रील का खतरनाक जुनून! बंदूक लोड कर सीने से सटाई और दबा दिया ट्रिगर- इलाज के दौरान युवक ने तोड़ा दम

दिल्ली के दल्लुपुरा में एक युवक ने रील बनाते समय खुद को गोली मार ली, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. यह घटना सोशल मीडिया पर खतरनाक स्टंट्स और लाइक्स के लालच की गंभीर सच्चाई को उजागर करती है.

( Image Source:  X: @Arjun5chaudhary )
By :  रूपाली राय
Updated On :

सोशल मीडिया पर हाल ही में एक बहुत ही दिल दहला देने वाला और हैरान करने वाला वीडियो वायरल हो रहा है. इस वीडियो में दिल्ली के दल्लुपुरा इलाके का एक युवक दिखाई दे रहा है, जो रील बनाने के चक्कर में इतना आगे बढ़ गया कि उसने खुद ही अपनी छाती पर गोली मार ली. सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि उसका दोस्त या साथी पूरा वीडियो बनाता रहा, और घटना होने के बाद भी कुछ पल तक कैमरा बंद नहीं किया. युवक का नाम पवन बताया जा रहा है वह महज 23 साल का था.  पुलिस के अनुसार, उसके पास एक लाइसेंसी पिस्टल थी.

वह सोशल मीडिया के लिए एक ड्रामेटिक रील बना रहा था. वीडियो में साफ दिखता है कि वह पहले पिस्तौल को लोड करता है, फिर उसे अपनी छाती की तरफ करके ट्रिगर दबा देता है. गोली चलते ही वह जमीन पर गिर पड़ता है. बैकग्राउंड में उसके साथियों की चीखें सुनाई देती हैं 'अरे यह क्या कर लिया भाई?','यह क्या हो गया?' सबके होश उड़ गए थे. उन्हें लगा था कि शायद वह हवाई फायरिंग करेगा, लेकिन अचानक उसने खुद पर ही गोली चला दी.

 

इलाज के दौरान हुई मौत 

पवन को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. यह पूरी घटना रील के नाम पर युवाओं में बढ़ती हुई लापरवाही और जान जोखिम में डालने की प्रवृत्ति का सबसे बड़ा उदाहरण बन गई है. दुर्भाग्य से, यह कोई पहली घटना नहीं है. भारत में पिछले कुछ समय से ऐसी कई दर्दनाक घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जहां लोग वायरल होने या लाइक्स-व्यूज के लालच में अपनी जान जोखिम में डाल देते हैं. 2025 में दिल्ली में ही एक किशोर ने फांसी का स्टंट करके अपनी जान गंवा दी थी. फरवरी 2026 में भी एक और लापरवाह रील बनाने की कोशिश में दुर्घटना हुई थी. 

लाइक्स-व्यूज के लिए सस्ती हो रही जिंदगी

फिर भी, इन घटनाओं से सबक लेने की बजाय हर कुछ दिनों में ऐसी ही नई-नई खबरें आती रहती हैं. यह देखकर बहुत दुख होता है कि कुछ लोग वायरल होने के लिए अपनी या दूसरों की जान तक को हल्के में ले रहे हैं. हमें चाहिए कि ऐसे मामलों में जागरूकता फैलाई जाए. युवाओं को समझाया जाए कि लाइक्स और व्यूज जिंदगी से ज्यादा कीमती नहीं होते. परिवार, दोस्त और समाज को मिलकर बच्चों-युवाओं को डिजिटल दुनिया के खतरों के बारे में बताना होगा, ताकि ऐसी दुखद घटनाएं दोबारा न हों. 

Similar News