अगर कई दिनों से कहीं घूमने का मन बना रहे हैं, तो अक्टूबर की शुरुआत में मौका अच्छा है. 2 अक्टूबर, शुक्रवार को गांधी जयंती की छुट्टी है, इसके बाद 3 अक्टूबर शनिवार और 4 अक्टूबर रविवार है. यानी लगातार तीन दिन का ब्रेक मिल रहा है. ऐसे में अगर आप कुछ दिनों से ट्रिप का प्लान बनाने की सोच रहे थे, तो दिल्ली से बहुत दूर जाने की जरूरत नहीं है. आसपास ही ऐसी कई जगहें हैं, जहां कम समय में पहुंचकर तीन दिन की छुट्टी को यादगार बनाया जा सकता है.

इस छोटे से लॉन्ग वीकेंड में आप लैंसडाउन में पहाड़ों की ठंडी हवा, वहीं ऋषिकेश में नदी किनारे का सुकून या ताजमहल जैसी ऐतिहासिक जगहों का मजा ले सकते हैं. खास बात यह है कि सही जगह चुनकर और पहले से प्लानिंग करके इस ट्रिप को बजट में भी रखा जा सकता है. 

लॉन्ग वीकेंड में कहां जाएं घूमने?

अगर अक्टूबर में दिल्ली की गर्मी से थोड़ा दूर जाकर ठंडी हवा और हरियाली का मजा लेना है, तो लैंसडाउन एक ऑप्शन हो सकता है. दिल्ली से यहां पहुंचने में करीब 6 घंटे लग सकते हैं. अक्टूबर में पहाड़ी मौसम सुहावना रहता है, लेकिन शाम और सुबह हल्की ठंड महसूस हो सकती है. इसलिए बैग में एक हल्की जैकेट जरूर रखें.

ऋषिकेश 

तीन दिन की छुट्टी में ऋषिकेश भी आसानी से प्लान किया जा सकता है. दिल्ली से सड़क मार्ग से करीब 5 से 6 घंटे का सफर है. यहां गंगा किनारे समय बिताने के साथ घाट, कैफे और आसपास की जगहें घूम सकते हैं. यहां की ट्रिप आप 5 हजार रुपये में कर सकते हैं. अगर एडवेंचर पसंद है तो रिवर राफ्टिंग भी ऑप्शन है, लेकिन किसी भी एक्टिविटी से पहले उस दिन के मौसम और स्थानीय हालात की जानकारी जरूर लें.

कहां है नीमराना?

अगर सफर में ज्यादा समय नहीं लगाना चाहते तो नीमराना अच्छा ऑप्शन है. दिल्ली से यह करीब 2 से 3 घंटे की दूरी पर है और एक रात रुककर भी ट्रिप का मजा लिया जा सकता है.

आगरा

instagram-@tajmahal_photos

वहीं इतिहास और घूमने-फिरने का शौक है तो आगरा चुना जा सकता है. दिल्ली से आगरा का सफर करीब 3 से 4 घंटे में पूरा हो सकता है. आप यहां ताजमहल, फतेहपुर सिकरी, आगरा महल जैसी जगहें एक्सप्लोर कर सकते हैं. 

कम बजट में ऐसे प्लान करें छुट्टी

तीन दिन के ट्रिप का खर्च कम रखना है तो सबसे पहले ग्रुप बनाकर सफर करें. चार लोग साथ हों तो कार, कैब या फ्यूल का खर्च आपस में बांटा जा सकता है. होटल में महंगा कमरा लेने के बजाय बजट होटल या होमस्टे देखें और शुक्रवार की शाम निकलने के बजाय शनिवार सुबह जल्दी निकलने का ऑप्शन भी रखें. ट्रेन या बस से जाने पर ट्रांसपोर्ट का खर्च और कम हो सकता है. साथ ही पहले से होटल और टिकट बुक करने से आखिरी समय की महंगी बुकिंग से बचा जा सकता है.

इस लॉन्ग वीकेंड में असली मजा तभी आएगा जब पूरा समय रास्ते में बिताने के बजाय ऐसी जगह चुनी जाए, जहां पहुंचकर आराम से घूमने और सुकून लेने का वक्त भी मिले.