नोएडा में पहली बार काशी की गंगा आरती की तर्ज पर मां यमुना की भव्य महाआरती का आयोजन किया जाएगा. 7 नवंबर को सेक्टर-94 स्थित यमुना तट पर कालिंदी कुंज पुल के पास ‘श्री यमुना सनातन ज्योति महासंगम-2026’ आयोजित होगा. इस दौरान यमुना तट को 21 हजार दीपों से रोशन किया जाएगा. वहीं, काशी से आए 11 वैदिक आचार्य मां यमुना की महाआरती करेंगे.

आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम दोपहर 3 बजे से शाम 7 बजे तक चलेगा. इस दौरान वैदिक महायज्ञ, सामूहिक दीपदान, सांस्कृतिक कार्यक्रम और वैदिक मंत्रोच्चार भी होगा. आयोजन में नोएडा के अलावा दिल्ली-एनसीआर से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है.

अखिल भारतीय गुरुकुल एवं गौशाला अनुसंधान संस्थान की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ यमुना की स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देना है. आयोजकों का कहना है कि काशी और अयोध्या की तरह नोएडा में भी मां यमुना की आराधना की एक स्थायी सांस्कृतिक परंपरा शुरू करने का प्रयास किया जा रहा है.

कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं और युवाओं को यमुना को स्वच्छ रखने और नदियों के संरक्षण का संकल्प भी दिलाया जाएगा. आयोजकों ने लोगों से परिवार सहित इस महासंगम में शामिल होने की अपील की है. इस महाआरती में सांसद डॉ महेश शर्मा के साथ विधायक पंकज सिंह, डीएम मेधा रूपम, सीपी लक्ष्मी सिंह नोएडा ऑथोरिटी के सीईओ कृष्ण करुणेश शामिल होंगे.