गाने सुनता और रील देखता, पाकिस्तानी आतंकी हैंडलर से कैसे जुड़ा नोएडा का पपला पंडित, परिवार ने क्या-क्या बताया?

नोएडा का लोकेश उर्फ पपला पंडित, जो पाकिस्तानी आतंकी हैंडलर के संपर्क में था, उत्तर प्रदेश एटीएस ने गिरफ्तार किया. परिवार ने स्टेट मिरर को बताया कि लोकेश पढ़ा-लिखा नहीं था, बेलदारी करता था, घर से आठ दिन गायब रहता था, और सोशल मीडिया पर गाने सुनता और रील्स देखता था.

By :  मोहम्मद रज़ा
Updated On : 4 April 2026 5:00 PM IST

यूपी एटीएस ने पाकिस्तान हैंडलर से जुड़े आतंकी गिरोह को भंडाफोड़ किया है. पुलिस ने 3 अप्रैल को 4 लोगों को गिरफ्तार किया है. इसमें नोएडा का लोकेश उर्फ पपला पंडित भी है. ग्रेटर नोएडा के बादलपुर क्षेत्र के छपरौला गांव में फिलहाल हड़कंप मच गया है. मामला सामने आने के बाद 'स्टेट मिरर' की टीम उनके घर पहुंची और परिवार से बातचीत की.

जिसमें लोकेश की जीवनशैली, सोशल मीडिया गतिविधियां और परिवार के साथ उसके रिश्तों की कई अहम जानकारियां सामने आईं. परिवार की बातचीत से साफ हुआ कि लोकेश का असली जीवन और उसके आतंकी कनेक्शन काफी छिपे हुए थे. आइए जानते हैं पूरी कहानी, परिवार के बयानों के आधार पर.

लोकेश के पिता ने क्या बताया?

लोकेश के पिता रोहताश शर्मा ने बताया कि 'हमें बस इतना पता था कि वह बेलदारी करता है. उसने कभी नहीं बताया कि वह किसके साथ रहता है? जब पिता से पूछा गया कि क्या लोकेश ने कभी बताया कि वह किसके साथ रहता है, तो उन्होंने साफ कहा कि वह मुझसे कहता है कि मैं किसी के साथ नहीं रहता हूं.' लोकेश के दिनचर्या के बारे में पूछने पर पिता ने बताया कि वह बेलदारी का काम करता था.

लोकेश और सोशल मीडिया

जब पिता से पूछा गया कि लोकेश के पास फोन था और क्या वह सोशल मीडिया चलाता था, तो उन्होंने बताया कि हां, 2 से 3 हजार का फोन था. वहीं आकर घर में देखता रहता था. सोशल मीडिया पर क्या करता था, मुझे नहीं पता. गाने सुनता रहता था." इसके अलावा पिता ने यह भी बताया कि लोकेश आठ दिन के लिए घर से बाहर गया था, लेकिन वह कहां और किसके साथ गया, इसकी जानकारी परिवार को नहीं थी. घर में उसने आज तक एक रुपये भी नहीं दिया.

भाई लकी का खुलासा

लोकेश के भाई लकी, जो बीए की पढ़ाई कर रहा है और वेटर का काम करता है, ने बताया कि 'लोकेश पढ़ा-लिखा नहीं था, बस पांचवीं तक पढ़ा. अपने नाम लिखना नहीं आता था, दूसरों से नाम लिखवाता था. सोशल मीडिया पर उसकी इंस्टाग्राम ID थी, जहां वह गाने सुनाता और रील चलाता था." लकी ने आगे कहा कि लोकेश घर में काम करता था, लेकिन दोस्तों के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं थी. वह फोन 10 से 11 बजे तक इस्तेमाल करता और फिर सो जाता.

घर और भारत का मानचित्र

लोकेश के घर में भारत का मानचित्र लगा हुआ था. जब लकी से पूछा गया कि यह चित्र किसने लगाया, तो उसने बताया कि "मैंने लगाया. मैं उसके दोस्तों से ज्यादा मतलब नहीं रखता." लकी ने यह भी बताया कि लोकेश बेलदारी में कितना कमाता था, इसके बारे में कोई खास जानकारी नहीं थी.

नाम और पहचान

लोकेश के चार नाम थे: लोकेश, पपला पंडित, बाबू और संजू. लकी ने कहा कि 'असली नाम तो लोकेश है, प्यार से हम लोग उसे बाबू कहते हैं. पपला पंडित नाम काम पर किसी ने रखा.' घर की स्थिति कुछ ठीक नहीं थी और लोकेश के आठ दिन के गायब रहने की जानकारी किसी को नहीं थी.

Similar News