ग्रेटर नोएडा के जेवर थाना क्षेत्र में बाइक टकराने के विवाद में सेना के जवान पर हमला करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोप है कि तीन युवकों ने छुट्टी पर घर आए सेना के जवान रॉकी तालान के साथ मारपीट की और नुकीली लोहे की वस्तु से उसकी नाक पर वार कर दिया.

हमले में जवान की नाक का अगला हिस्सा कट गया. आरोपियों ने उसकी जांघ पर हथौड़े से भी हमला किया था. घायल जवान का अस्पताल में उपचार कराया गया.

क्या है मामला?

जानकारी के मुताबिक, अलीगढ़ के बुढ़ाका गांव निवासी रॉकी तालान बुधवार देर शाम जेवर क्षेत्र में अपने गांव की ओर जा रहे थे. आर एंड आर टाउनशिप के पास उनकी बाइक की एक युवक की मोटरसाइकिल से टक्कर हो गई. इसके बाद दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई. आरोप है कि दूसरे युवक ने रॉकी के साथ मारपीट शुरू कर दी. कुछ देर बाद उसके दो साथी भी मौके पर पहुंच गए और तीनों ने मिलकर जवान के साथ मारपीट की.

आरोप है कि मारपीट के दौरान एक आरोपी ने नुकीली लोहे की वस्तु से रॉकी की नाक पर वार कर दिया. इससे उनकी नाक का अगला हिस्सा कट गया और काफी खून बहने लगा. इसी दौरान उनकी जांघ पर हथौड़े से भी हमला किए जाने का आरोप है. गंभीर रूप से घायल जवान को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है.

परिवार ने क्या कहा?

परिजनों के मुताबिक, रॉकी भारतीय सेना में तैनात हैं और लद्दाख के सियाचिन ग्लेशियर बेस कैंप में पांच जाट बटालियन के साथ ड्यूटी कर रहे हैं. वह छुट्टी लेकर घर आए हुए थे. घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की.

पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर घायल जवान का मेडिकल कराया. थाना प्रभारी के मुताबिक, मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस तीसरे आरोपी की भूमिका की भी जांच कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.