NZ vs IND: 'मेरा काम सबको खुश करना नहीं...', वैभव सूर्यवंशी को Playing 11 से बाहर रखने पर क्या बोले गंभीर, टीम के प्रदर्शन से कितने खुश?
न्यूजीलैंड के साथ खेली गई 5 मैचों की टी20 सीरीज में वैभव सूर्यवंशी को महज 2 ही मैचों में खेलने का मौका मिला, जिसको लेकर हेड कोच गौतम गंभीर को काफी आलोचनाओं का भी सामना करना पड़ा है, वहीं इसको लेकर गंभीर ने बड़ी बात कही है.
Gautam Gambhir and Vaibhav Suryavanshi
(Image Source: X/ @Abhay3777 )टीम इंडिया और न्यूजीलैंड के बीच 5 मैचों की सीरीज खत्म हो गई है, भारतीय टीम ने सीरीज को 3-2 से अपने नाम किया. पांचवें मैच में भी टीम इंडिया को 7 विकेट से हार का सामना करना पड़ा. वहीं एक बार फिर से वैभव सूर्यवंशी को बाहर बैठना पड़ा, जिसको लेकर हेड कोच गौतम गंभीर पर फिर से सवाल उठने लगे हैं, लेकिन मैच के बीच गौतम गंभीर इसको लेकर बड़ा बयान दिया है.
15 साल के वैभव सूर्यवंशी को न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में सीमित मौके देने पर गंभीर और कप्तान श्रेयस अय्यर की आलोचना हुई थी. वैभव ने एक मैच में ओपनिंग करते हुए 19 गेंदों पर 45 रन की तेज पारी खेली, लेकिन इसके बावजूद उन्हें चौथे और पांचवें टी20 मुकाबले की प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिली. अब गंभीर ने इस फैसले के पीछे की वजह भी बताई.
वैभव को बाहर रखने पर क्या बोले गंभीर?
न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज के ब्रॉडकास्टर्स से बातचीत में गौतम गंभीर ने वैभव सूर्यवंशी को प्लेइंग इलेवन से बाहर रखने के फैसले पर अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि कोच के तौर पर उनकी जिम्मेदारी सभी को खुश करना नहीं है. गंभीर ने कहा "सबसे पहले, मेरा काम सबको खुश करना नहीं है. मेरा काम सही फैसले लेना है, पॉपुलर फैसले नहीं और मैं इसी के लिए यहां हूं. क्योंकि, जैसा कि आपने अभी कहा, बहुत टैलेंट है लेकिन फिर, मुझे लगता है कि जिन लोगों ने लंबे समय तक बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है, वे ज़ाहिर तौर पर ज़्यादा मौके के हक़दार हैं और हम सीरीज़ को ठीक इसी तरह देखते हैं."
सीरीज में कैसा रहा वैभव का प्रदर्शन?
न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज के दूसरे मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी को नंबर-3 पर बल्लेबाजी के लिए भेजा गया था. हालांकि, इस मैच में वह आठ गेंदों पर सिर्फ चार रन ही बना सके. इसके बाद अगले मुकाबले में भारत को 199 रन का लक्ष्य मिला. इस बार टीम मैनेजमेंट ने वैभव को ओपनिंग की जिम्मेदारी दी. उन्होंने मौके का फायदा उठाते हुए सिर्फ 19 गेंदों पर 45 रन ठोक दिए। उनकी इस तेज पारी ने भारत को 13.3 ओवर में लक्ष्य हासिल करने में अहम मदद की. हालांकि, शानदार प्रदर्शन के बावजूद वैभव को चौथे और पांचवें टी20 मैच की प्लेइंग इलेवन में शामिल नहीं किया गया.
न्यूजीलैंड में टीम के प्रदर्शन से कितने खुश?
गंभीर ने न्यूजीलैंड दौरे के व्यस्त कार्यक्रम और खिलाड़ियों के प्रदर्शन की भी तारीफ की. उन्होंने बताया कि टीम को बहुत कम समय में यात्रा और मैचों के बीच तालमेल बैठाना पड़ा. गंभीर ने कहा "यह बहुत कम समय में हुआ. हमने 17 तारीख को मैच खत्म किया, 18 तारीख को फ्लाइट पकड़ी. हमारा एक प्रैक्टिस सेशन था. मुझे लड़कों को तारीफ़ करनी होगी, जिस तरह से उन्होंने हालात में खुद को ढाला. बहुत सारे लड़के पहली बार यहां आ रहे हैं और हम सब जानते हैं कि न्यूज़ीलैंड अपने ही मैदान पर कितना खतरनाक है तो फिर, ज़ाहिर है, लड़कों ने बहुत अच्छे से एडजस्ट किया."
कैसा रहा पांचवें मैच का हाल?
भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांचवां मैच हैमिल्टन में खेला गया. इस मैच में टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 191 रन बनाए थे. टीम इंडिया की तरफ से ईशान किशन ने सबसे ज्यादा 61 तो कप्तान श्रेयस अय्यर ने 50 रनों की पारी खेली. वहीं न्यूजीलैंड ने इस टारगेट को 18 ओवर में 3 विकेट खोकर ही हासिल कर लिया. न्यूजीलैंड की तरफ से टिम सीफर्ट ने सबसे ज्यादा 93 रनों की पारी खेली, तो वहीं ग्लेन फिलिप्स ने एकबार फिर से ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए 65 रन बनाए.