उत्तराखंड पुलिस ने कोटद्वार के जिम मालिक दीपक कुमार को एक स्थानीय दुकानदार को कथित तौर पर धमकाने और मारपीट करने के आरोप में गिरफ्तार किया है. दीपक उस समय चर्चा में आए थे, जब उन्होंने एक मुस्लिम दुकानदार पर हमला करने वाले हिंदुत्व कार्यकर्ताओं का सामना करते हुए खुद को 'मोहम्मद दीपक' बताया था.

पौड़ी गढ़वाल जिले के कोटद्वार के एडिशनल सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस मनोज ठाकुर ने बताया कि पुलिस ने एक स्थानीय दुकानदार की शिकायत के आधार पर दीपक कुमार को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, दीपक को कोर्ट में पेश किया जाएगा, जिसके बाद उन्हें जेल भेजा जाएगा.दीपक के खिलाफ आपराधिक धमकी देने, जान-बूझकर अपमान करने, नफरत फैलाने और जान-बूझकर शारीरिक चोट पहुंचाने से जुड़ी धाराओं में मामला दर्ज किया गया है.

मस्जिद गिराए जाने के वीडियो से शुरू हुआ विवाद

पुलिस के अनुसार, विवाद की शुरुआत एक सोशल मीडिया पोस्ट से हुई. दीपक ने मध्य प्रदेश के उज्जैन में सड़क चौड़ीकरण के लिए एक मस्जिद को गिराए जाने से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था. कोटद्वार के व्यापारी संजीव टैंक ने इस पोस्ट पर कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी की. पुलिस का कहना है कि टिप्पणी से दीपक नाराज हो गए. इसके बाद वह संजीव टैंक की दुकान में पहुंचे और उनके साथ मारपीट की. मामले में दुकानदार की शिकायत के बाद पुलिस ने कार्रवाई की.

दीपक के खिलाफ व्यापारियों ने किया प्रदर्शन

दीपक कुमार की गिरफ्तारी से पहले नगर उद्योग व्यापार मंडल के सदस्यों ने उनके खिलाफ धरना भी दिया. इस प्रदर्शन में बीजेपी के कुछ नेता भी शामिल हुए.मामले को लेकर पुलिस ने शिकायत के आधार पर कार्रवाई की है. अब दीपक को कोर्ट में पेश किया जाएगा, जहां आगे की कानूनी प्रक्रिया होगी. इसी बीच दीपक की एक फोटो राहुल गांधी के साथ वायरल हो रही है.