2 अप्रैल को मीन राशि में मंगल का गोचर, शनि-मंगल युति से इन 5 राशियों को मिलेगा लाभ
2 अप्रैल को मंगल का मीन राशि में गोचर एक खास ज्योतिषीय घटना मानी जा रही है. इस दौरान शनि और मंगल की युति बनने से कुछ राशियों के लिए लाभ, सफलता और नए अवसरों के द्वार खुल सकते हैं.
मंगल ग्रह को युद्ध, क्रोध, भूमि और क्रोध का कारक ग्रह माना जाता है. मंगल 2 अप्रैल 2026 को गुरु के स्वामित्व वाली राशि मीन में प्रवेश करने जा रहे हैं, जहां पहले से मौजूद शनि के साथ मिलकर एक खास योग बनाएंगे, जिसे शनि-मंगल योग कहा जाता है. ज्योतिष में शनि को कर्म और न्याय का ग्रह माना जाता है, जबकि मंगल ऊर्जा, साहस और पराक्रम का प्रतिनिधित्व करता है.
ज्योतिष में शनि-मंगल की युति को अच्छा नहीं माना जाता है और इसे थोड़ा चुनौतीपूर्ण माना जाता है, लेकिन कई बार यह योग कुछ राशियों के लिए अच्छे परिणाम भी लेकर आता है. इस दौरान कुछ लोगों में अनुशासन, मेहनत और सही दिशा में काम करने की क्षमता बढ़ेगी. आइए जानते हैं मीन राशि में मंगल-शनि की युति का किन-किन राशियों पर पड़ेगा सकारात्मक प्रभाव.
वृषभ राशि
वृषभ राशि वालों के लिए मंगल-शनि की युति आपकी कुंडली के 11वें भाव में बनेगी, जो आय, लाभ, करियर और मित्रों से जुड़ा होता है. शनि और मंगल मेहनत के कारक ग्रह होते हैं ऐसे में आपको कड़ी मेहनत करनी पड़ेगी, लेकिन आपकी मेहनत का अच्छा फल भी मिलेगा. अलग-अलग स्रोतों से धन लाभ होने की संभावना है. हालांकि दोस्तों और सामाजिक संबंधों में थोड़ा संभलकर चलना होगा, क्योंकि किसी गलतफहमी या आरोप के कारण आपकी छवि प्रभावित हो सकती है.
मिथुन राशि
मिथुन राशि वालों के लिए यह योग आपकी कुंडली के 10वें भाव में बन रहा है, कुंडली का दशम भाव करियर, प्रतिष्ठा और सफलता से जुड़ा होता है. इस दौरान आपको अपने काम में अच्छे परिणाम मिलेंगे और आगे बढ़ने के अवसर भी मिलेंगे. व्यापार करने वालों के लिए समय अनुकूल रहेगा, लेकिन प्रतिस्पर्धा भी बढ़ेगी. ऐसे में धैर्य और समझदारी से काम लेना जरूरी है. पार्टनशिप के कामों में करने से आपको ज्यादा फायदा मिल सकता है.
सिंह राशि
सिंह राशि वालों के लिए शनि-मंगल की युति अष्टम भाव में बन रही है. यह भाव अचानक लाभ, आयु और गुप्त चीजों से जुड़ा होता है. इस दौरान आपको अचानक लाभ मिल सकता है और समाज में मान-सम्मान बढ़ सकता है. हालांकि स्वास्थ्य को लेकर लापरवाही न करें. साथ ही धन से जुड़े मामलों में सावधानी रखें, क्योंकि कर्ज बढ़ने की संभावना भी बन सकती है.
तुला राशि
तुला राशि के लिए यह युति 6वें भाव में बन रही है, जो रोग, शत्रु और प्रतियोगिता का भाव माना जाता है. इस दौरान आप अपने विरोधियों पर जीत हासिल कर सकते हैं. सेहत सामान्य रूप से अच्छी रहेगी, लेकिन गुस्से पर नियंत्रण रखना जरूरी है. वाहन चलाते समय भी सावधानी रखें. अगर आप संयम से काम लेंगे तो यह समय आपके लिए फायदेमंद साबित होगा.
कुंभ राशि
कुंभ राशि वालों के लिए यह योग दूसरे भाव में बन रहा है, जो धन, परिवार और वाणी से जुड़ा होता है. इस दौरान आपको आर्थिक लाभ होने के अच्छे संकेत हैं. आपकी मेहनत रंग लाएगी और आय में वृद्धि हो सकती है. हालांकि परिवार में किसी बात को लेकर मतभेद हो सकते हैं, इसलिए बोलचाल में संयम रखें. पैसों के मामलों में भी सोच-समझकर निर्णय लेना आपके लिए बेहतर रहेगा.