कितने दिन की और कैसी होती है विपश्यना साधना, इस राज्य में मिलेंगी इतनी छुट्टियां
विपश्यना साधना एक प्राचीन ध्यान तकनीक है, जो मन को शांत करने और आत्मचिंतन के जरिए जीवन में संतुलन लाने में मदद करती है. आमतौर पर यह साधना 10 दिनों की होती है. अब छत्तीसगढ़ की सरकार इसके लिए पेड लीव दे रही है.
क्या है विपश्यना साधना
(Image Source: AI SORA )मानसिक शांति और आत्मचिंतन की खोज आज के दौर में पहले से ज्यादा जरूरी हो गई है. इसी जरूरत को समझते हुए छत्तीसगढ़ सरकार ने एक अहम फैसला लिया है. अब राज्य के सरकारी अधिकारी और कर्मचारी विपश्यना साधना कैंप में शामिल होने के लिए स्पेशल पेड लीव ले सकेंगे.
यह कदम न केवल मेंटल हेल्थ को बेहतर बनाने के लिए उठाया गया है, बल्कि वर्क एफिशिएंसी की दिशा में भी एक जरूरी पहल मानी जा रही है. लेकिन सवाल यह है कि आखिर विपश्यना साधना क्या है, इसकी शुरुआत कैसे हुई और इसमें कितने दिन लगते हैं?
छत्तीसगढ़ में कितनी छुट्टी मिलेगी?
- सरकारी वर्कर 10 दिन के विपश्यना कैंप में शामिल हो सकते हैं.
- हर शिविर के लिए उन्हें अधिकतम 12 दिन का स्पेशल लीव मिलेगी (यात्रा समय सहित).
- इस दौरान कर्मचारी ड्यूटी पर माने जाएंगे और उन्हें पूरी सैलरी भी मिलेगा.
- अपने पूरे करियर में कर्मचारी इस सर्विस का फायदा ज्यादा से ज्यादा 6 बार उठा सकते हैं.
छुट्टी लेने के लिए क्या हैं शर्तें?
- सरकार ने इस सुविधा के साथ कुछ शर्तें भी तय की हैं. अप्लाई करते समय विपश्यना केंद्र से एडमिशन लेटर देना जरूरी होगा.
- शिविर पूरा करने के बाद प्रमाण पत्र (Completion Certificate) जमा करना होगा.
- यदि प्रमाण पत्र नहीं दिया गया, तो छुट्टी दूसरी लीव में अडजस्ट कर दी जाएगी.
- यात्रा और अन्य खर्च कर्मचारी को खुद उठाने होंगे, सरकार इसकी भरपाई नहीं करेगी.
- आखिरी मंजूरी संबंधित विभाग द्वारा दी जाएगी, ताकि सरकारी काम प्रभावित न हो.
क्या है विपश्यना साधना?
विपश्यना एक प्राचीन ध्यान तकनीक है, जिसका मतलब 'वास्तविकता को जैसा है, वैसा देखना' है. यह सेल्फ ऑब्जर्वेशन के जरिए मन को शुद्ध करने की प्रक्रिया है. इस साधना का मकसद मन की अशांति, तनाव और दुख के मूल कारणों को समझकर उनसे मुक्ति पाना है. यह कोई धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि एक वैज्ञानिक और व्यावहारिक तरीका है, जिससे व्यक्ति अपने भीतर झांककर मानसिक संतुलन हासिल कर सकता है.
कैसे हुई विपश्यना की शुरुआत?
विपश्यना साधना की शुरुआत भारत में करीब 2500 साल पहले हुई थी. इसे भगवान गौतम बुद्ध ने पुनः खोजा था और लोगों को सिखाया. बुद्ध के समय में बड़ी संख्या में लोगों ने इस तकनीक को अपनाकर मानसिक शांति और जीवन में संतुलन हासिल किया. बाद में यह साधना भारत से निकलकर म्यांमार (बर्मा), श्रीलंका, थाईलैंड समेत कई देशों में फैली और वहां भी लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाई.
कितने दिन की होती है विपश्यना साधना?
आमतौर पर विपश्यना शिविर 10 दिनों का होता है, जिसे पूरी तरह आवासीय (Residential) रूप में आयोजित किया जाता है. इन 10 दिनों के दौरान साधकों को सख्त अनुशासन का पालन करना होता है, जिसमें मौन (Silence), सीमित भोजन, ध्यान और आत्मचिंतन शामिल होते हैं. यह प्रक्रिया धीरे-धीरे मन को शांत करने और गहराई से समझ विकसित करने में मदद करती है.
क्यों खास है यह पहल?
आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में मानसिक तनाव एक बड़ी समस्या बन चुका है. ऐसे में विपश्यना जैसी साधना न केवल व्यक्ति को भीतर से मजबूत बनाती है, बल्कि उसे बेहतर निर्णय लेने और कार्यक्षमता बढ़ाने में भी मदद करती है. छत्तीसगढ़ सरकार का यह कदम दिखाता है कि अब प्रशासन भी मानसिक स्वास्थ्य को उतनी ही गंभीरता से ले रहा है, जितना शारीरिक स्वास्थ्य को.