Guru Margi 2026: 11 मार्च को गुरु होंगे मिथुन राशि में मार्गी, जानिए सभी 12 राशियों पर कैसा पड़ेगा असर ?
11 मार्च 2026 को गुरु का मिथुन राशि में मार्गी होना सभी राशियों के लिए नई ऊर्जा और अवसर लेकर आ सकता है. जानिए कैसे इस गोचर का असर आपकी राशि पर पड़ेगा और किन क्षेत्रों में बदलाव देखने को मिल सकता है.
वैदिक ज्योतिष में गुरु को शुभफल, ज्ञान, प्रगति, धन और मान-सम्मान देने वाला ग्रह माना जाता है. 11 मार्च 2026 को गुरु सुबह 06 बजकर 17 मिनट पर बुध के स्वामित्व वाली राशि मिथुन में मार्गी होने वाले हैं. ज्योतिष में बृहस्पति को ज्ञान, भाग्य, धन, विवाह, संतान, धर्म और सुख-समृद्धि का कारक माना जाता है.
11 मार्च को गुरु ग्रह मिथुन राशि में मार्गी होंगे जो 2 जून तक इसी राशि में रहेंगे. ज्योतिष शास्त्र के अनुसार जब कोई ग्रह मार्गी होता है तो उसकी सकारात्मक ऊर्जा और शुभ फल बढ़ने लगते हैं और जातकों को इससे लाभ मिलता है. आपको बता दें कि धनु और मीन राशि के स्वामी ग्रह गुरु 2 जून तक मिथुन राशि में ही रहेंगे, इसके बाद अपनी उच्च राशि कर्क राशि में प्रवेश कर जाएंगे. गुरु के मिथुन राशि में मार्गी होने के कारण कई राशियों के लिए नई संभावनाएं और लाभ के अवसर बन सकते हैं. ऐसे में आइए जानते हैं कि गुरु के मार्गी होने का असर सभी 12 राशियों पर कैसा पड़ सकता है.
मेष राशि
गुरु आपकी राशि के नवम और द्वादश भाव के स्वामी हैं और देवगुरु बृहस्पति 11 मार्च को मिथुन राशि में मार्गी आपके तीसरे भाव में होंगे. ऐसे में मेष राशि वालों के लिए साहस और पराक्रम में वृद्धि दिलाएगा. गुरु का मिथुन राशि में मार्गी होना साहस और आत्मविश्वास बढ़ाने वाला रहेगा. भाई-बहनों के साथ संबंध बेहतर होंगे और आपके प्रयास सफल होने लगेंगे. नौकरी और व्यापार में नए अवसर मिल सकते हैं. आपके संचार कौशल में सुधार होगा, जिससे लोगों पर अच्छा प्रभाव पड़ेगा. धार्मिक यात्राओं के भी योग बन सकते हैं.
वृषभ राशि
वृषभ राशि के लोगों के लिए गुरु आपके आठवें और ग्यारहवें भाव के स्वामी हैं. अब जब 11 मार्च से देवगुरु बृहस्पति मिथुन राशि में मार्गी होंगे तो यह आपके दूसरे भाव में होंगे. दूसरा भाव धन, वाणी और कुंटुंब का होता है. ऐसे में आने में 2 जून तक का समय वृषभ राशि वालों के लिए आर्थिक रूप से अच्छा रह सकता है. आपकी वाणी में मिठास आएगी, जिससे परिवार में चल रहे मतभेद खत्म हो सकते हैं. धन संचय करने के अवसर मिलेंगे और निवेश से लाभ मिलने की संभावना है. पैतृक संपत्ति से जुड़े मामलों में भी सफलता मिल सकती है.
मिथुन राशि
मिथुन राशि के जातकों के लिए गुरु सातवें और दसवें भाव के स्वामी हैं और 11 मार्च से बृहस्पति मिथुन राशि में मार्गी होंगे जिससे यह आपके पहले भाव में होगा. पहला भाव जिसे लग्न कहते हैं वह बहुत ही महत्वपूर्ण होता है. यह जातक के व्यक्क्ति का होता है. ऐसे में मिथुन राशि वालों के लिए यह समय काफी महत्वपूर्ण रहेगा क्योंकि गुरु आपकी ही राशि में मार्गी हो रहा है. इससे आपके व्यक्तित्व में निखार आएगा और आत्मविश्वास बढ़ेगा. मानसिक शांति महसूस होगी और निर्णय लेने की क्षमता मजबूत होगी. समाज में आपका मान- सम्मान और यश बढ़ सकता है और किसी के साथ साझेदारी से जुड़े कामों में सफलता मिल सकती है.
