पीएम मोदी से मिलीं Saayoni Ghosh, एक्स पर शेयर की पोस्ट, क्या ट्रोलिंग की वजह से बंद किया कमेंट सेक्शन?
सायोनी घोष ने पहली बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की और तस्वीरें-वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किए. पोस्ट के बाद कमेंट्स बंद करने पर सोशल मीडिया पर सवाल और प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं.
अभिनेत्री और सांसद सायोनी घोष ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से पहली बार मुलाकात की है. मुलाकात के बाद उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर तस्वीरें और वीडियो शेयर किए. सायोनी ने इस मुलाकात को “याद रखने वाला पल” बताया. सायोनी घोष ने पोस्ट में लिखा, “माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के साथ मेरी पहली मुलाकात. याद रखने वाला पल!”
उनकी पोस्ट में वह प्रधानमंत्री मोदी के साथ बातचीत करती नजर आईं. पोस्ट सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रियाएं भी आने लगीं. सायोनी घोष ने इस पोस्ट के बाद अपने कमेंट सेक्शन को बंद कर दिया. इसके बाद सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स ने सवाल उठाना शुरू कर दिया कि उन्होंने ऐसा क्यों किया.
सयोनी घोष ने क्यों बंद किया कमेंट बॉक्स?
‘इंडिया गठबंधन’ नाम के एक अकाउंट ने सायोनी घोष के पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा,"काम ऐसा करो कि कमेंट सेक्शन बंद करना पड़ जाए." इस अकाउंट ने सारकास्टिक होते हुए आगे लिखा कि जादवपुर से टीएमसी की बागी लोकसभा सांसद सयानी घोष ने पहली बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की हैं. लेकिन जनता को कमेंट में बधाई संदेश भी नहीं देने दे रही हैं. सांसद जी कमेंट बॉक्स से प्राइवेसी हटाइए जनता इस मुलाकात पर बधाई संदेश देना चाहती है.
TMC से अलग होकर NCPI में शामिल हुईं सायोनी
सायोनी घोष के प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात की चर्चा इसलिए भी ज्यादा हो रही है क्योंकि वह हाल ही में तृणमूल कांग्रेस से अलग हुए बागी सांसदों के गुट में शामिल हुई हैं. जून 2026 में TMC के 20 बागी सांसदों ने नेशनलिस्ट सिटिजंस पार्टी ऑफ इंडिया (NCPI) में विलय का ऐलान किया था. इस गुट में सायोनी घोष का नाम भी शामिल था. इसके बाद यह गुट NDA के साथ जुड़ा.
सायोनी घोष फरवरी 2021 में TMC में शामिल हुई थीं. इसके बाद उन्होंने तृणमूल युवा कांग्रेस की अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाली और 2024 में जादवपुर लोकसभा सीट से सांसद चुनी गईं. जून 2026 में TMC में बगावत के दौरान सायोनी घोष का नाम उन सांसदों में शामिल था, जिन्होंने पार्टी से अलग होकर NCPI के साथ जाने का फैसला किया.
कभी मोदी और BJP पर हमलावर रहती थीं सायोनी...
सायोनी घोष पहले TMC की प्रमुख नेताओं में थीं और केंद्र की BJP सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों की आलोचना करती रही हैं. मई 2026 में भी एक मामले में उन्होंने BJP नेता की ओर से कथित धमकी को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से कार्रवाई की मांग की थी.
अब TMC से अलग होकर NCPI में जाने और NDA के साथ जुड़ने के बाद उनकी राजनीतिक भूमिका में बदलाव चर्चा का विषय बना हुआ है. जुलाई 2026 में वह NDA संसदीय दल की बैठक में भी शामिल हुई थीं और संसद में केंद्र सरकार के एक विधेयक के समर्थन में अपनी बात रखने को लेकर चर्चा में रही थीं.
सोशल मीडिया पर क्यों हो रही चर्चा?
प्रधानमंत्री मोदी से पहली मुलाकात की तस्वीरें शेयर करने और कमेंट सेक्शन बंद करने के बाद सोशल मीडिया पर सायोनी घोष को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं. खास तौर पर उनके पुराने राजनीतिक रुख और हालिया राजनीतिक बदलाव को लेकर लोग सवाल उठा रहे हैं.
हालांकि, सोशल मीडिया पर चल रही ट्रोलिंग या कमेंट्स बंद करने के पीछे की वजह को लेकर सायोनी घोष की ओर से कोई स्पष्ट बयान सामने नहीं आया है. ऐसे में इस बारे में किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा.