हिंदू राष्ट्र बनाने की बात करने वाले बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री एक कथित बयान को लेकर विवादों में घिर गए हैं. सोशल मीडिया पर उनका एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह भगवान श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण की तुलना करते नजर आ रहे हैं. आरोप है कि इस दौरान उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के स्वरूप, उनकी बांसुरी और वृंदावन धाम को लेकर ऐसी भाषा का इस्तेमाल किया, जिसे लेकर विवाद खड़ा हो गया है.

वीडियो में धीरेंद्र शास्त्री भगवान श्रीकृष्ण के तीन जगह से टेढ़े होने की बात कहते हुए इशारों में उनके खड़े होने के अंदाज का जिक्र करते हैं. इसके बाद वह भगवान राम के सीधे नाम, अयोध्या धाम और धनुष चलाने की तुलना श्रीकृष्ण की बांसुरी और वृंदावन से करते हैं. वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोग उनकी टिप्पणी पर सवाल उठा रहे हैं.

धीरेंद्र शास्त्री ने भगवान श्रीकृष्ण को लेकर क्या कहा?

वायरल वीडियो में धीरेंद्र शास्त्री कथा सुनाते हुए भगवान श्रीकृष्ण और भगवान राम के स्वरूप की तुलना करते सुनाई देते हैं. इस दौरान वह कहते हैं कि 'तुम अपने वाले एक भी ठाकुर जी की फोटो देख लो. कहीं ऐसे तो कहीं ऐसे. तुम्हारे वाले खड़े भी होते हैं तो तीन जगह से टेढ़े. पांव के ऊपर पांव, कमर कहीं लचकाएं, खपड़ियां कहीं और, बंसी बजाएं. हमारे वाले तो खड़े भी होते हैं और नाम भी सीधा और धाम भी सीधा और चलना भी सीधा. धाम अयोध्या, तुम्हारे वाले का वृंदावन.'

इसके बाद वह बांसुरी बजाने और धनुष चलाने की तुलना करते हुए कहते हैं- 'सुनो, बंसी का बजाना तो खेल भी है और धनुष चलाना खेल नहीं.' आगे धीरेंद्र शास्त्री कहते हैं: टजितने भी ठाकुर जी वाले बैठे हैं, आज तो तुम्हारे ठाकुर जी की जय-जयकार हो रही है. बंसी कोई बड़ी बात थोड़ी है, देखो बंसी तो ये भी बजा रहा है.'

इसके बाद वह भगवान राम और भगवान श्रीकृष्ण को मानने वाले लोगों से हाथ उठाने के लिए कहते हैं और दोनों के बीच तुलना करते हैं. वीडियो में उनकी इसी टिप्पणी को लेकर विवाद हो रहा है.

दामोदर यादव ने की कथाओं के बहिष्कार की अपील

धीरेंद्र शास्त्री के कथित बयान पर दामोदर यादव ने भी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने धीरेंद्र शास्त्री के खिलाफ बयान देते हुए सनातनियों और यादव समाज के लोगों से उनकी कथाओं का बहिष्कार करने की अपील की है. उनका कहना है कि भगवान श्रीकृष्ण को लेकर इस तरह की टिप्पणी स्वीकार नहीं की जा सकती.

सोशल मीडिया पर क्यों मचा बवाल?

धीरेंद्र शास्त्री के इस वीडियो के वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर बहस शुरू हो गई है. कुछ लोग इसे भगवान श्रीकृष्ण के अपमान से जोड़कर विरोध जता रहे हैं, तो वहीं इस बयान को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं. विवाद का मुख्य कारण भगवान राम और भगवान श्रीकृष्ण की तुलना के दौरान इस्तेमाल किए गए शब्द और उनके स्वरूप को लेकर की गई टिप्पणी है. फिलहाल वायरल वीडियो के आधार पर ही यह विवाद चर्चा में है. वीडियो का पूरा संदर्भ और धीरेंद्र शास्त्री की ओर से इस पर कोई स्पष्टीकरण सामने आने की स्थिति स्पष्ट होने पर मामले की तस्वीर और साफ हो सकेगी.