तमिलनाडु एक्सप्रेस में ट्रॉली बैग से मिली लाश, सिर समेत कई अंग गायब... चेन्नई से आगरा तक मचा हड़कंप- देखिए VIDEO

चेन्नई से दिल्ली आ रही तमिलनाडु एक्सप्रेस की जनरल बोगी में ट्रॉली बैग से मानव अवशेष मिलने से सनसनी. सिर गायब, GRP-RPF जांच में जुटी, CCTV खंगाले जा रहे हैं.

( Image Source:  @Sa-chingupta-X )

चेन्नई से नई दिल्ली आ रही तमिलनाडु एक्सप्रेस में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब ट्रेन की जनरल बोगी में पड़े एक संदिग्ध लाल रंग के ट्रॉली बैग से मानव अवशेष मिलने की सूचना मिली. सूचना मिलते ही आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और सरकारी रेलवे पुलिस (GRP) की टीम सक्रिय हो गई. ट्रेन के प्लेटफॉर्म पर पहुंचते ही बैग को कब्जे में लिया गया और जब उसे खोला गया तो अंदर का दृश्य देखकर मौजूद पुलिसकर्मी भी सन्न रह गए.

प्रारंभिक जांच में ट्रॉली बैग के भीतर मानव शरीर के कुछ हिस्से मिले हैं. शव पूरी तरह नहीं था और उसके कई महत्वपूर्ण अंग, जिनमें सिर भी शामिल बताया जा रहा है, गायब थे. शव के अवशेष पॉलीथिन में पैक किए गए थे, जिससे आशंका जताई जा रही है कि हत्या के बाद पहचान छिपाने की कोशिश की गई है.

कंट्रोल रूम को मिली सूचना, आगरा में उतारा गया बैग

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, ट्रेन के आगरा पहुंचने से पहले रेलवे कंट्रोल रूम को सूचना मिली थी कि तमिलनाडु एक्सप्रेस की जनरल बोगी में एक संदिग्ध ट्रॉली बैग पड़ा है. सूचना मिलते ही आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम को अलर्ट कर दिया गया. बुधवार सुबह करीब 5 बजे ट्रेन के प्लेटफॉर्म नंबर-3 पर पहुंचते ही अधिकारियों ने ट्रॉली बैग को ट्रेन से उतारकर उसकी जांच शुरू की.

बैग खोलते ही मिले मानव अवशेष

जांच के दौरान ट्रॉली बैग के अंदर पॉलीथिन में पैक मानव शरीर के कई अवशेष मिले. इनमें एक हाथ का पंजा और पेट का हिस्सा समेत अन्य अंग शामिल थे. शव काफी पुराना प्रतीत हो रहा था, जिससे माना जा रहा है कि हत्या कुछ दिन पहले की गई होगी. पुलिस को बैग से ऐसा कोई दस्तावेज, पहचान पत्र या अन्य सामान नहीं मिला, जिससे मृतक की पहचान की जा सके.

पहचान छिपाने के लिए शव के किए गए टुकड़े?

प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस को आशंका है कि हत्या के बाद शव के कई टुकड़े किए गए ताकि मृतक की पहचान न हो सके. शरीर के कई हिस्से गायब होने से यह संदेह और गहरा हो गया है कि शव को अलग-अलग स्थानों पर ठिकाने लगाने की कोशिश की गई होगी. ट्रॉली बैग में मिले अवशेषों को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारण और हत्या के तरीके को लेकर अधिक जानकारी सामने आ सकेगी.

चेन्नई से जुड़े होने की आशंका

जांच के दौरान ट्रॉली बैग में लगी पॉलीथिन पर चेन्नई से संबंधित स्लिप मिलने की जानकारी सामने आई है. इसी आधार पर पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं शव चेन्नई से ही ट्रेन में तो नहीं रखा गया था. हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि बैग चेन्नई स्टेशन से ट्रेन में रखा गया या फिर रास्ते में किसी अन्य स्टेशन पर चढ़ाया गया.

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

जीआरपी और आरपीएफ अब चेन्नई से आगरा के बीच पड़ने वाले प्रमुख रेलवे स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही हैं. जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि संदिग्ध ट्रॉली बैग किस स्टेशन पर ट्रेन में रखा गया और उसे लेकर कौन व्यक्ति आया था. इसके लिए चेन्नई से लेकर आगरा तक के सभी संबंधित रेलवे स्टेशनों को अलर्ट कर दिया गया है और फुटेज सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए हैं.

एसपी जीआरपी ने क्या कहा?

जीआरपी के पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार झा ने बताया कि बरामद शव कई दिन पुराना प्रतीत होता है. मृतक की पहचान और इस सनसनीखेज वारदात के पीछे शामिल लोगों तक पहुंचने के लिए सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है. चेन्नई से आगरा के बीच आने वाले रेलवे स्टेशनों की आरपीएफ और जीआरपी से भी समन्वय स्थापित किया गया है. उन्होंने कहा कि फिलहाल पुलिस की प्राथमिकता मृतक की पहचान करना और यह पता लगाना है कि ट्रॉली बैग ट्रेन में कब और किसने रखा.

कई सवालों के जवाब तलाश रही जांच

यह मामला अब कई अहम सवाल खड़े कर रहा है. मृतक कौन है? हत्या कहां हुई? शव के बाकी अंग कहां हैं? ट्रॉली बैग ट्रेन में किसने रखा? क्या आरोपी अकेला था या इसके पीछे किसी गिरोह का हाथ है? इन सभी सवालों के जवाब फिलहाल जांच के बाद ही सामने आएंगे. फिलहाल आगरा जीआरपी, आरपीएफ और फोरेंसिक टीम मिलकर पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई हैं.

Similar News