Mumbai: BMC की कमान पहली बार बीजेपी के हाथ, कौन हैं ऋतु तावड़े जो बनने जा रहीं मुंबई की मेयर?
रतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नेता ऋतु तावड़े मुंबई की नई मेयर बनने जा रही हैं. वहीं डिप्टी मेयर के पद के लिए शिवसेना नेता संजय शंकर घाड़ी का नाम सामने आया है.;
Mumbai New Mayor: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नेता ऋतु तावड़े शनिवार को मुंबई में महायुति गठबंधन की मेयर पद की उम्मीदवार नामित होने के बाद भारत के सबसे धनी नगर निगम (बीएमसी) की अगली मेयर बनने के लिए तैयार हैं. इसके अलावा, शिवसेना नेता संजय शंकर घाड़ी को महायुति पार्टी का उप-मेयर पद का उम्मीदवार नामित किया गया है.
मेयर और डिप्टी मेयर के चुनाव 11 फरवरी को बीएमसी के हेडक्वार्टर में होने वाले हैं. क्योंकि महायुति के पास 227 सदस्यीय बीएमसी में स्पष्ट बहुमत है, ऐसे में तावड़े और घाड़ी बीएमसी के मेयर और डिप्टी मेयर बनने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं.
कौन हैं ऋतु तावड़े?
- ऋतु तावड़े बीजेपी की सीनियर लीडर हैं और भारत की फाइनेंशियल कैपिटल की तीन बार कॉर्पोरेटर रह चुकी हैं.
- वह पहली बार बीएमसी में 2012 में वार्ड नंबर 127 से चुनी गई थीं.
- 2017 में बीएमसी चुनाव में वार्ड नंबर 121 से वह दोबारा चुनी गईं.
- 2026 बीएमसी चुनाव जो 15 फरवरी को हुआ था, वह वार्ड नंबर 132 से चुनी गई थीं.
- इससे पहले वह बीएमसी एजुकेशन कमेटी की चेयर पर्सन रह चुकी हैं.
- तावड़े पहले कांग्रेस में थीं और 2012 में ही भाजपा में शामिल हुई थीं.
- रिपोर्ट्स के मुताबिक तावड़े ग्रासरूट लेवल पर काफी एक्टिव हैं. वह स्थानीय लोगों से जुड़ने के लिए भी मशहूर हैं.
कौन हैं डिप्टी मेयर के लिए चुने जाने वाले संजय घाड़ी?
- संजय घाड़ी शिवसेना के ऐसे नेताओं में गिने जाते हैं जिन्हें ग्रासरूट लेवल का अनुभव है.
- वह एमएनएस चीफ राज ठाकरे के करीबी माने जाते हैं.
- घाड़ी ने एमएनएस से चुनाव भी लड़ा था और वह पार्टी की स्थापना के साथ से ही ठाकरे के साथ रहे हैं. हालांकि, बाद में वह शिवसेना में शामिल हो गए
- संजय शंकर घाड़ी को मुंबई महानगरपालिका के कामकाज का अच्छा अनुभव है.
बीएमसी में किसका पलड़ा भारी है?
बीएमसी में भाजपा-शिव सेना गठबंधन को बढ़त हासिल है, जिसके पास 118 सीटें हैं, जो बहुमत के लिए आवश्यक 114 सीटों से चार अधिक हैं. राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के पास तीन सीटें हैं, और इन्हें जोड़ने पर महायुति गठबंधन की कुल सीटें 121 हो जाएंगी, एनसीपी सत्तारूढ़ गठबंधन का हिस्सा है, लेकिन उसने बीएमसी चुनाव अलग से लड़ा था.
वहीं दूसरी तरफ, उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिव सेना (यूबीटी) 65 सीटों के साथ दूसरी सबसे बड़ी पार्टी है. इसके बाद कांग्रेस 24 सीटों के साथ तीसरे स्थान पर है. राज ठाकरे की महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (एमएनएस) और एनसीपी (एसपी) के पास- छह और एक सीट है.
गौरतलब है कि कांग्रेस, एनसीपी (एसपी) और शिव सेना (यूबीटी) महा विकास अघाड़ी (एमवीए) का हिस्सा हैं. शिव सेना ने एमएनएस के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ा था, जबकि कांग्रेस और एनसीपी (एसपी) ने बीएमसी चुनाव में अकेले चुनाव लड़ा था.