कैसे हुआ जमशेदपुर में भीषण हादसा, मंत्री दीपिका पांडे की बेटी समेत 4 की हो गई मौत; क्या बोले CM सोरेन?
जमेशदपुर में हुए भीषण सड़क हादसे में मंत्री दीपिका पांडे की बेटी समेत 4 लोगों की मौत हो गई. इस घटना पर राज्य के सीएम हेमंत सोरेन ने दुख जताया है. वहीं पुलिस जांच में जुटी है.
Jamshedpur Road Accident
(Image Source: X/ @ANI )झारखंड के जमशेदपुर में गुरुवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई. पुलिस के मुताबिक, सोनारी थाना क्षेत्र में मरीन ड्राइव रोड पर एक कार खड़े ट्रक से जा भिड़ी. हादसे में झारखंड की ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडे सिंह की बेटी भी सवार थीं और उनकी भी जान चली गई.
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव का काम शुरू किया. पुलिस अधिकारी ने बताया कि हादसे में मंत्री दीपिका पांडे सिंह की बेटी समेत कम से कम चार लोगों की मौत हुई है. हादसा तड़के हुआ, जिसके कारण घटनास्थल पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा.
कार में कौन-कौन था सवार?
पुलिस के अनुसार, दुर्घटना सोनारी थाना क्षेत्र में मरीन ड्राइव रोड पर हुई. जिस कार में मंत्री की बेटी समेत अन्य लोग सवार थे, वह सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से टकरा गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार में सवार चार लोगों की मौत हो गई. एक पुलिस अधिकारी ने हादसे की पुष्टि करते हुए कहा "ग्रामीण विकास और पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडे सिंह की बेटी समेत कम से कम चार लोगों की मौत हो गई है."
क्या बोले मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन?
हादसे की खबर सामने आने के बाद झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मृतकों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की. मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर लिखा "सह-मंत्री और बहन श्रीमती दीपिका पांडे सिंह जी की बेटी और अन्य व्यक्तियों के जमशेदपुर में राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक सड़क दुर्घटना में निधन की बेहद दुखद और हृदयविदारक खबर ने मेरे दिल को गहरा दुःख पहुंचाया है. अपने बच्चे को खोने का दर्द शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता और किसी भी माता-पिता और परिवार के लिए असहनीय होता है. इस बेहद मुश्किल घड़ी में मेरी गहरी संवेदनाएं बहन दीपिका जी और शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं. इस अपूरणीय क्षति को शब्दों में व्यक्त करना असंभव है."
मुख्यमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की. उन्होंने कहा "ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें और शोक संतप्त परिवारों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति दें." फिलहाल पुलिस हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है. फिलहाल दुर्घटना के कारणों को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है.