ZIM vs IND: सिकंदर रजा को आउट करते हुए चोटिल हो गए प्रिंस यादव, क्या तीसरे टी-20 में खेलेंगे? श्रेयस अय्यर ने दिया बड़ा अपडेट

भारत ने जिम्बाब्वे को दूसरे टी20 में 90 रन से हराकर तीन मैचों की सीरीज 2-0 से अपने नाम कर ली. हालांकि, तेज गेंदबाज प्रिंस यादव की हैमस्ट्रिंग चोट ने टीम की चिंता बढ़ा दी है. कप्तान श्रेयस अय्यर ने तीसरे मैच में बदलाव के संकेत दिए हैं.

टीम इंडिया

(Image Source:  BCCI )

Prince Yadav Injury: भारत ने दूसरे टी20 मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए जिम्बाब्वे को 90 रन से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली. हालांकि, इस बड़ी जीत के बीच टीम इंडिया के लिए एक चिंता भी सामने आई है. तेज गेंदबाज प्रिंस यादव मैच के दौरान हैमस्ट्रिंग चोट का शिकार हो गए, जिसके बाद कप्तान श्रेयस अय्यर ने अंतिम टी20 में टीम में बदलाव के संकेत दिए हैं.

प्रिंस यादव अपने दूसरे ओवर की दूसरी गेंद डालने के दौरान रन-अप में ही चोटिल हो गए. हैमस्ट्रिंग में तकलीफ महसूस होने के बाद वह मैदान से बाहर चले गए. चोट लगने से पहले उन्होंने सिकंदर रजा का विकेट लिया था. मैच में उन्होंने 2 विकेट चटकाए.


क्या तीसरे टी-20 में खेलेंगे प्रिंस यादव?

मैच के बाद कप्तान श्रेयस अय्यर ने कहा कि टीम का एक खिलाड़ी चोटिल हो गया है. इसलिए तीसरे और आखिरी टी20 में कुछ बदलाव देखने को मिल सकते हैं. इससे साफ है कि प्रिंस यादव तीसरे टी-20 में नहीं खेलेंगे.


ईशान-तिलक की शानदार बल्लेबाजी

भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट पर 219 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया. ईशान किशन ने 44 गेंदों में 81 रन की तूफानी पारी खेली, जिसमें नौ चौके और दो छक्के शामिल रहे. वहीं, तिलक वर्मा ने नाबाद 60 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया.  श्रेयस अय्यर ने दोनों बल्लेबाजों की तारीफ करते हुए कहा कि उन्हें लगा था कि इस पिच पर 180 से 200 रन अच्छा स्कोर होगा, लेकिन टीम 220 रन के करीब पहुंच गई, जो मैच का टर्निंग प्वाइंट साबित हुआ. उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों का सकारात्मक रवैया ही टीम की सबसे बड़ी ताकत है.

ईशान किशन ने बताया सफलता का मंत्र

प्लेयर ऑफ द मैच रहे ईशान किशन ने कहा कि हरारे की पिच बल्लेबाजी के लिए आसान नहीं थी. गेंद कभी-कभी अनियमित उछाल ले रही थी, इसलिए साझेदारी बनाना जरूरी था. उन्होंने कहा कि बल्लेबाजी करते समय विकेट गिरने की चिंता करने के बजाय यह देखना चाहिए कि किन गेंदबाजों को निशाना बनाया जा सकता है.


डेब्यू मैच में चमके यश ठाकुर

अपना पहला अंतरराष्ट्रीय मैच खेल रहे तेज गेंदबाज यश ठाकुर ने भी प्रभावित किया. उन्होंने 4 ओवर में 30 रन देकर दो विकेट लिए. यश ने बताया कि गेंद की गति कम रखने की रणनीति कप्तान श्रेयस अय्यर के साथ पहले ही तय कर ली गई थी और उसी योजना पर अमल करने से सफलता मिली.

सिकंदर रजा ने की भारत की तारीफ 

जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा ने भारत के प्रदर्शन की खुलकर सराहना की. उन्होंने कहा कि भारतीय बल्लेबाजों की शॉट खेलने की क्षमता और कौशल काबिल-ए-तारीफ था. हालांकि, उन्होंने माना कि उनकी टीम की फील्डिंग उम्मीद के मुताबिक नहीं रही.


रजा ने ईशान किशन की निरंतर बल्लेबाजी की भी तारीफ की और कहा कि उनकी टीम को उनसे सीख लेने की जरूरत है. साथ ही उन्होंने स्वीकार किया कि कप्तान के तौर पर वह बल्ले से टीम की उम्मीदों पर खरे नहीं उतर सके और अगले मैच में बेहतर प्रदर्शन करने की कोशिश करेंगे.

Similar News