सहन नहीं हो रहा दांतों का दर्द तो इन घरेलू उपायों से पाएं राहत
दांत का दर्द अक्सर काफी तकलीफदेह होता है और इसका प्रभाव पूरे चेहरे और सिर में होता है। ऐसे में दांतों के दर्द से राहत के लिए आप इन घरेलू उपायों को आजमा सकते हैं।;
दांतों को साफ रखना हमारी सेहत के लिए बेहद जरूरी है। डेंटल हाइजीन न सिर्फ दांत और मुंह से संबंधित हैं, बल्कि दांतों का इंफेक्शन सीधा आपके हृदय तक पहुंच सकता है। कई बार दांतों का दर्द हमारे लिए मुसीबत बन जाता है। दांतों की सही तरह से देखरेख ना करना दांतों के दर्द का सबसे बड़ा कारण बनता है। दांतों की ठीक तरह से सफाई ना करना, दांतों पर पीलापन जमना, दांतों की सड़न, मसूड़ों की सूजन और दांतों की ऊपरी परत के क्षतिग्रस्त होने के कारण भी दांतों में दर्द रहने लगता है। दांत का दर्द अक्सर काफी तकलीफदेह होता है और इसका प्रभाव पूरे चेहरे और सिर में होता है। ऐसे में दांतों के दर्द से राहत के लिए आप इन घरेलू उपायों को आजमा सकते हैं।
गर्म पानी और नमक
दांतों की अच्छे से सफाई होती है तो दर्द भी कम होने लगता है। इसके लिए एक गिलास गर्म पानी में एक च्म्मच नमक डालकर मिला लें। इस पानी को अच्छे से मिक्स करें और मुंह में थोड़ा-थोड़ा रखकर कुल्ला कर लें। इससे दांतों के बीच में जमी गंदगी तो हटेगी ही, साथ ही गर्म पानी और नमक दांतों के दर्द को कम करने में असर दिखाएंगे।
ठंडी सिंकाई
इससे टिशू डैमेज से होने वाला दर्द भी कम होने लगता है। किसी रुमाल में बर्फ रखें और गाल पर लगाकर सिंकाई करें। इस ठंडी सिंकाई से दांतों का दर्द कम होने लगता है। 10-15 मिनट तक बर्फ से दांतों की सिंकाई की जा सकती है।
लहसुन से मिलेगा आराम
एंटीमाइक्रोबियल, एंटीबैक्टीरियल और एंटी-इंफ्लेमेटरी गुणों से भरपूर लहसुन दांत दर्द से राहत दिला सकता है। लहसुन (Garlic) में एलिसिन भी होता है जो ओरल हेल्थ को अच्छा रखता है। लहसुन को कूटकर दांतों के ऊपर रखें या फिर लहसुन के रस को दांतों पर मलें। दर्द कम होने में असर दिखने लगता है।
लौंग का तेल
दांतों के दर्द को कम करने के लिए दांतों पर लौंग का तेल लगाया जा सकता है। लौंग का तेल या फिर लौंग के पाउडर को दर्द वाले दांत पर रखने पर यह दर्द को खींचने लगता है। लौंग के तेल या पाउडर को रूई में लगाकर दांतों के बीच में दबाकर रखा जा सकता है।