड़ी चलाने का आरोप लगा है. बहादराबाद इलाके में हाईवे पर इन युवकों ने महिलाओं के ग्रुप की गाड़ियों का पीछा किया और उन्हें रोकने की कोशिश की. महिलाओं ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस तक पहुंचा. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कार को जब्त कर चारों युवकों का मेडिकल कराया.

मामला हरिद्वार के बहादराबाद इलाके का है. बताया गया कि दिल्ली नंबर की सफेद वैगन-आर कार में चार युवक सवार थे. आरोप है कि युवकों ने हाईवे पर महिलाओं के एक ग्रुप की गाड़ियों का पीछा किया और उन्हें रुकवाने की कोशिश की. इस दौरान महिलाओं के साथ गाली-गलौज और बदतमीजी भी की गई. पुलिस के मुताबिक, युवक शराब के नशे में थे और हाईवे पर हंगामा कर रहे थे. उन्होंने सड़क से गुजर रहे लोगों और महिलाओं के साथ बहस भी की.

10 points में समझें कि आखिरकार पूरा मामला क्या था


1. घटना के दौरान महिलाओं ने अपने मोबाइल से वीडियो रिकॉर्ड कर लिया. वायरल फुटेज में हाईवे पर दोनों पक्षों के बीच तनावपूर्ण बातचीत दिखाई दे रही है. वीडियो में एक युवक बार-बार महिलाओं से गाड़ी रोकने के लिए कहता सुनाई देता है.

2. वह पहले कहता है, "अबे रोक ना." इसके कुछ देर बाद वह फिर बोलता है, "अबे गाड़ी रोक." इस पर महिला युवक के नशे में होने की बात कहते हुए जवाब देती है, "चलो, पहले अपना नशा उतारो." 



3. वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया.हरिद्वार शहर के पुलिस अधीक्षक दीपक सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो में कुछ युवकों को सड़क से गुजर रही महिलाओं के साथ बदसलूकी और छेड़छाड़ करते हुए देखा गया.

4. इसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की और संबंधित वाहन की तलाश के लिए अलर्ट जारी किया.

5. अलर्ट मिलने के बाद पुलिस ने वैगन-आर कार को रोक लिया और उसमें सवार चारों युवकों को थाने ले आई. पुलिस के मुताबिक, कार दिल्ली में रजिस्टर्ड थी और उसका नंबर DL3CBC-9887 था.

6. इसके बाद सभी युवकों का मेडिकल टेस्ट कराया गया.पुलिस की मेडिकल जांच में चारों युवकों के शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई

7. इसके बाद शराब पीकर गाड़ी चलाने और ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने के आरोप में मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 समेत अन्य संबंधित प्रावधानों के तहत कार्रवाई की गई.

8. पुलिस ने कार को भी जब्त कर लिया और नियमों के मुताबिक चालान की प्रक्रिया शुरू की. कार्रवाई के दौरान चारों युवकों ने पुलिस और लोगों के सामने हाथ जोड़कर अपने व्यवहार के लिए माफी मांगी.

9. आखिर में  आगे ऐसी हरकत दोबारा नहीं करने का भरोसा भी दिलाया.

10. महिलाओं ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया था, जो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस तक पहुंचा.इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई की.