श्रीलंका ने न्यूजीलैंड की हालत बुरी की, सिर्फ इतने रन पर ढेर हुई टीम
श्रीलंका की टीम ने इस मुकाबले की पारी में 5 विकेट के नुकसान पर 602 रन बनाए थे और पारी को घोषित कर दिया। इसके जवाब में न्यूजीलैंड को फॉलो ऑन का सामना करना पड़ा।;
श्रीलंका और न्यूजीलैंड की टीमों के बीच 2 मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जा रही है। टेस्ट सीरीज का दूसरा और आखिरी मैच गाले स्टेडियम में हो रहा है। इस मुकाबले में श्रीलंका की ओर से कमाल का प्रदर्शन देखने को मिला है। श्रीलंका की टीम ने इस मुकाबले की पारी में 5 विकेट के नुकसान पर 602 रन बनाए थे और पारी को घोषित कर दिया लेकिन इसके जवाब में न्यूजीलैंड की इतनी बुरी हालत हुई है कि उसे फॉलो ऑन का सामना करना पड़ा है।
सस्ते में ढेर हुई न्यूजीलैंड की टीम
गाले टेस्ट मैच में न्यूजीलैंड की टीम पहली पारी में महज 88 रन पर ढेर हो गई और श्रीलंका ने पहली पारी के आधार पर 514 रनों की बढ़त हासिल की जिसके चलते न्यूजीलैंड को फॉलो ऑन खेलने के लिए मजबूर होना पड़ा। स्पिनर प्रभात जयसूर्या के आगे न्यूजीलैंड की पूरी टीम फ्लॉप नजर आई। न्यूजीलैंड ने तीसरे दिन अपनी पारी 22/2 के स्कोर से आगे शुरू की थी लेकिन ज्यादा देर मैदान पर नहीं टिक सकी। प्रभात इस पारी के सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 18 ओवर में दो 22 रन देकर 6 बल्लेबाजों को अपना शिकार बनाया। जयसूर्या ने करियर में 9वीं बार एक पारी में 5 या उससे ज्यादा विकेट लेने का कारनामा किया।
5वीं सबसे बड़ी लीड
प्रभात जयसूर्या के अलावा निशान पेइरिस ने 3 और असिथा फर्नांडो ने 1 विकेट हासिल किया और टीम को 514 रनों की बढ़त दिलवाई। टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में पहली पारी के आधार पर हासिल की गई यह 5वीं सबसे बड़ी लीड है। वहीं, न्यूजीलैंड के खिलाफ यह दूसरी सबसे बड़ी लीड है। इससे पहले पाकिस्तान ने न्यूजीलैंड के खिलाफ साल 2002 में 570 रन की लीड हासिल की थी।
न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों का हुआ बुरा हाल
न्यूजीलैंड का कोई भी बल्लेबाज इस पारी में 30 रन का आंकड़ा नहीं छू सका। वहीं, सिर्फ 3 बल्लेबाज ही दहाई का आंकड़ा छू सके। मिचेल सैंटनर ने सबसे ज्यादा 29 रनों की पारी खेली। वहीं, डेरिल मिचेल ने 13 रन बनाए। रचिन रविंद्र भी 10 रन ही बना सके। बाकी सभी खिलाड़ी 10 रन तक भी नहीं पहुंच सके। ऐसे में अब न्यूजीलैंड पर पारी से मुकाबला हारने का खतरा भी मंडरा रहा है।