UP के Varanasi में सूर्य प्रताप सिंह के हत्या पर बवाल! ताबड़तोड़ फायरिंग का वीडियो आया सामने
वाराणसी के यूपी कॉलेज में दिनदहाड़े छात्र की गोली मारकर हत्या. 8 गोलियां दागी गईं, आरोपी फरार. जानिए पूरा मामला और वजह.
उत्तर प्रदेश के वाराणसी के मशहूर उदय प्रताप कॉलेज (यूपी कॉलेज) में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब पढ़ाई के बीच अचानक गोलियों की गूंज सुनाई दी. कुछ ही पलों में क्लासरूम, जहां भविष्य लिखा जाता है, खून से लाल हो गया. बीएससी के छात्र सूर्य प्रताप सिंह को इतनी बेरहमी से निशाना बनाया गया कि हर किसी की रूह कांप उठी.
यह कोई साधारण वारदात नहीं थी. यह एक ऐसा हमला था जिसने शिक्षा के मंदिर को अपराध के मैदान में बदल दिया. दिनदहाड़े हुई इस हत्या ने न सिर्फ कॉलेज प्रशासन बल्कि पूरे शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं.
कौन था सूर्य प्रताप सिंह, जिसकी हत्या ने पूरे शहर को हिला दिया?
सूर्य प्रताप सिंह, गाजीपुर जिले का रहने वाला 23 वर्षीय छात्र था, जो वाराणसी में रहकर उदय प्रताप कॉलेज में बीएससी चौथे सेमेस्टर की पढ़ाई कर रहा था. वह पढ़ाई में तेज, स्वभाव से मिलनसार और दोस्तों के बीच बेहद लोकप्रिय था. उसकी अचानक हुई मौत ने उसके परिवार और दोस्तों को गहरे सदमे में डाल दिया है. सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में उसका दोस्त रोते हुए चिल्ला रहा है. हमके हमार भाई चाही' यह एक लाइन इस दर्दनाक घटना की गहराई को बयान करने के लिए काफी है.
आखिर कैसे हुआ क्लासरूम के अंदर खौफनाक मर्डर?
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपी सीधे क्लासरूम में दाखिल हुआ और बेहद करीब से सूर्य प्रताप सिंह पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. कुल 8 गोलियां चलाई गईं- 4 गोलियां सीने में, 4 गोलियां कनपटी में. इतना ही नहीं, गोली मारने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया और जाते-जाते पिस्टल को कूड़े में फेंक दिया. घायल छात्र को तुरंत बीएचयू ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
कौन है इस सनसनीखेज हत्याकांड का आरोपी?
इस हत्या के पीछे जिस नाम का खुलासा हुआ है, वह है मंजीत चौहान. वह बीए का छात्र बताया जा रहा है. वाराणसी के शिवपुर थाना क्षेत्र के चांदमारी इलाके का रहने वाला है. घटना के बाद से फरार है. पुलिस की कई टीमें- जिसमें एसओजी भी शामिल है. आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही हैं.
क्या वजह थी इस खून-खराबे की?
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह घटना दो छात्रों के बीच विवाद का नतीजा हो सकती है. DIG शिवहरि मीणा के मुताबिक 'कॉलेज में दो छात्रों के बीच किसी बात को लेकर बहस हुई थी. इसी दौरान गुस्से में एक छात्र ने पिस्टल निकालकर गोली चला दी.' हालांकि, पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है और पुराने विवादों की भी पड़ताल की जा रही है.
हत्या के बाद क्यों भड़क उठा पूरा कैंपस?
- जैसे ही हत्या की खबर फैली, कॉलेज में गुस्से का विस्फोट हो गया.
- छात्रों ने जमकर नारेबाजी की
- कैंपस में तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आईं
- सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पर सवाल उठाए गए
स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई कि पुलिस को भारी संख्या में बल तैनात करना पड़ा. आसपास के इलाकों में भी तनाव का माहौल बना हुआ है. यह घटना एक बड़ा सवाल खड़ा करती है. क्या अब शिक्षा के मंदिर भी सुरक्षित नहीं बचे? दिनदहाड़े क्लासरूम में घुसकर गोली मार देना यह दिखाता है कि अपराधियों के हौसले कितने बुलंद हो चुके हैं.