भारतीय क्रिकेट टीम के अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार की लंबे समय बाद टीम इंडिया में वापसी हो गई है. BCCI ने न्यूजीलैंड दौरे के लिए घोषित T20I टीम में 36 साल के भुवनेश्वर को शामिल किया है. वह करीब चार साल से भारतीय टीम से बाहर चल रहे थे. ये वापसी उनके लिए काफी खास मानी जा रही है.भुवी ने चार साल पहले न्यूजीलैंड के खिलाफ भी आखिरी मैच खेला था. तो आइए जानते हैं कैसा था वे प्रदर्शन?

भुवनेश्वर ने आखिरी बार 22 नवंबर 2022 को न्यूजीलैंड के खिलाफ अपना आखिरी मैच खेला था. यह मैच नेपियर में खेला था जिसमें 4 ओवर में 35 रन दिए थे और एक भी विकेट नहीं लिए थे. खास बात यह है कि अब उनकी वापसी भी न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली है. 22 अक्टूबर से शुरू होने वाले इस दौरे में भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच T20I, पांच ODI और दो टेस्ट मैच खेले जाएंगे.

भुवनेश्वर की वापसी क्यों खास?

भुवनेश्वर कुमार नई गेंद को स्विंग कराने और पावरप्ले में विकेट निकालने के लिए जाने जाते हैं. टीम में उनकी वापसी से भारत के तेज गेंदबाजी आक्रमण को अनुभव मिलेगा. चयनकर्ताओं ने उन्हें न्यूजीलैंड की परिस्थितियों को देखते हुए भी अहम विकल्प माना है.

न्यूजीलैंड दौरे के लिए T20I टीम का चयन मंगलवार को गुवाहाटी के ACA Stadium में हुई बैठक में किया गया. अंतरिम चयन समिति प्रमुख प्रज्ञान ओझा, BCCI सचिव देवजीत सैकिया और अन्य चयनकर्ता बैठक में मौजूद रहे.

श्रेयस अय्यर को मिली कप्तानी

न्यूजीलैंड के खिलाफ T20I सीरीज के लिए श्रेयस अय्यर को कप्तान बनाया गया है, जबकि तिलक वर्मा उपकप्तान होंगे. टीम में अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन और अक्षर पटेल जैसे खिलाड़ी भी शामिल हैं. भारत की T20I टीम में भुवनेश्वर कुमार के अलावा अर्शदीप सिंह, मयंक यादव, वरुण चक्रवर्ती और कुलदीप यादव भी गेंदबाजी विकल्प हैं.

भारत की T20I टीम

श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा (उपकप्तान), अक्षर पटेल, शिवम दुबे, नीतीश कुमार रेड्डी, नमन धीर, प्रिंस यादव, मयंक यादव, अर्शदीप सिंह, भुवनेश्वर कुमार, वरुण चक्रवर्ती और कुलदीप यादव.

 

न्यूजीलैंड दौरा कब से शुरू होगा?

भारत का न्यूजीलैंड दौरा 22 अक्टूबर से शुरू होगा. सबसे पहले पांच मैचों की T20I सीरीज खेली जाएगी. इसके बाद पांच ODI और फिर दो टेस्ट मैच होंगे.

  • T20I सीरीज:
  • 22 अक्टूबर - क्राइस्टचर्च
  • 24 अक्टूबर- क्राइस्टचर्च
  • 27 अक्टूबर- वेलिंगटन
  • 30 अक्टूबर- ऑकलैंड
  • 1 नवंबर- हैमिल्टन

इसके बाद 5 मैचों की ODI सीरीज 4 नवंबर से शुरू होगी. मुकाबले ऑकलैंड, वेलिंगटन, हैमिल्टन और माउंट माउंगानुई में खेले जाएंगे.

टेस्ट सीरीज नवंबर में

भारत और न्यूजीलैंड के बीच दो टेस्ट खेले जाएंगे. पहला टेस्ट 19 से 23 नवंबर तक वेलिंगटन में और दूसरा 27 नवंबर से 1 दिसंबर तक क्राइस्टचर्च में होगा. इन दोनों टेस्ट मैचों का महत्व ICC World Test Championship की दौड़ के लिहाज से भी काफी ज्यादा है. भारत 2019 के बाद पहली बार न्यूजीलैंड में टेस्ट सीरीज खेलेगा.

भारत A टीम का भी ऐलान

BCCI ने सीनियर टीम के साथ India A टीम का भी ऐलान किया है. India A न्यूजीलैंड A के खिलाफ तीन चार दिवसीय मुकाबले खेलेगी. India A टीम में यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, देवदत्त पडिक्कल, ऋषभ पंत, ध्रुव जुरेल, वॉशिंगटन सुंदर, आकाश दीप और साई सुदर्शन जैसे खिलाड़ी शामिल हैं.

India A का शेड्यूल

  1. पहला मुकाबला: 24–27 अक्टूबर, लिंकन
  2. दूसरा मुकाबला: 31 अक्टूबर–3 नवंबर, क्राइस्टचर्च
  3. तीसरा मुकाबला: 7–10 नवंबर, लिंकन

फिलहाल न्यूजीलैंड दौरे के लिए भारत की T20I टीम का ऐलान किया गया है. सीनियर टीम की ODI और टेस्ट टीम की घोषणा बाद में की जाएगी.