कर्क राशि
कर्क राशि वालों के लिए देवगुरु बृहस्पति आपके छठे और नवम भाव के स्वामी हैं और 11 मार्च को गुरु का मिथुन राशि में मार्गी आपके बारहवें भाव में होगा. बारहवां भाव खर्चों से संबंधित होता है. ऐसे में आने वाले समय में कर्क राशि वालों के लिए यह समय थोड़ा मिला जुला रह सकता है. धार्मिक और आध्यात्मिक कार्यों में आपकी रुचि बढ़ेगी. हालांकि खर्चों पर नियंत्रण रखना जरूरी होगा. विदेश से जुड़े कामों या संपर्कों से लाभ मिलने के योग हैं. 2 जून के बाद जब गुरु आपकी राशि में आएगा और ये यहां उच्च के हो जात हैं, तब आपके जीवन में और अच्छे बदलाव शुरू हो सकते हैं. बिगड़े काम बनेंगे और सुख-सुविधाओं की प्राप्ति होगी.
सिंह राशि
सिंह राशि के लिए धन, सुख और यश के कारक ग्रह बृहस्पति आपके पांचवें और आठवें भाव के स्वामी हैं और 11 मार्च 2026 को देवगुरु बृहस्पति मिथुन राशि में मार्गी होंग जो ग्यारहवें भाव में होगा. कुंडली का 11वां भाव आय, इच्छा पूर्ति और सुख-सुविधाओं का होता है. ऐसे में सिंह राशि वालों के लिए गुरु का मार्गी होना आय के नए स्रोत खोल सकता है. लंबे समय से रुके हुए काम पूरे होने लगेंगे. मित्रों और बड़े भाई-बहनों का सहयोग मिलेगा. संतान से जुड़ी खुशखबरी मिलने के योग बन रहे हैं. आपकी महत्वाकांक्षाएं भी धीरे-धीरे पूरी हो सकती हैं. अधूरी इच्छाओं की पूर्ति होगी और दोस्तों संग मौज-मस्ती में बीतेगा.
कन्या राशि
कन्या राशि वालों के लिए बृहस्पति ग्रह आपके चतुर्थ और सप्तम भाव के स्वामी हैं और अब जब 11 मार्च को बृहस्पति मिथुन राशि में मार्गी होंगे तो यह आपके दसवें भाव में होंगे. कुंडली में दशम भाव को बहुत ही शुभ माना जाता है. ऐसे में करियर-कारोबार के लिहाज से गुरु का मार्गी होना आपको हर तरफ के अच्छे मौके दिलाएंगे. कन्या राशि वालों के लिए आने वाले कुछ दिन करियर के लिहाज से बहुत अच्छा रह सकता है. नौकरी में पदोन्नति और वेतन वृद्धि के योग बन रहे हैं. अधिकारियों के साथ संबंध मजबूत होंगे. यदि आप नया व्यापार शुरू करना चाहते हैं तो यह समय अनुकूल है. समाज में आपके पद-प्रतिष्ठा और मान- सम्मान भी बढ़ सकता है.
तुला राशि
तुला राशि के जातकों विवाह और धन के कारक ग्रह गुरु आपके छठे और तीसरे भाव के स्वामी हैं और 11 मार्च से देवगुरु बृहस्पति मिथुन राशि में मार्गी आपके नौवें भाव में होंगे. नवम भाव भाग्य और धर्म का भाव कहलाता है. ऐसे में इससे आपको भाग्य का साथ मिल सकता है. लंबी दूरी की यात्राएं लाभदायक रहेंगी. पढ़ाई कर रहे छात्रों के लिए समय अनुकूल रहेगा. गुरु और पिता का सहयोग मिलेगा. धार्मिक कार्यों में रुचि बढ़ सकती है और जीवन में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल सकते हैं.
