पिंजरे की कुंडी खोल उड़ा तोता, 4 दिन से तलाश रही महिला, आखिर क्यों ढूंढने वाले को 1 लाख रुपए देने को है तैयार
| गुजरात में एक महिला का छह महीने का प्यारा तोता पिंजरे की कुंडी खोलकर उड़ गया, जिसके बाद से वह उसकी तलाश में जुटी है. लड्डू को वापस पाने के लिए महिला ने 1 लाख रुपये का इनाम घोषित किया है.
किसी के लिए तोता सिर्फ एक पालतू पक्षी हो सकता है, लेकिन किसी परिवार के लिए वह घर का सदस्य और किसी की पूरी दुनिया भी बन सकता है. गुजरात के वडोदरा में रहने वाली जेसिका पारेख के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ है. उनका छह महीने का प्यारा तोता लड्डू अचानक घर से उड़ गया. उसे ढूंढने के लिए जेसिका ने दिन-रात एक कर दिया है. यहां तक कि उन्होंने तोते को वापस लाने वाले के लिए 1 लाख रुपये का इनाम भी घोषित कर दिया है.
सोशल मीडिया पर लड्डू की तस्वीर के साथ पोस्टर जारी किया गया है. हालांकि, चार दिन बीत जाने के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला है. इस बीच जेसिका के पास कई फोन आ रहे हैं, लेकिन कुछ लोग उनकी परेशानी समझने के बजाय उन्हें दूसरा तोता खरीदने की सलाह दे रहे हैं.
पिंजरे की कुंडी खोल उड़ गया तोता
यह घटना शनिवार शाम की है. वडोदरा के सेवासी इलाके में रहने वाली 35 साल की जेसिका पारेख अपने तोते को खाना खिला रही थीं. इसी दौरान घर की घंटी बजी. एक डिलीवरी वाला पार्सल लेकर आया था. जेसिका ने बताया कि शाम करीब 7 बजकर 24 मिनट पर वह पार्सल लेने के लिए कुछ देर बाहर गई थीं. उन्हें लगा कि लड्डू अपने पिंजरे में सुरक्षित है, लेकिन उन्हें अंदाजा नहीं था कि वह खुद पिंजरे की कुंडी खोलना जानता है. जेसिका के बाहर जाते ही लड्डू ने कुंडी खोली और मेन दरवाजे से उड़कर बाहर निकल गया. जब तक जेसिका कुछ समझ पातीं, वह उनकी आंखों से ओझल हो चुका था.
1 लाख रुपये का इनाम
लड्डू को ढूंढने के लिए जेसिका ने 1 लाख रुपये का इनाम घोषित किया है. इसके लिए उन्होंने एक पोस्टर भी जारी किया है, जिसमें तोते की तस्वीर लगाई गई है. उसकी पहचान उसके स्लेटी पंखों, काली चोंच और लाल पूंछ से की जा सकती है. पोस्टर में लड्डू को परिवार का अनमोल सदस्य और इकलौता बच्चा बताया गया है. साथ ही लोगों से अपील की गई है कि अगर उन्हें कहीं यह तोता दिखाई दे तो तुरंत परिवार को जानकारी दें.
वन विभाग ने किया कॉन्टैक्ट
लड्डू की तलाश में जेसिका ने पड़ोसियों, वन विभाग और पक्षियों को बचाने वाली टीमों से कॉन्टैक्ट किया है. उन्होंने सोशल मीडिया पर भी लोगों से मदद मांगी है. इस दौरान उन्हें कई फोन आए. कुछ लोगों ने तोते के बारे में जानकारी होने का दावा किया, तो कुछ ने इनाम की रकम से कम कीमत में दूसरा अफ्रीकन ग्रे तोता देने की पेशकश कर दी. हालांकि, जेसिका ने ऐसे लोगों को साफ जवाब दिया कि उन्हें कोई दूसरा पक्षी नहीं चाहिए. वह सिर्फ अपने लड्डू को वापस चाहती हैं. कुछ लोगों ने उन्हें ग्रे रंग के तोते की तस्वीरें भेजकर इनाम लेने की कोशिश भी की. इस पर जेसिका ने वीडियो भेजने को कहा. उनका कहना है कि उनके पास तोता पालने का लाइसेंस है और लड्डू के पैर में पहचान के लिए एक रिंग भी लगी है, जिससे वह उसे पहचान सकती हैं.
15 किलोमीटर से ज्यादा दूर नहीं जा सकता लड्डू
जेसिका को उम्मीद है कि लड्डू बहुत दूर नहीं गया होगा. उनके मुताबिक, वह अभी सिर्फ छह महीने का है और इतनी कम उम्र में वह करीब 15 किलोमीटर से ज्यादा उड़ान नहीं भर पाया होगा. उन्हें एक फार्महाउस के पास उसके होने की जानकारी भी मिली थी, लेकिन वहां तलाश करने पर भी वह नहीं मिला. जेसिका का कहना है कि लड्डू को शोर-शराबा पसंद नहीं है. घर में मेहमान आते थे तो वह बिल्कुल शांत होकर बैठ जाता था. ऐसे में उन्हें चिंता है कि दिवाली के पटाखों की आवाज से वह और ज्यादा डर गया होगा. जेसिका ने बताया कि घर में लड्डू को हमेशा पिंजरे में नहीं रखा जाता था. उसे खुला घूमने की आजादी थी, भले ही वह घर में चीजें गिरा देता या गंदगी कर देता.
क्या अब तक मिला लड्डू?
फिलहाल जेसिका को लाड्डू का कोई पक्का सुराग नहीं मिला है. वन विभाग ने भी भरोसा दिया है कि अगर पक्षी दिखाई देता है तो उसे पकड़ने में मदद की जाएगी. अब परिवार की उम्मीद उन लोगों पर टिकी है, जो कहीं इस खास दिखने वाले तोते को देखें और उसकी तस्वीर पहचानकर जानकारी दें. जेसिका का कहना है कि वह किसी सौदे या दूसरे तोते की तलाश में नहीं हैं. उन्हें बस अपना लाड्डू वापस चाहिए. उनके लिए वह पालतू पक्षी नहीं, बल्कि परिवार का बच्चा है.