पंजाब के फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में रविवार को छात्रों के प्रदर्शन ने हिंसक रूप ले लिया. कैंपस के अंदर धमाकों की आवाजें सुनी गईं और कई पुलिसकर्मी घायल हो गए. प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की तीन SUV गाड़ियों को भी आग के हवाले कर दिया.

LPU कैंपस के बाहर भी देर रात तक तनाव की स्थिति बनी रही. छात्रों ने कथित तौर पर पुलिसकर्मियों पर कांच की बोतलें फेंकीं, जिसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज किया. प्रदर्शनकारियों ने कैंपस के अंदर कुछ अकादमिक इमारतों में भी आग लगा दी. इसके कारण पुलिसकर्मियों को कुछ समय तक कैंपस के अंदर जाने में परेशानी हुई. बाद में पुलिस बल दोबारा एकजुट हुआ और रात करीब 10:50 बजे LPU कैंपस में दाखिल हुआ. पुलिसकर्मियों के पास लाठियां और आंसू गैस के गोले दागने वाली बंदूकें थीं.

आखिर क्यों शुरू हुआ LPU में प्रदर्शन?

LPU में शनिवार से छात्रों का प्रदर्शन चल रहा था. यह प्रदर्शन एक कथित रेप और आत्महत्या के मामले की खबर सामने आने के बाद शुरू हुआ था. इससे एक दिन पहले पटियाला की चितकारा यूनिवर्सिटी में भी इसी तरह का प्रदर्शन हुआ था. शनिवार को LPU में छात्रों का प्रदर्शन हिंसक हो गया था. प्रदर्शनकारियों ने कथित तौर पर संपत्ति को नुकसान पहुंचाया, खिड़कियों के शीशे तोड़े और कैंपस की कुछ इमारतों के हिस्सों में आग लगा दी.

छात्रों ने शनिवार सुबह करीब 4 बजे यूनिवर्सिटी के बाहर दिल्ली-अमृतसर नेशनल हाईवे को भी जाम कर दिया था. छात्र कथित आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग कर रहे थे. हालांकि, यूनिवर्सिटी ने रेप और आत्महत्या के दावे को खारिज किया था. यूनिवर्सिटी ने कहा था कि कुछ "असामाजिक तत्व" छात्रों के बीच "अनावश्यक भ्रम पैदा" कर रहे हैं.

क्या सही में हुआ था रेप?

रविवार को इस मामले में FIR दर्ज की गई. जालंधर रेंज के DIG नवीन सिंगला ने रविवार को बताया कि LPU के G-3 हॉस्टल में रहने वाली एक छात्रा के साथ कथित तौर पर तीन दिन पहले रेप हुआ था. DIG सिंगला ने कहा कि शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि कथित घटना तीन दिन पहले हुई थी. घटना के बाद छात्रा अपने घर लौट गई है.

DIG नवीन सिंगला ने कहा, "घटना के बाद पीड़िता अपने घर चली गई है. हमने उसका बयान दर्ज कर लिया है और जरूरी धाराओं के तहत FIR दर्ज करने की प्रक्रिया पूरी की गई है. मामले की पूरी तरह जांच की जाएगी. सभी डिजिटल और तकनीकी सबूतों को जांच का हिस्सा बनाया जाएगा." उन्होंने कहा कि जांच वैज्ञानिक तरीके से की जाएगी. साथ ही छात्र संघ के प्रतिनिधियों को भी जांच में शामिल किया जाएगा.

तेलंगाना के छात्र की आत्महत्या का मुद्दा भी उठा?

DIG सिंगला ने बताया कि प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने यूनिवर्सिटी कैंपस में करीब दो सप्ताह पहले तेलंगाना के एक छात्र की आत्महत्या का मुद्दा भी उठाया. पुलिस ने छात्र के परिवार के सदस्यों के बयान दर्ज करने के बाद भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 174 के तहत इनक्वेस्ट कार्रवाई शुरू की थी.

DIG सिंगला ने कहा कि छात्रों की मांग पर इस मामले की भी जांच शुरू कर दी गई है. उन्होंने बताया कि छात्रों ने अपने-अपने लड़कों और लड़कियों के हॉस्टल की सुरक्षा और मैनेजमेंट से जुड़े दूसरे मुद्दे भी उठाए हैं. उन्होंने कहा कि छात्रों और यूनिवर्सिटी मैनेजमेंट के साथ एक समन्वित बैठक दोपहर 12 बजे आयोजित की जाएगी.

यूनिवर्सिटी ने क्या कहा?

इससे पहले LPU के डीन सोराब लक्ष्मणपाल ने कहा था कि यूनिवर्सिटी ने छात्रों की चिंताओं को गंभीरता से लिया है. ANI के मुताबिक, यूनिवर्सिटी ने छात्रों को CCTV फुटेज देखने और उनके द्वारा बताए गए कमरे में जाकर देखने की अनुमति भी दी थी. उन्होंने कहा कि यूनिवर्सिटी ने छात्रों को कई बार अपने सहयोग का भरोसा दिया और उनसे औपचारिक शिकायत दर्ज कराने के लिए कहा. हालांकि, लक्ष्मणपाल के मुताबिक, यूनिवर्सिटी ने मामले की आगे जांच की तो उसे ऐसा लगा कि पूरी स्थिति "अफवाहों पर आधारित" थी.

रात में कैंपस में दाखिल हुई पुलिस

रविवार को प्रदर्शन के दौरान स्थिति और बिगड़ गई. कैंपस के अंदर धमाकों की आवाजें सुनाई दीं और कई पुलिसकर्मी घायल हुए. प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की तीन SUV में आग लगा दी. कैंपस के अंदर अकादमिक इमारतों में आग लगाए जाने के बाद पुलिस को अंदर जाने में भी मुश्किल का सामना करना पड़ा. बाद में पुलिस बल ने दोबारा मोर्चा संभाला और रात करीब 10:50 बजे LPU कैंपस में प्रवेश किया.

पुलिस के पास लाठियां और आंसू गैस को गोले थे. कैंपस और उसके आसपास तनाव के बीच पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने की कार्रवाई की. फिलहाल छात्रों की प्रमुख मांगों में कथित रेप मामले की जांच, संबंधित मामले में FIR और कार्रवाई, तेलंगाना के छात्र की आत्महत्या की जांच तथा हॉस्टल की सुरक्षा और मैनेजमेंट से जुड़े मुद्दे शामिल हैं. पुलिस और यूनिवर्सिटी प्रशासन की ओर से इन मुद्दों पर आगे की बातचीत की जानी है.