उज्जैन में शाही मस्जिद के सड़क चौड़ीकरण से जुड़े मामले में सोमवार को दिनभर तनाव और कार्रवाई का दौर चलता रहा. मस्जिद के सड़क के दायरे में आ रहे हिस्से को हटाने को लेकर सुबह विरोध प्रदर्शन हुआ और कुछ लोगों की पुलिस से झड़प के बाद पथराव किया गया. पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस और लाठीचार्ज का इस्तेमाल किया.

इस दौरान महिला थाना प्रभारी के घायल होने की भी जानकारी सामने आई. बाद में पुलिस ने इलाके में सुरक्षा बढ़ाई और कुछ लोगों को हिरासत में लिया. इसी बीच मध्य प्रदेश हाईकोर्ट में मामले की सुनवाई हुई, जहां मस्जिद कमेटी और नगर निगम के बीच हुए समझौते के आधार पर दो अपीलों का निपटारा कर दिया गया. प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की. इसी के साथ आइए जानते हैं अब शादी मस्जिद में क्या हालात है और दिनभर के बड़े Updates

1. शाही मस्जिद के हिस्से को हटाने पर शुरू हुआ विवाद

सिंहस्थ कुंभ 2028 को देखते हुए उज्जैन में कंठाल चौराहे से गोपाल मंदिर तक सड़क को 15 मीटर चौड़ा करने का काम चल रहा है. इसी सड़क के दायरे में शाही मस्जिद का एक हिस्सा भी आ रहा है जिसे हटाया जा रहा है वहीं सोशल मीडिया में कुछ वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें जिन लोगों मस्जिद को बनाया वहीं अल्लाह-अल्लाह करके हटा रहे हैं.

2. सोमवार सुबह विरोध के बाद बिगड़ा माहौल

मस्जिद का हिस्सा हटाने की कार्रवाई के दौरान विरोध शुरू हुआ. पुलिस के मुताबिक, कुछ लोगों ने पथराव किया, जिसके बाद स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस छोड़ी और बल प्रयोग किया हालांकि फिर से पथराव किया था फिलहाल स्थिति नियंत्रण में हैं.

3. महिला थाना प्रभारी के घायल होने की जानकारी

भीड़ को हटाने और स्थिति संभालने के दौरान महिला थाना प्रभारी के घायल होने की जानकारी सामने आई. इसके बाद इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया.

4. दोबारा हुआ पथराव, पुलिस ने संभाला मोर्चा

दोपहर के समय एक बार फिर पथराव की स्थिति बनी. पुलिस ने दोबारा लाठीचार्ज और आंसू गैस का इस्तेमाल कर भीड़ को हटाया. इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई.

5. कितने लोगों पर FIR और कार्रवाई?

दी गई जानकारी के मुताबिक, तीन थानों में 20 लोगों के खिलाफ मामले दर्ज किए गए हैं, जिनमें 8 नामजद बताए गए हैं. कुछ सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर भी FIR में शामिल हैं. 15 लोगों को हिरासत में लिए जाने की जानकारी है.

6. हाईकोर्ट ने क्या फैसला दिया?

मध्य प्रदेश हाईकोर्ट की इंदौर बेंच ने शाही मस्जिद से जुड़े दो मामलों में दायर अपीलों का निपटारा कर दिया. कोर्ट के सामने मस्जिद पक्ष और उज्जैन नगर निगम के बीच समझौते की जानकारी रखी गई थी.

7. मस्जिद कमेटी और निगम में क्या समझौता हुआ?

मस्जिद कमेटी के वकील के मुताबिक, सड़क के लिए करीब 3 फीट जगह देने और कुछ दुकानों को हटाने पर सहमति बनी है. बड़ी मीनार को दूसरी तरफ शिफ्ट करने और प्रभावित दुकानों के लिए दूसरी जगह देने की बात भी सामने आई है.

8. सड़क चौड़ीकरण में कितने ढांचे प्रभावित होंगे?

सिंहस्थ प्रोजेक्ट के तहत सड़क चौड़ीकरण के लिए बड़ी संख्या में संरचनाएं प्रभावित हो रही हैं. दी गई जानकारी के मुताबिक, सड़क के दायरे में 15 धर्मस्थल आए हैं, जिनमें से 12 को अब तक हटाया जा चुका है.

9. शाही मस्जिद कितनी पुरानी है?

उपलब्ध दस्तावेजों के मुताबिक शाही मस्जिद के 100 साल से ज्यादा पुराना होने की बात सामने आती है. वहीं मस्जिद के इमाम की ओर से इसे 600 साल से ज्यादा पुराना बताया गया है.

10. अब प्रशासन और पुलिस का क्या कहना है?

उज्जैन प्रशासन और शहर काजी ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है. पुलिस के मुताबिक, CCTV और ड्रोन से इलाके की निगरानी की जा रही है और पथराव या माहौल बिगाड़ने वालों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी. स्थिति को फिलहाल नियंत्रण में बताया गया है.