ग्रेटर नोएडा के बिसरख थाना क्षेत्र में 25 वर्षीय एक युवक ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. मृतक की पहचान अजय सिंह के रूप में हुई है, जो मूल रूप से कानपुर देहात का रहने वाला था और ग्रेटर नोएडा में रहकर ऑनलाइन डिलीवरी का काम करता था.

पुलिस के अनुसार, अजय का शव 29 सितंबर को मिलक लच्छी क्षेत्र स्थित उसके किराए के मकान में फंदे से लटका मिला. सूचना मिलने के बाद बिसरख थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.



बिसरख थाना प्रभारी ने क्या बताया?

  • बिसरख थाना प्रभारी ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची. पुलिस अधिकारी और फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया. मृतक के पिता की लिखित तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
  • अजय ने आत्महत्या से पहले कथित तौर पर एक वीडियो बनाया था. वीडियो में उसने अपनी पत्नी पर प्रताड़ित करने और दूसरे युवकों से फोन पर बातचीत करने का आरोप लगाया है.
  • अजय ने दावा किया कि उसे पत्नी की बातचीत की जानकारी कॉल हिस्ट्री से मिली थी और इसको लेकर दोनों के बीच विवाद होता था. उसने पत्नी पर गाली-गलौज करने का आरोप भी लगाया.
  • वीडियो में अजय ने कथित तौर पर कहा कि वह परेशान होकर दुनिया छोड़ रहा है और अपनी मौत के लिए पत्नी को जिम्मेदार बताया.
  • बताया जा रहा है कि घटना से करीब एक सप्ताह पहले उसकी पत्नी अपने मायके उन्नाव चली गई थी.


पुलिस का कहना है कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और वीडियो समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।