Punjab Elections 2027: आम आदमी पार्टी ने अगले साल पंजाब में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं. इसी कड़ी में AAP ने 31 अक्टूबर, शनिवार को अपनी पहली लिस्ट जारी की. पार्टी के नेशनल सेक्रेटरी पंकज कुमार गुप्ता की ओर से जारी इस लिस्ट के मुताबिक, मुख्यमंत्री भगवंत मान समेत कुल 40 नाम शामिल है. इस लिस्ट में मान का नाम 39वें नंबर पर है, जिससे यह सवाल खड़ा हो गया है कि CM का नाम इस लिस्ट में इतना नीचे क्यों है?

AAP की 40 उम्मीदवारों की लिस्ट में कई मौजूदा मंत्री और बड़े नाम शामिल हैं. मंत्री संजीव अरोड़ा को लुधियाना वेस्ट से टिकट दिया गया है. ये सबसे नए कैबिनेट मंत्री हैं. जुलाई 2025 में मान कैबिनेट में आए. इनके पास Industries, Investment Promotion, Power और Local Bodies जैसे बड़े विभाग हैं.

 

कुलतार सिंह संधवां विधानसभा स्पीकर है. उन्हें कोटकपूरा से प्रत्याशी बनाया गया है. वहीं, पूर्व मंत्रियों ब्रम शंकर शर्मा जिम्पा को होशियारपुर और बलकार सिंह को करतारपुर से टिकट दिया गया है. ये दोनों सितंबर 2024 के reshuffle में कैबिनेट से हटाए गए थे. कुलदीप सिंह धालीवाल को अजनाला और डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जर को अमृतसर साउथ से उम्मीदवार घोषित किया गया है. बाकी ज्यादातर नाम मौजूदा विधायक ही हैं जिन्हें AAP ने दोबारा टिकट दिया है.

 

भगवंत मान का नाम लिस्ट में 39वें नंबर पर क्यों है?

भगवंत मान का नाम लिस्ट में 39वें नंबर पर देखकर भले ही आप चौंक गए हों, लेकिन यह नई बात नहीं है. दरअसल, हर विधानसभा को एक नंबर दिया जाता है. उस हिसाब से धुरी विधानसभा 107वें नंबर पर आती है. इसी वजह से मान का नाम 39वें नंबर पर है.

धुरी सीट : एक नजर में

  • धुरी सीट पंजाब की सबसे हाई-प्रोफाइल सीटों में से एक है. मुख्यमंत्री भगवंत मान वर्तमान में इसी सीट से विधायक हैं. यह विधानसभा क्षेत्र संगरूर जिले में आता है.
  • धुरी सामान्य सीट है. पिछली बार 2022 के चुनाव में मुख्यमंत्री चेहरा रहे भगवंत मान ने यहां से रिकॉर्ड जीत दर्ज की थी. उन्होंने कांग्रेस के दलवीर सिंह गोल्डी को 58,206 वोटों के भारी अंतर से हराया था. उन्हें कुल 64.69% वोट मिले थे.
  • इससे पहले 2015 के उपचुनाव में शिरोमणि अकाल दल (SAD) के गोबिंद सिंह लोंगोवाल ने, 2012 में कांग्रेस के अरविंद खन्ना, 2007 में निर्दलीय इकबाल सिंह झुंदन और 2002 में SAD के गगनजीत सिंह नेे जीत दर्ज की थी.
  • आम आदमी पार्टी ने आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए जो 40 उम्मीदवारों की अपनी पहली लिस्ट जारी की है, उसमें मुख्यमंत्री भगवंत मान को दोबारा धुरी सीट से ही उम्मीदवार बनाया गया है.
  • ऐतिहासिक रूप से इस सीट पर कांग्रेस औ SAD का प्रभाव रहा है. 2017 में यहां से कांग्रेस के दलवीर सिंह गोल्डी जीते थे, जबकि उससे पहले 2012 में भी कांग्रेस के अरविंद खन्ना यहां से विधायक बने थे. 2022 में पहली बार यह सीट AAP के खाते में आई.
  • 2022 के अनुसार धुरी विधानसभा में 1 लाख 66 हजार 143 मतदाता हैं. इनमें 73.5 फीसदी ग्रामीण और 26.5 फीसदी शहरी मतदाता शामिल हैं. SC मतदाताओं की संख्या 30.16 फीसदी है.

धुरी मुख्यमंत्री का अपना निर्वाचन क्षेत्र है. इसलिए पिछले चार वर्षों में यहाँ नए अस्पतालों का निर्माण, सड़कों का चौड़ीकरण, स्कूलों का कायाकल्प और मोहल्ला क्लीनिक जैसी कई विकास परियोजनाओं पर काम हुआ है. हालांकि, विपक्ष और स्थानीय विमर्श में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा जैसे मुद्दे भी चर्चा में बने रहते हैं.