संभल के SP बने 'रहमान डकैत', IPS Anshika Verma ने भी 'लंदन ठुमक दा' गाने पर मचाया कहर- देखिए VIDEO

संभल के SP कृष्ण कुमार बिश्नोई ने ‘रहमान डकैत’ स्टाइल में जिप्सी से एंट्री लेकर पुलिस लाइन में जमकर डांस किया. वहीं IPS अंशिका वर्मा का ‘लंदन ठुमकदा’ वीडियो भी वायरल हो रहा है.

( Image Source:  @TweetAbhishekA- X )
By :  सागर द्विवेदी
Updated On : 6 March 2026 4:32 PM IST

उत्तर प्रदेश में होली का रंग अभी पूरी तरह फीका भी नहीं पड़ा कि संभल से एक ऐसा नज़ारा सामने आया, जिसने सोशल मीडिया पर धूम मचा दी. यहां पुलिस लाइन में होली का जश्न किसी फिल्मी सीन से कम नहीं लगा. संभल के पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई ने जब 'रहमान डकैत' के अंदाज में एंट्री ली तो पूरा पुलिस मैदान तालियों और ठहाकों से गूंज उठा.

शिकारियों वाली हैट, खुली जिप्सी और बैकग्राउंड में बजता फिल्मी गाना… जैसे ही ‘धुरंधर’ मूवी का गाना गूंजा, एसपी बिश्नोई का फिल्मी अंदाज देखने लायक था. पहले उन्होंने जिप्सी में खड़े होकर ठुमके लगाए और फिर नीचे उतरकर पुलिसकर्मियों के साथ ऐसा डांस किया कि पूरा माहौल रंग और मस्ती से सराबोर हो गया.

संभल में पुलिस की होली इतनी खास क्यों रही?

दरअसल, उत्तर प्रदेश में परंपरा है कि आम लोगों के बाद पुलिसकर्मी अपनी अलग होली मनाते हैं. संभल में गुरुवार को झंडा मेला होने की वजह से पुलिस की होली एक दिन बाद यानी शुक्रवार को खेली गई. इसी मौके पर पुलिस लाइन में ऐसा जश्न हुआ, जिसने सभी को हैरान कर दिया.

सुबह से ही पुलिसकर्मियों ने मैदान में गड्ढा खोदकर उसमें फायर ब्रिगेड की मदद से पानी भर दिया. इसी बीच एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई अधिकारियों के साथ खुली जिप्सी में पहुंचे. जैसे ही डीजे पर फिल्मी गाना बजा, एसपी जिप्सी में ही झूमने लगे और फिर नीचे उतरकर ‘रहमान डकैत’ की स्टाइल में डांस शुरू कर दिया.

SP बिश्नोई ने ‘रहमान डकैत’ वाला अंदाज कैसे दिखाया?

एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने अक्षय खन्ना के मशहूर किरदार ‘रहमान डकैत’ की स्टाइल को हूबहू मंच पर उतार दिया. उन्होंने सिर पर शिकारी हैट पहन रखी थी और पूरे जोश के साथ फिल्मी स्टेप्स करते दिखे. इतना ही नहीं, उन्होंने फायर ब्रिगेड की पाइप से पुलिसकर्मियों पर पानी की बौछारें भी डालीं. ‘पीले-पीले ओ मेरे जानी’ और ‘गुलाब जइसन खिलल बाड़ू’ जैसे गानों पर भी एसपी और पुलिसकर्मी जमकर थिरकते नजर आए.

क्या पुलिसवालों ने भी जमकर मस्ती की?

पुलिस लाइन में होली का रंग इतना चढ़ा कि पुलिसकर्मी एक-दूसरे को दौड़ाकर रंग लगाते दिखे. कई जगह कपड़ा फाड़ होली भी खेली गई. डीजे की धुन पर पुलिसकर्मी नाचते रहे और फिर पानी से भरे गड्ढे में कूदकर कीचड़ वाली होली खेलने लगे. एसपी बिश्नोई भी पीछे नहीं रहे. उन्होंने सिपाहियों के साथ जमीन पर पुशअप लगाए और फिर खुद भी पानी से भरे गड्ढे में उतरकर डांस करने लगे.

क्या सिर्फ संभल में ही ऐसा नजारा देखने को मिला?

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने अनोखे अंदाज में होली मनाई. बरेली में आईपीएस अंशिका वर्मा ने काला चश्मा लगाकर ‘लंदन ठुमकदा’ गाने पर डांस किया, जबकि एसएसपी अनुराग आर्य नकली बाल लगाकर भांगड़ा करते नजर आए. उन्होंने फिल्मी गाने ‘चुम्मा-चुम्मा दे दे’ पर भी जमकर ठुमके लगाए.

लखनऊ, वाराणसी और झांसी में कैसा रहा पुलिस का होली जश्न?

लखनऊ में पुलिस कमिश्नर अमरेंद्र सिंह सेंगर राजा के अंदाज में बग्घी पर सवार होकर निकले. बग्घी की लगाम ADCP जितेंद्र दुबे संभालते नजर आए. शोभायात्रा में महिला पुलिसकर्मियों ने विंटेज कार पर खड़े होकर डांस किया. झांसी में एसएसपी बीबी जीटीएस मूर्ति को पुलिसकर्मियों ने कंधों पर उठाकर नचाया और फिर कीचड़ में गिरा दिया. वहीं वाराणसी में जिलाधिकारी सत्येंद्र झा ने पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल पर पिचकारी से रंग डाला. जवाब में पुलिस कमिश्नर ने उन्हें रंग से भरे बाथटब में डुबो दिया.

अन्य जिलों में क्या-क्या हुआ?

बलरामपुर में डीएम विपिन कुमार जैन और एसपी विकास कुमार ने साथ मिलकर ‘सुभानल्लाह…’ गाना गाया. चंदौली में एसपी आदित्य लाग्हे ‘लॉलीपॉप लागेलू…’ और ‘छलकत हमरो जवनिया ये राजा…’ गानों पर नाचते दिखे. जौनपुर में डीएम डॉ. दिनेश चंद्र ने ‘होली खेले रघुबीरा अवध में…’ गाना गाया, जबकि एसपी कुंवर अनुपम सिंह और आईपीएस सृष्टि जैन डांस करते नजर आए.

बरेली में अफसरों की होली क्यों चर्चा में रही?

बरेली में एडीजी रमित शर्मा के आवास पर आयोजित होली मिलन कार्यक्रम में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की मस्ती देखने लायक थी. ढोल-नगाड़ों और डीजे की धुन पर अफसरों ने जमकर डांस किया. जब एडीजी रमित शर्मा बाहर नहीं निकले तो एसएसपी अनुराग आर्य ने गाना गाकर उन्हें बुलाया - “तुम खूब लगती हो…” इसके बाद डीआईजी अजय साहनी ने माइक लेकर कहा कि “बाहर निकलिए, आपने वादा किया था.” थोड़ी देर बाद एडीजी बाहर आए और फिर रंग-गुलाल के साथ जश्न शुरू हो गया.

Similar News