मार्शल आर्ट्स, रनिंग, स्विमिंग से लेकर अब योगा तक, ऐसे खुद को फिट रखते हैं राहुल गांधी, शराब को लेकर कही बड़ी बात

राहुल गांधी ने फिटनेस को लेकर युवाओं को खास सलाह दी है. उन्होंने एक्सरसाइज, डाइट, शराब और नियमित फिटनेस रूटीन को लेकर अपनी सोच साझा की और बताया कि फिट रहने के लिए क्या जरूरी है.

राहुल गांधी ने आजकल के युवाओं को फिटनेस टिप्स दी हैं. उन्होंने कहा है कि हमेशा फिट रहने के लिए सख्त वर्कआउट करना जरूरी नहीं है. उनका मानना है कि फिटनेस को रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बनाना ज्यादा जरूरी है. राहुल गांधी ने बताया कि वह एक्सरसाइज को केवल खाली समय में करने वाली गतिविधि नहीं मानते, बल्कि इसे अपनी रोजाना की दिनचर्या का हिस्सा मानते हैं.

मार्शल आर्ट्स, स्विमिंग, रनिंग और योग जैसी अलग-अलग शारीरिक गतिविधियां उनकी फिटनेस रूटीन का हिस्सा हैं. राहुल गांधी का कहना है कि फिटनेस में सबसे जरूरी चीज नियमितता है. उनका मानना है कि लगातार एक्सरसाइज करने से इसके फायदे समय के साथ बढ़ते जाते हैं.

उन्होंने यह भी कहा कि सिर्फ एक्सरसाइज करने से फिटनेस हासिल नहीं की जा सकती. अगर खान-पान खराब है या बहुत ज्यादा शराब पी जाती है और लगातार स्नैकिंग की आदत है, तो केवल वर्कआउट इसका असर खत्म नहीं कर सकता. उनके मुताबिक फिटनेस के लिए एक्सरसाइज, डाइट और लाइफस्टाइल को एक साथ संतुलित रखना जरूरी है.

फिटनेस पर क्या बोले राहुल गांधी?

राहुल गांधी के लिए फिट रहने का सबसे अहम हिस्सा किसी एक खास तरह की एक्सरसाइज पर निर्भर रहना नहीं है. उनका मानना है कि शारीरिक गतिविधि को नियमित आदत बनाना ज्यादा महत्वपूर्ण है. राहुल गांधी ने कहा, “फिटनेस के बारे में जो सबसे महत्वपूर्ण बात है, वह वास्तव में आपके द्वारा अपनाई जाने वाली रूटीन नहीं है. महत्वपूर्ण यह है कि आप लगातार इसे करते रहें और इसके फायदे समय के साथ बढ़ने दें.”

कैसे अलग-अलग एक्टिविटी लाइफस्टाइल में करते हैं शामिल?

उन्होंने बताया कि वह आमतौर पर सिर्फ एक तरह की एक्सरसाइज पर निर्भर नहीं रहते, बल्कि कई तरह की गतिविधियों को अपनी दिनचर्या में शामिल करते हैं. उनकी रूटीन में मार्शल आर्ट्स, स्विमिंग और रनिंग शामिल हैं. इसके अलावा उन्होंने हाल ही में योग भी शुरू किया है.

राहुल गांधी ने बताया, “आमतौर पर मैं थोड़ा मार्शल आर्ट्स करता हूं, जो मुझे पसंद है. मैं थोड़ा स्विमिंग और रनिंग करता हूं. अब इन दिनों मैंने योग भी शुरू किया है, जो काफी दिलचस्प है.” अलग-अलग तरह की इन गतिविधियों के जरिए वह फिटनेस के अलग-अलग पहलुओं पर ध्यान देते हैं. यानी उनका फोकस केवल ताकत बढ़ाने या कार्डियो एक्सरसाइज तक सीमित नहीं है.

ज्ञात हो कि राहुल गांधी काफी एक्टिव हैं और वह अक्सर मार्शल आर्ट्स और स्कूबा डाइविंग करते हुए वीडियो पोस्ट कर चुके हैं. इसके साथ ही वह भारत जोड़ो यात्रा के दौरान हॉकी प्लेयर्स के साथ मस्ती भी करते दिखाई दिए थे. इस दौरान उन्होंने बताया था कि वह स्कूल टाइम में हॉकी खेला करते थे.

एक्सरसाइज के लिए कैसे निकालें वक्त?

राहुल गांधी ने यह भी बताया कि वह एक्सरसाइज को अपने खाली समय के लिए नहीं छोड़ते हैं. वह इसे अपने काम और रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा मानते हैं और इसके लिए करीब एक घंटे का समय तय करते हैं. उन्होंने कहा, “मेरी काम की जिंदगी का हिस्सा है कि मैं एक घंटा ताकत बढ़ाने, एरोबिक क्षमता बढ़ाने और लचीलापन बढ़ाने के लिए लगाऊं.” उनके फिटनेस नजरिए में नियमितता को खास महत्व दिया गया है. उन्होंने कहा कि व्यस्त कार्यक्रम होने के बावजूद वह एक्सरसाइज के लिए समय निकालने की कोशिश करते हैं.

राहुल गांधी ने कहा, “यह ऐसा नहीं है कि मैं इसे अपने खाली समय में करता हूं, बल्कि चाहे कुछ भी हो जाए, मैं इसके लिए समय निकालता हूं.” उन्होंने यह भी कहा कि एक्सरसाइज करने का समय उतना महत्वपूर्ण नहीं है, जितना इसे करना. अगर दिन में समय नहीं मिल पाया तो वह देर रात भी एक्सरसाइज करने के लिए तैयार रहते हैं. उन्होंने कहा, “अगर मुझे रात 11 बजे करना पड़े, तो मैं रात 11 बजे करूंगा.”

डाइट और शराब के सेवन पर क्या कहा?

राहुल गांधी ने फिटनेस के एक और महत्वपूर्ण पहलू पर भी बात की. उनके मुताबिक, सिर्फ नियमित एक्सरसाइज करना काफी नहीं है. रोजमर्रा की जिंदगी में खान-पान और दूसरी आदतों का भी फिटनेस पर सीधा असर पड़ता है. उन्होंने कहा कि अगर कोई व्यक्ति लगातार गलत खान-पान करता है, बहुत ज्यादा शराब पीता है या हर समय स्नैकिंग करता रहता है, तो केवल एक्सरसाइज करने से फिटनेस हासिल नहीं की जा सकती. राहुल गांधी ने कहा, “अगर आप खराब खाना खा रहे हैं या बहुत ज्यादा शराब पी रहे हैं या हर समय स्नैकिंग कर रहे हैं, तो इस पूरी फिटनेस को भूल जाइए.”

Similar News