पंजाब की दो यूनिवर्सिटी में करीब 24 घंटे के भीतर सोशल मीडिया पर वायरल दावों को लेकर छात्रों का गुस्सा सड़कों पर उतर आया. पहले फगवाड़ा की लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में शनिवार देर रात करीब 2 बजे बड़ी तादाद में छात्र जमा हो गए. सोशल मीडिया ग्रुप्स में एक छात्रा के साथ कथित रेप की खबर तेजी से फैली, जिसके बाद प्रदर्शन शुरू हो गया. देखते ही देखते मामला तोड़फोड़ और आगजनी की सूचना तक पहुंच गया. छात्र यूनिवर्सिटी गेट के बाहर पहुंचे और बाद में हाईवे पर धरना देकर रास्ता रोक दिया. पुलिस को मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालनी पड़ी.

इसके कुछ घंटे पहले पटियाला जिले के राजपुरा स्थित चितकारा यूनिवर्सिटी में भी सोशल मीडिया पर फैले दावों ने छात्रों के बीच बेचैनी पैदा कर दी थी. यहां दो छात्राओं की मौत से जुड़े दावे चर्चा में थे. हॉस्टल से कथित तौर पर चीखें सुनाई देने और गर्ल्स हॉस्टल में एक पुजारी की मौजूदगी को लेकर भी सवाल उठाए गए. छात्रों ने यूनिवर्सिटी प्रशासन से उस रात की घटना को लेकर स्पष्ट जानकारी मांगी. हालांकि, यूनिवर्सिटी प्रशासन ने किसी मौत या आत्महत्या की घटना से इनकार किया है. पुलिस ने वायरल दावों की जांच शुरू कर दी है.

10 Points में जानें पूरा मामला

1. लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में शनिवार देर रात सोशल मीडिया पर एक मैसेज तेजी से वायरल हुआ. इसमें दावा किया गया कि किसी बाहरी व्यक्ति ने एक छात्रा के साथ रेप किया है.

2. मैसेज वायरल होने के बाद छात्रों की भीड़ गर्ल्स हॉस्टल के पास जमा होने लगी. रात करीब 2 बजे प्रदर्शन ने जोर पकड़ लिया और बड़ी संख्या में छात्र विरोध में उतर आए.

3. प्रदर्शन के दौरान यूनिवर्सिटी परिसर के एक हिस्से में तोड़फोड़ की गई. यूनिवर्सिटी गेट को भी नुकसान पहुंचने की जानकारी सामने आई.

4. कैंपस में एक गाड़ी में आग लगाए जाने की सूचना भी सामने आई. इसके बाद प्रदर्शनकारी यूनिवर्सिटी से बाहर निकलकर हाईवे की तरफ पहुंच गए.

5. छात्रों ने चंडीगढ़-अमृतसर राष्ट्रीय राजमार्ग पर धरना देकर रास्ता रोक दिया. इससे यातायात प्रभावित हुआ और मौके पर पुलिस बल तैनात करना पड़ा.

6. कपूरथला के पुलिस अधीक्षक गौरव तूरा भी मौके पर पहुंचे. पुलिस ने साफ किया कि सोशल मीडिया पर वायरल रेप का दावा अभी तक साबित नहीं हुआ है और मामले की जांच की जा रही है.

7. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि छात्रा के साथ वास्तव में कोई घटना हुई थी या नहीं. इसके साथ ही उस सोशल मीडिया मैसेज की भी जांच की जा रही है, जिसके बाद यूनिवर्सिटी में प्रदर्शन शुरू हुआ.

8. इसी दौरान पटियाला जिले के राजपुरा स्थित चितकारा यूनिवर्सिटी में भी छात्रों के प्रदर्शन की जानकारी सामने आई. यहां शुक्रवार रात करीब 11:30 से 11:45 बजे के बीच प्रदर्शन शुरू होने की बात कही गई है.

9. चितकारा यूनिवर्सिटी में दो छात्राओं की मौत से जुड़े दावे छात्रों के बीच चर्चा में थे. हॉस्टल से कथित तौर पर चीखें सुनाई देने और गर्ल्स हॉस्टल तथा कैंपस में एक पुजारी की मौजूदगी को लेकर भी सवाल उठाए गए. छात्रों ने प्रशासन से पूरी घटना पर स्पष्ट और तथ्यात्मक जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की. हालांकि, यूनिवर्सिटी प्रशासन ने किसी मौत या आत्महत्या की घटना से इनकार किया है.

10.  लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) ने सोशल मीडिया पर फैल रही उन खबरों और अफवाहों को ‘झूठा और मनगढ़ंत’ बताया है, जिनमें दावा किया गया था कि किसी बाहरी व्यक्ति ने एक छात्रा के साथ रेप किया है. इस दावे के बाद यूनिवर्सिटी कैंपस में विरोध प्रदर्शन और हंगामा हुआ था.