वृश्चिक राशि
वृश्चिक राशि वालों के लिए बृहस्पति आपके दूसरे और पांचवें भाव के स्वामी हैं और अब देवगुरु बृहस्पति के मार्गी यानी सीधी चाल चलने की वजह से मिथुन राशि में आठवें भाव में होगा, कुंडली का अष्टम भाव अच्छा नहीं माना जाता है और इस स्थान पर शुभ ग्रह का गुरु का पहुंचना कुछ परेशानियां सामने आ सकती है. आपको आने वाले कुछ दिनों तक स्वास्थ्य का ध्यान रखने की जरूरत है. लेकिन वहीं दूसरी तरफ आपको अचानक धन लाभ के योग बन सकते हैं, लेकिन खर्च भी बढ़ सकते हैं. शोध या नई चीजें सीखने वालों के लिए समय अच्छा है.
धनु राशि
11 मार्च को देवगुरु बृहस्पति का मार्गी होना आपके लिए खुशियां ला सकता है. दरअसल धनु राशि वालों के लिए बृहस्पति पहले और चौथे भाव के स्वामी हैं. बृहस्पति का 11 मार्च को मिथुन राशि में मार्गी होने के वजह से यह आपके सातवें भाव में होगा. सप्तम भाव वैवाहिक जीवन और पार्टनरशिप का होता है. ऐसे में आपके आने वाला समय वैवाहिक जीवन और साझेदारी के कामों में खुशियां ला सकता है. जीवनसाथी के साथ संबंध बेहतर होंगे. व्यापारिक साझेदारी से लाभ मिल सकता है. पुराने कानूनी मामले सुलझने के संकेत हैं. अविवाहित लोगों के लिए विवाह के प्रस्ताव आ सकते हैं.
मकर राशि
11 मार्च को गुरु मार्गी होंगे. मकर राशि वालों के लिए बृहस्पति आपके तीसरे और बारहवें भाव के स्वामी हैं. बृहस्पति मिथुन राशि में मार्गी आपके छठे भाव में होगा. यह भाव रोग, ऋण और शत्रुओं से संबंधित होता है. ऐसे में यह समय मेहनत का अच्छा फल देने वाला रहेगा. प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे लोगों को सफलता मिलने की संभावना है. शत्रुओं पर विजय मिल सकती है और पुराने कर्ज से राहत मिल सकती है. लेकिन आपको स्वास्थ्य और खान-पान का ध्यान रखना होगा. नहीं तो आपको कोई गंभीर बीमारी भी लग सकती है.
कुंभ राशि
कुंभ राशि के लिए बृहस्पति दूसरे और ग्यारहवें भाव के स्वामी हैं. ऐसे में जब 11 मार्च 2026 को बृहस्पति मिथुन राशि में मार्गी होंगे तो यह आपके पंचम भाव में होंगे. इससे आने वाले दिनों में प्रेम संबंधों में मधुरता बढ़ सकती है. बुद्धि और समझदारी से आप कठिन कार्य भी आसानी से पूरा कर पाएंगे. संतान पक्ष से शुभ समाचार मिल सकता है. निवेश से लाभ मिलने की संभावना है. आपकी रचनात्मक क्षमता भी बढ़ेगी.
मीन राशि
मीन राशि के स्वामी ग्रह स्वयं देवगुरु बृहस्पति होते हैं और मीन राशि के जातकों के लिए बृहस्पति पहले और दसवें भाव के स्वामी हैं. बृहस्पति मिथुन राशि में मार्गी चौथे भाव में होंगे जिससे आपके सुखों में वृद्धि होगी. घर-परिवार से जुड़ी खुशियां बढ़ सकती हैं. भूमि, भवन और वाहन से जुड़े सुख मिल सकते हैं. परिवार के साथ अच्छा समय बिताने का अवसर मिलेगा. माता के स्वास्थ्य में सुधार हो सकता है और घर का माहौल शांतिपूर्ण रहेगा. प्रॉपर्टी से जुड़े मामलों में भी सफलता मिल सकती है.